वॉशिंगटन. कोरोनावायरस ने शुक्रवार रात तक 183 देशों को चपेट में ले लिया। अब तक 11,179 लोगों की मौत हो चुकी है। 2 लाख 65 हजार 867 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। 90,630 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। पिछले 24 घंटे में इटली में रिकॉर्ड 627 लोगों की मौत हुई है। यहां 47021 लोग संक्रमित हैं और 4032 लोगों की मौत हो चुकी है। हालात यह हैं कि यहां लोगों के अंतिम संस्कार के लिए सेना लगाई गई है। उधर, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने पूरे देश को लॉकडाउन कर दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कैफे, पब, क्लब, रेस्टोरेंट, जिम और थिएटर अगले आदेश तक बंद रहेंगे।
अमेरिका : टोयोटा, होंडा और निसान ने प्रोडक्शन रोका
जापान की तीन बड़ी कार कंपनियों टोयोटा, होंडा और निसान ने अमेरिका स्थित अपने मैन्यूफैक्चरिंग में फिलहाल प्रोडक्शन रोक दिया है। टोयोटा के उत्तरी अमेरिका वाले प्लांट्स 23 मार्च से 3 अप्रैल, निसान के 20 मार्च से 6 अप्रैल जबकि होंडा के 23 मार्च से 29 मार्च तक बंद रहेंगे। यह जानकारी सीएनएन ने दी है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार शाम सभी 50 राज्यों के गर्वनरों से बातचीत की। सीएनएन के मुताबिक, कई गर्वनर ने ये शिकायत थी कि उनके पास पर्याप्त मेडिकल किट और दूसरी सुविधाएं नहीं पहुंच पाई हैं। ट्रम्प ने एक नई मेडिकल यूनिट भी बनाई है। इसमें देश के तमाम आला मेडिकल एक्सपर्ट्स शामिल किए गए हैं।
नासा ने आर्टेमिस मिशन रोका, 2 केंद्र बंद किए
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने अपने आर्टेमिस मिशन का काम फिलहाल रोक दिया है। इस मिशन के तहत अमेरिका को चांद पर दोबारा मनुष्य भेजने हैं। रॉकेट और कैप्सूल की टेस्टिंग को भी टाल दिया गया है। इसके अलावा अपने एक कर्मचारी के कोरोनावायरस से पॉजिटिव पाए जाने के बाद मिसिसिपी में स्टेनिस स्पेस सेंटर और लुसियाना में मिकॉड असेंबली सेंटर को भी बंद कर दिया है। नासा के प्रशासक जिम ब्राइडेनस्टीन ने ये जानकारी दी। स्टेनिस स्पेस सेंटर नासा का सबसे बड़ा रॉकेट इंजन टेस्टिंग सुविधा केंद्र है और नासा के खोज और एक्सप्लोरेशन मिशन में मिकॉड असेंबली सेंटर की बड़ी भूमिका है। इनके केंद्रों के बंद होने का मतलब है, स्पेस लॉन्च सिस्टम और ओरियॉन हार्डवेयर के काम पर रोक लग जाएगी।
फ्रांस: 1 लाख 30 हजार नागरिक दूसरे देशों में फंसे, सरकार ने कहा- सब्र करें
फ्रांस के करीब 1 लाख 30 हजार नागरिक दूसरे देशों में फंसे हुए हैं। सरकार मदद करना चाहती है लेकिन, ज्यादातर देशों ने यात्रा प्रतिबंध लगा रखे हैं। इसलिए ये लोग देश नहीं लौट पा रहे। विदेश मंत्री जेनलि ड्रियन ने शुक्रवार को कहा, “सरकार दूसरे देशों में फंसे अपने नागरिकों को जल्द से जल्द देश लाने के लिए तमाम कोशिशें कर रही है। लेकिन, उन्हें भी धैर्य का परिचय देना चाहिए। हम फिलहाल, इस स्थिति में नहीं हैं कि नागरिकों को वापस लाने की कोई तारीख बता सकें, लेकिन कोशिश जरूर कर रहे हैं।”
इटली : संक्रमण रोकने में सरकार विफल
एशियाई देश चीन से फैला कोरोनावायरस वहां अब बहुत हद काबू में है। शुक्रवार तक चीन में मौतों का आंकड़ा 3,245 था। जबकि, इटली में इसी दौरान 3,405 संक्रमित दम तोड़ चुके थे। सीएनएन के मुताबिक, इटली सरकार ने संक्रमण रोकने के जितने उपाय किए हैं, वो कारगर साबित नहीं हुए। सड़कों पर सेना तक तैनात कर दी गई, लेकिन संक्रमण कम नहीं हो रहा। अमेरिकी मीडिया का कहना है कि इटली के लोगों ने ऐहतियात बरती होते तो हालात इतने खराब नहीं होते।
