नववर्ष के जश्न पर इस बार भी कमोबेश काेरोना का साया बना रहा। लेकिन टीकाकरण की रफ्तार बढ़ने और कोविड प्रोटोकॉल की पालना के साथ दुनिया भर के लगभग 12 देशों में सार्वजनिक जश्न मनाया गया। इनमें ऑस्ट्रेलिया, रूस, ब्राजील, स्पेन शामिल हैं। हॉन्गकॉन्ग में 2019 के बाद इस बार पहली बार नए साल का सार्वजनिक जश्न मनाया गया।
अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में कुछ प्रतिबंधों के साथ टाइम्स स्क्वायर में जश्न की अनुमति दी गई। वैसे अमेरिका में लोग सार्वजनिक जश्न की मंजूरी नहीं मिलने के कारण निराश भी नजर आए। अधिकांश देशों में सार्वजनिक जश्न पर राेक भी रही। इस बीच कोरोना का नया वैरिएंट ओमिक्रॉन जहां से फैला यानी दक्षिण अफ्रीका में शुक्रवार को प्रमिबंधों को हटाने की घोषणा कर दी गई है।
दक्षिण अफ्रीकी सरकार का कहना है कि कोरोना की चौथी लहर अब धीमी पड़ चुकी है। पिछले एक सप्ताह के दौरान कोरोना के नए मामलों में 30 फीसदी तक की कमी दर्ज की गई है। उधर, जर्मनी के प्रमुख रोग विशेषज्ञ क्रिस्टियन ड्रॉस्टन का कहना है कि उनके देश में 2022 के अंत तक मामलों की संख्या में काफी कमी आएगी।
अमेरिका में एक दिन में ही लगभग 1000 फ्लाइट्स रद्द
कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण शुक्रवार को अमेरिका में एक ही दिन में लगभग एक हजार फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं। वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के अनुसार पिछले एक सप्ताह के दौरान अमेरिका में लगभग 5 हजार फ्लाइट्स रद्द की गई हैं। इससे लगभग एक करोड़ के ज्यादा लोग क्रिसमस और न्यू ईयर पर घर नहीं जा सके।
यहां जश्न: सिडनी में परंपरागत उत्साह
यहां रोक: लंदन में आतिशबाजी नहीं
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.