- Hindi News
- International
- Xi Jinping Galwan Valley Video| China President Xi Jinping Galwan Valley Video In CPC Meeting
चीन ने CCP मीटिंग में गलवान का वीडियो दिखाया:फौज के कमांडर को भी मीटिंग में बुलाया; उसे विंटर ओलिंपिक की मशाल भी सौंपी थी
चाइना कम्युनिस्ट पार्टी यानी CCP की 20वीं कांग्रेस रविवार को बीजिंग में शुरू हुई। राष्ट्रपति शी जिनपिंग के द ग्रेट हॉल में दाखिल होने के पहले उनके 10 साल के कार्यकाल का हिसाब-किताब एक वीडियो के जरिए मेंबर्स के सामने रखा गया।
हैरानी की बात यह है कि वीडियो के एक हिस्से में भारत और चीन के सैनिकों की जून 2020 में हुई हिंसक झड़प को भी दिखाया गया। यह झड़प लद्दाख की गलवान घाटी में हुई थी। इस मीटिंग में गलवान झड़प का हिस्सा रहे चीनी कमांडर की फाबाओ को भी बुलाया गया है। उसे पिछले साल विंटर ओलिंपिक रैली के टॉर्च रिले में भी शामिल किया गया था।
फरवरी में चीन में विंटर ओलिंपिक्स हुए थे। तब चीन ने की फाबाओ को टॉर्च बियरर बनाया था। भारत के साथ ही कुछ अन्य देशों ने भी इस हरकत पर ऐतराज जताया था।
10 साल का लेखाजोखा
- अंग्रेजी अखबार ‘द हिंदू’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बीजिंग के द ग्रेट हॉल ऑफ द पीपुल में करीब आधे घंटे का एक वीडियो चलाया गया। इसमें जिनपिंग सरकार के 10 साल के कामकाज का लेखाजोखा दिखाया गया।
- यह वीडियो जिनपिंग के हॉल में एंट्री करने से पहले प्ले किया गया। वीडियो में चीन के स्पेस प्रोग्राम, नए पैसेंजर जेट और कोविड की रोकथाम का जिक्र किया गया। इसी वीडियो के एक हिस्से में गलवान घाटी की हिंसक झड़प को भी दिखाया गया।
- वीडियो में पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) यानी चीन की सेना के कमांडर की फाबाओ को दोनों हाथ फैलाकर भारतीय सैनिकों को रोकने की कोशिश करते देखा जा सकता है।
- जिनपिंग जब भाषण दे रहे थे तब फाबाओ भी हॉल में मौजूद था। फरवरी में चीन में विंटर ओलिंपिक हुए थे। तब फाबाओ को टॉर्च बियरर यानी मशाल वाहक बनाया गया था। भारत ने इसके विरोध में ओपनिंग सेरेमनी का डिप्लोमैटिक बायकॉट कर दिया था।
20वीं कांग्रेस में पहुंचे राष्ट्रपति शी जिनपिंग। उन्होंने यहां ताइवान को ताकत से हथियाने की तरफ भी इशारा किया।
मारे गए सैनिकों की संख्या नहीं बताता चीन
- गलवान घाटी संघर्ष में भारत के 20 सैनिक शहीद हुए थे। भारत सरकार ने इसकी औपचारिक जानकारी साझा की थी। दूसरी तरफ, चीन ने कभी नहीं बताया कि उसके कितने सैनिक मारे गए थे।
- पिछले साल, ऑस्ट्रेलिया की न्यूज वेबसाइट 'द क्लैक्सन' ने अपनी एक इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्ट में में कहा था- पूर्वी लद्दाख में दोनों देशों के सैनिकों के बीच हुए हिंसक संघर्ष में चीन के 38 सैनिक मारे गए थे।
- इस खुलासे के कुछ दिन बाद ही अमेरिकी मैगजीन ‘द न्यूज वीक’ ने भी इस घटना पर रिपोर्ट पब्लिश की थी। इस रिपोर्ट में दावा किया गया था कि गलवान घाटी की उस हिंसक झड़प में चीन के 60 सैनिक मारे गए थे।
अमेरिकी मैग्जीन 'न्यूज वीक' ने भी पिछले साल एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी, जिसमें दावा किया गया था कि 15 जून को गलवान में हुई झड़प में 60 से ज्यादा चीनी सैनिक मारे गए।
CCP कांग्रेस की मीटिंग क्यों
- रविवार को शुरू हुई CCP की यह 20वीं कांग्रेस है। अमेरिका के बाद चीन दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी है। लिहाजा, इसकी लीडरशिप को लेकर भी लोग जानना चाहते हैं।
- इस दौरान पार्टी संविधान, पॉलिसी एजेंडा और लीडरशिप से जुड़े अहम फैसले बंद कमरों में लिए जाएंगे। दुनिया को सिर्फ उतनी ही जानकारी मिलती है, जितनी दी जाती है। सीक्रेसी लेवल बहुत हाई होता है।
- बैठक में मिलिट्री ऑफिसर्स, कुछ प्रोफेशनल्स और कथित तौर पर कुछ किसान भी शामिल होते हैं। इनके सामने सरकार पिछले 5 साल का रिपोर्ट कार्ड पेश करती है।
- कम्युनिस्ट पार्टी खुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बताती है। दावा किया जाता है कि इसके 9.6 करोड़ सदस्य हैं। जिनपिंग एक साथ तीन पदों पर हैं। पार्टी जनरल सेक्रेटरी, प्रेसिडेंट और मिलिट्री चीफ।