ईरान : दुनिया के लिए डरने वाली खबर
स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता कियानोश जहानपुर ने गुरुवार रात एक ट्वीट किया। इसने दुनिया को सकते में डाल दिया। जहानपुर ने कहा, “यहां हर 10 मिनट में एक संक्रमित की मौत हो रही है। हर 50 मिनट में एक नया केस दर्ज हो रहा है।” राष्ट्रपति हसन रूहानी ने सख्त आदेश दिए हैं कि शुक्रवार से 15 दिन तक देश का कोई बाजार नहीं खुलेगा। शुक्रवार तक यहां पर संक्रमितों की संख्या 19,644 हो चुकी हैं। अब तक 1,433 लोगों की मौत भी हो चुकी है।
अर्जेंटीना : लॉकडाउन घोषित
शुक्रवार को राष्ट्रपति अर्ल्बेटो फर्नांडीज ने देश में लॉकडाउन घोषित कर दिया। लोगों के कहा गया है कि वो घर से बाहर न निकलें। सभी आपातकालीन सेवाओं को लॉकडाउन से अलग रखा गया है। रविवार को उन्होंने ब्यूनसआयर्स में कड़े प्रतिबंधों का ऐलान किया था। मरीजों को लॉकडाउन के दौरान निकलने की इजाजत दी गई है। लेकिन, जो लोग बिना किसी वाजिब वजह के घर से बाहर निकलेंगे उन्हें हिरासत में रखने के अलावा जुर्माना भी देना होगा। अर्जेंटीना में शुक्रवार तक 128 संक्रमित पाए गए। तीन लोगों की मौत हो चुकी है।
ब्रिटेन : 65000 रिटायर्ड डॉक्टर और नर्सों को वापस आने को कहा गया
ब्रिटेन के नेशनल हेल्थ सर्विस (एनएचएस) की ओर से 65000 रिटायर्ड नर्स और डॉक्टरों को वापस सर्विस पर आने के लिए कहा गया है। लंदन में जल्द ही लॉकडाउन घोषित किया जा सकता है। गुरुवार से यहां के लोकल ट्रेन नेटवर्क (ट्यूब नेटवर्क) के ज्यादातर स्टेशन बंद कर दिए गए हैं। वैसे भी यात्रियों की संख्या सिर्फ 10 फीसदी रह गई थी। देश के बाकी हिस्सों मे हालात की समीक्षा की जा रही है। ब्रिटेन में शादी में केवल पांच लोग ही मौजूद रहेंगे। चर्च ऑफ इंग्लैंड ने कहा है कि शादी में शामिल होने वाले लोगों में पुजारी, दुल्हन, दूल्हा और दो गवाह होंगे।
फ्रांस : कान्स फिल्म फेस्टिवल रद्द
फ्रांस में कोरोनावायरस का कहर जारी है। सरकार ने कई सैन्य टुकड़ियों को जिम्मा दिया है कि वो लॉकडाउन को सफल बनाएं। कुछ हद तक कामयाबी भी मिली। अब यहां के मशहूर कान्स फिल्म फेस्टिवल को भी रद्द कर दिया गया है। आयोजन समिति ने एक ट्वीट में यह जानकारी दी। यह समारोह 12 और 13 मई को आयोजित किया जाना था।
संक्रमण के चलते दैसो ने राफेल जेट्स का प्रोडक्शन रोका
भारतीय वायुसेना ने शुक्रवार को जानकारी दी है कि फ्रांस की दैसो एविएशन फैसिलिटी ने राफेल फाइटर जेट्स का प्रोडक्शन 31 मार्च तक रोक दिया है। हालांकि, इससे राफेल के पहली खेप की डिलीवरी डेट पर कोई असर नहीं पड़ेगा। पहली खेप मई में आनी है। वायुसेना ने बताया कि अगर यह लॉकडाउन लंबे समय तक जारी रहता है तो आगे आगे की खेप में देरी हो सकती है। बता दें कि वायुसेना के सैनिक फ्रांस के छह शहरों में ट्रेनिंग ले रहे हैं। भारत ने फ्रांस से 36 राफेल फाइटर जेट खरीदे हैं।
इजराइल : घर में रहें- ये अपील नहीं, अब आदेश है
प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने साफ कर दिया है कि पहले लोगों से जो घर में रहने की अपील की गई थी, उसे अब सख्त आदेश के तौर पर देखा जाए। उन्होंने कहा, “हर इजराइली की ये जिम्मेदारी है कि वो सरकार द्वारा जारी किए गए आदेशों का सख्ती से पालन करे। हमने सेना को भी आदेश दिया है कि वो लोगों के घरों में ही रहने की निगरानी करे और अगर कोई इसका पालन नहीं करता है तो उस पर सख्त कानूनी कार्रवाई करे। देश ने कई बार मुश्किल वक्त को मात दी है। अब समझदारी और संयम से चलने का समय है।”
