पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
टोरंटो/रोम/बीजिंग/वॉशिंगटन. दुनियाभर में कोरोनावायरस से 1 लाख 39 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 5120 लोगों की मौत हो चुकी है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को अमेरिका में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित किया। ट्रम्प ने इस संकट से निपटने के लिए 50 बिलियन डॉलर के इमरजेंसी फंड की घोषणा की है। अमेरिकी सरकार का कोरोनावायरस के प्रकोप से निपटने में यह महत्वपूर्ण कदम है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक अमेरिका में अब तक 41 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1,740 से लोग संक्रमित पाए गए हैं। वहीं, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने शुक्रवार को चेतावनी दी कि यूरोप अब कोरोनोवायरस महामारी का केंद्र बन गया है।
डब्ल्यूएचओ के प्रमुख टेड्रोस गेब्रेसियोस ने संवाददाताओं को बताया कि इटली और यूरोप के अन्य देशों में कोरोनावायरस के मामले बढ़ते जा रहे हैं। चीन की तुलना में इस महादेश में कोरोनावायरस से ज्यादा संक्रमण और मौतों के मामले सामने आए हैं। इटली में कोरोनावायरस से मरने वालों का आंकड़ा शुक्रवार को 1,266 हो गया। यहां अब तक कुल 17,660 लोग संक्रमित पाए गए हैं।
एशिया में कोरोनावायरस
भारत में 82 मामले सामने आए
भारत में संक्रमण के अब तक 82 मामले सामने आ चुके हैं। इसमें भारत के 64, इटली के 16 और कनाडा के 1 नागरिक हैं। इस बीच दिल्ली और हरियाणा में कोरोना को महामारी घोषित कर दिया गया है। दिल्ली में 31 मार्च तक सभी सिनेमा हॉल बंद करने के निर्देश दिए हैं। जिन स्कूल और कॉलेजों में परीक्षाएं नहीं हो रही हैं, वे भी 31 तक बंद रहेंगे। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा, अगले आदेश तक दिल्ली में खेल से जुड़े सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। आईपीएल का भी कोई मैच नहीं होगा। साथ ही ऐसे कोई कार्यक्रम नहीं होंगे, जहां सैकड़ों-हजारों की संख्या में लोग इकट्ठा हों। एयर इंडिया ने 30 अप्रैल तक इटली, फ्रांस, जर्मनी, स्पेन, इजराइल, दक्षिण कोरिया और श्रीलंका के लिए उड़ानें रद्द कर दी हैं।

चीन में एक दिन संक्रमण के 8 नए मामले
एनएचके न्यूज ने चीन के स्वास्थ्य विभाग के हवाले से बताया कि गुरुवार को देश में केवल संक्रमण का 8 मामला दर्ज किया गया है। जनवरी के बाद से पहली बार यह आंकड़ा 10 के नीचे रहा। 8 में से 5 मामले वुहान शहर के हैं। नेशनल हेल्थ कमीशन ने शुक्रवार को घोषणा की कि देश में संक्रमण के 80,813 मामले हैं, जबकि 3176 लोगों की मौत हुई है।
द.कोरिया में 110 नए मामले सामने आए
कोरिया सेंटर फॉर डिजिज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (केसी) दक्षिण कोरिया में गुरुवार को संक्रमण के 110 नए मामले सामने आए। हांलाकि, गुरुवार को ही 177 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिली। यहां अब संक्रमितों की संख्या 7,979 हो गई है, जबकि 66 लोग मारे गए हैं।
ईरान और अफगानिस्तान से लगता अपना बॉर्डर बंद करेगा पाकिस्तान
कोरोनावायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए पाकिस्तान ने ईरान और अफगानिस्तान से लगता अपना बार्डर बंद करने का फैसला लिया है। 16 मार्च से दो हफ्ते के लिए आंशिक पाबंदी लगाई जाएगी। अफगानिस्तान में अभी तक संक्रमण के सात मामले सामने आ चुके हैं।

अफ्रीका में कोरोनावायरस
केन्या में पहला मामला मिला
पूर्वी अफ्रीकी देश केन्या में शुक्रवार को कोरोनावायरस के संक्रमण का पहला मामला सामने आया है। केन्या की राजधानी नैरोबी की 27 साल की युवती में इसकी पुष्टि हुई है। वह एक सप्ताह पहले ही लंदन होते हुए अमेरिका से लौटी है। स्वास्थ्य मंत्री मुथई काग्वे ने बताया कि युवती की हालत स्थिर है। अफ्रीका में 54 देशों में अब 14 देश ऐसे हैं जहां कोरोनावायरस के संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं।
यूरोप में कोरोना की स्थिति
इटली में मृतक संख्या एक हजार के पार
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, चीन के बाद कोरोनावायस का सबसे ज्यादा असर इटली और ईरान में ही देखा गया है। इटली में इलाज के बाद 1,258 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। इटली के मेडिकल स्टाफ के चीफ रॉबर्टो स्टेला की मंगलवार को कोरोनोवायरस से मौत हो गई। वह 67 साल के थे।

फ्रांस में भी स्कूल-कॉलेज बंद, अब तक 79 की मौत
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैकौं ने वैश्विक नेताओं से कोरोनावायरस के खिलाफ एक साथ मिलकर लड़ने की अपील की है। फ्रांस में अब तक संक्रमण के 3084 मामले सामने आए हैं, वहीं 79 की मौत हो चुकी है। यूरोप में फ्रांस दूसरा सबसे बड़ा प्रभावित देश है। देश में सोमवार से भी सभी स्कूलों और यूनिवर्सिटियों को बंद कर दिया गया है। मैकों ने एक जगह पर 100 से ज्यादा लोगों को जमा नहीं होने के लिए कहा है।

स्पेन की मंत्री कोरोनावायरस से संक्रमित
स्पेन की मंत्री इरेन मोंटेरो भी कोरोना की चपेट में आ गई है। सरकार ने गुरुवार को बताया कि इक्वैलिटी मिनिस्टर मोंटेरो कोरोनावायरस संक्रमण की जांच में पॉजिटिव पाई गई हैं। मोंटेरो को उनके एक साथी, उपप्रधानंत्री कार्मेन काल्वो और पॉडेमस पार्टी के नेता पैबलो इग्लेसियास के साथ क्वारैंटाइन में रखा गया है। इसके बाद सरकार के सभी मंत्रियों से कोरोनावायरस की जांच कराने के लिए कहा गया है। अभी तक स्पेन में 2,200 लोगों में कोरोनावायरस संक्रमण होने की पुष्टि हुई है और 55 लोगों की मौत हो चुकी है।

अमेरिका
एक महीने के लिए स्पोर्ट्स इवेंट रद्द
कोरोनावायरस के प्रभाव को देखते हुए अमेरिका में सभी स्कूलों, सांस्कृतिक संस्थाओं को बंद कर दिया गया है। स्पोर्ट्स इवेंट एक महीने के लिए रद्द कर दिए गए हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, अमेरिका में संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं। शुक्रवार सुबह तक संक्रमण का 1660 मामला सामने आ चुका है। महामारी से देश में 41 लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका के वॉशिंगटन में 31, कैलिफोर्निया में 4, फ्लोरिडा में 2 जॉर्जिया में 1, न्यूजर्सी में 1, साउथ डकोटा में 1, कनसास में 1 लोगों की मौत हुई है।
अमेरिका के सबसे ज्यादा प्रभावित 10 राज्य
| राज्य | संक्रमण | मौत |
| वॉशिंगटन | 420 | 31 |
| न्यूयॉर्क | 328 | 0 |
| कैलिफोर्निया | 252 | 4 |
| मैसाच्युसेट्स | 108 | 0 |
| कोलोराडो | 49 | 0 |
फ्लोरिडा | 45 | 0 |
| टेक्सास | 36 | 0 |
| इलिनॉय | 32 | 0 |
| जॉर्जिया | 31 | 1 |
| न्यू जर्सी | 29 | 1 |
| ओरेगॉन | 29 | 0 |
ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया के गृह मंत्री पीटर डटन भी कोरोनावायरस से संक्रमित पाए गए हैं। यहां संक्रमण का अब तक 302 मामला सामने आ चुका है, जबकि 1 युवक की मौत हुई है। प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने लोगों ने आग्रह किया है कि एक जगह 500 से ज्यादा लोग इकट्ठा न हो।
डिज्नी ने फ्लोरिडा और पेरिस के थीम पार्क बंद किए
डब्ल्यूचओ ने कोरोनावायरस को महामारी घोषित किया
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने बुधवार को कोरोनावारस को महामारी घोषित कर दिया। डब्ल्यूएचओ के प्रमुख टेड्रोस गेब्रेयोसियोस ने कहा कि कोरोना एक ही समय में दुनियाभर में फैल चुकी है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से महामारी को रोकने के लिए तत्काल और आक्रामक कार्रवाई करने की अपील की।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.