पाकिस्तान : 58 करोड़ डॉलर की मदद देंगे एडीबी, वर्ल्ड बैंक
पाकिस्तान के योजना आयोग के अनुसार कोरोनोवायरस से लड़ने के लिए देश को वर्ल्ड बैंक 23.8 करोड डॉलर और एडीबी (एशियन डेवलपमेंट बैंक) 35 करोड़ डॉलर की मदद देगा। इसके अलावा अमेरिका ने भी 10 लाख डॉलर की सहायता को मंजूरी दी है। पाकिस्तान में कोरोनावायरस के संक्रमण के अब तक 481 मामले सामने आ चुके हैं। यहां अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा 238 मामले सिंध प्रांत से आए हैं। इसके बाद बलूचिस्तान में 81 पंजाब में 96, खैबर पख्तूनवा में 23 मामले सामने आए हैं। इस्लामाबाद सहित अन्य प्रांतों में भी कुछ लोग संक्रमित हुए हैं। सिंध की स्वास्थ्य मंत्री डॉ. अजरा फजल ने बताया कि यहां डॉक्टरों की कमी है। ऐसे में संक्रमण के मामले बढ़ना चिंताजनक है। जल्द ही दूसरी जगहों से डॉक्टर बुलाए जाएंगे। बता दें कि पाकिस्तान के क्वारैंटाइन सेंटरों का हाल बेहाल है। यहां डॉक्टरों और दवाइयों की भारी कमी है।
यूएन के वर्ल्ड फूड प्रोग्राम के अध्यक्ष भी कोरोना पॉजिटिव
संयुक्त राष्ट्र के वर्ल्ड फूड प्रोग्राम के अध्यक्ष डेविड बेस्ली को कोरोनावायरस से संक्रमित पाया गया है। बेस्ली ने कहा कि वह यह पता लगा रहे हैं कि बीते दिनों वह कितने लोगों से मिले थे। सभी को बताया जा रहा है ताकि वे सेल्फ क्वारैंटाइन हो जाएं और खुद की जांच कराएं। बेस्ली एक एक अमेरिकी राजनेता हैं। वह रिपब्लिकन पार्टी से 1995 से 1999 तक दक्षिण कैरोलिना के 113 वें गवर्नर भी रह चुके हैं।
नेशनल स्पेलिंग बी प्रतियोगिता टाली गई
अमेरिका में होने वाली नेशनल स्पेलिंग बी प्रतियोगिता टाल दी गई है। इस प्रतियोगिता में 500 प्रतिभागी हिस्सा लेते हैं, इसमें 15 साल या फिर उससे छोटी उम्र के युवाओं को मौका दिया जाता है। इस साल 24 मई को यह प्रतियोगिता मैरीलैंड के ऑक्सन हिल में होनी थी। पिछले साल की प्रतियोगिता में आठ प्रतिभागियों को विजयी घोषित किया गया था, इसमें सात भारतीय मूल के थे।
अपडेट्स
कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देश
देश | कुल मामले | मौत |
इटली | 47,021 | 4,032 |
चीन | 80,967 | 3,248 |
ईरान | 19,644 | 1,433 |
स्पेन | 20,412 | 1,041 |
अमेरिका | 14,549 | 218 |
फ्रांस | 10,995 | 372 |
ब्रिटेन | 3,269 | 184 |
नीदरलैंड्स | 2,994 | 106 |
जापान | 1,675 | 40 |
भारत | 250 | 4 |
इसी के साथ आप ये खबरें भी पढ़ सकते हैं...
चीनी मीडिया का दावा / कोरोनावायरस का पहला मरीज 17 नवंबर को ट्रेस हो गया था, लेकिन चीन ने 21 दिन बाद 8 दिसंबर को बताया
कहां से आया कोरोना? / चीन ने कहा- वुहान में पहला संक्रमित मिला, इसका मतलब यह नहीं कि वायरस यहीं से पनपा है
दुनिया के लिए सबक / एक महीने पहले चीन में कोरोना के रोज 1500 से 1900 केस आ रहे थे और 200 मौतें हो रही थीं, पिछले 24 घंटे में सिर्फ 11 केस और 13 मौतें
कोरोनावायरस यूरोप में / इटली का लोम्बार्डी दुनिया का नया वुहान बना, यहां अब तक 1200 से ज्यादा मौतें, एम्बुलेंस कम पड़ गईं, आईसीयू में मरीजों के लिए जगह नहीं
कोरोना से जंग / ग्राउंड रिपोर्ट: लेह में देश का पहला लॉकडाउन क्षेत्र, 28 दिन से 3 हजार लोग कैद; इलाज में जुटे डॉक्टर बोले- 10 घंटे विशेष ड्रेस में दम घुटता है
कोरोनावायरस से जंग / देश की 52 लैब में जांच हो रही; यहां तक सैंपल पहुंचाने में 10 घंटे लग रहे, 2 कोरियर एजेंसी काम कर रहीं
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.