दुनिया में कोरोनावायरस के अब तक 2 करोड़ 76 लाख 81 हजार 763 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 97 लाख 33 हजार 597 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 9 लाख 4 लोगों की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं। अमेरिका में संक्रमण के मामले 65 लाख से ज्यादा हो गए हैं। यहां अब तक 1 लाख 93 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है।
इन 10 देशों में कोरोना का असर सबसे ज्यादा
देश | संक्रमित | मौतें | ठीक हुए |
अमेरिका | 65,04,537 | 1,93,867 | 37,79,986 |
भारत | 43,67,436 | 73,923 | 33,96,027 |
ब्राजील | 41,62,073 | 1,27,464 | 33,55,564 |
रूस | 10,35,789 | 17,993 | 8,50,049 |
पेरू | 6,91,575 | 29,976 | 5,22,251 |
कोलंबिया | 6,71,848 | 21,615 | 5,29,279 |
साउथ अफ्रीका | 6,40,441 | 15,086 | 5,67,729 |
मैक्सिको | 6,37,509 | 67,781 | 4,46,715 |
स्पेन | 5,34,513 | 29,594 | उपलब्ध नहीं |
अर्जेंटीना | 4,88,007 | 10,129 | 3,57,388 |
'स्पूतनिक वी पब्लिक के लिए रिलीज
रूस ने अपनी कोरोना वैक्सीन 'स्पूतनिक वी' को पब्लिक के लिए रिलीज कर दिया है। यहां के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी है। हालांकि, अभी ये नहीं बताया है कि किस तरह से इसे लोगों तक पहुंचाया जाएगा। सरकार खुद टीकाकरण कार्यक्रम चलाएगी या फिर इसे मार्केट में उपलब्ध कराया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक मेडिकल रेगुलेटर रोजद्रावनजोर की लैब में क्वालिटी टेस्ट पास करने के बाद वैक्सीन को सिविल सर्कुलेशन के लिए जारी किया गया। 11 अगस्त को इस वैक्सीन को रजिस्टर्ड किया था। इसे रूस की गामलेया नेशनल रिसर्च सेंटर ऑफ इपिडेमियोलॉजी और रशियन डायरेक्ट इन्वेस्टमेंट फंड (आरडीआईएफ) ने मिलकर बनाया है। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने उम्मीद जताई कि कुछ ही महीनों में यहां बहुत से लोगों का टीकाकरण हो सकेगा। देश में कोरोना के 10 लाख 30 हजार 690 मामले आ चुके हैं।
भारत को भी मिल सकती है यह वैक्सीन
भारत सरकार की नजर भी रूसी वैक्सीन पर है। रूस से वैक्सीन के ट्रायल्स से जुड़ा डेटा मांगा गया था। हो सकता है कि ऑक्सफोर्ड/एस्ट्राजेनेका के वैक्सीन की ही तरह गामालेया के वैक्सीन का भी भारत में ट्रायल हो। इससे जल्द से जल्द वैक्सीन मिलने की संभावना बढ़ जाएगी। (पूरी खबर यहां पढ़ें)
अपडेट्स
अमेरिका: ट्रम्प बोले- वैक्सीन को लेकर भ्रम फैलाने पर माफी मांगे बाइडेन और हैरिस
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को कहा है कि जो बाइडेन और कमला हैरिस को अमेरिकी वैक्सीन को लेकर भ्रम फैलाने पर माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘बाइडेन मूर्ख आदमी हैं... आप जानते हैं। अमेरिका में सबसे कम मृत्युदर है। हम रिकॉर्ड टाइम में वैक्सीन का उत्पादन शुरू करेंगे। बाइडेन तो चाहते हैं कि ‘चाइनावायरस’ हमारे देश की इकोनॉमी बर्बाद कर दे। अमेरिका इस वायरस के सामने सरेंडर कर दे।’’
ट्रम्प ने कहा- हम कोरोना वैक्सीन को लेकर बहुत अच्छा काम किया है, ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था। इसकी वजह से बिडेन और हैरिस वैक्सीन को लेकर भ्रम फैला रहे हैं बेकार के बयान दे रहे हैं। यह देश के लिए खतरनाक है। हैरिस ने रविवार को सीएनएन को दिए इंटरव्यू में कहा था कि वह वैक्सीन को लेकर ट्रम्प की बातों पर भरोसा नहीं करती हैं।
इजराइल: 24 घंटे में रिकॉर्ड 3331 नए मामले
इजराइल में 24 घंटे में रिकॉर्ड 3331 नए मामले आए हैं। यहां जब से कोरोना फैला है तब से कभी एक दिन में इतने मामले नहीं आए। इससे पहले तीन सितंबर को 2991 मामले आए थे। देश में अब तक 1 लाख 33 हजार 975 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 1026 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में गंभीर मरीजों की संख्या 470 हो गई है और 1 लाख 5 हजार 455 लोग ठीक हो चुके हैं। यहां शाम 7 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक बाहर निकलने पर बैन है।
इटली: संक्रमितों की संख्या में कमी आई
इटली के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि यहां संक्रमितों की संख्या में कमी आई है। देश में 30 सितंबर तक कोरोना से चलते लगे प्रतिबंधों को बढ़ा दिया गया है। कुल संक्रमितों की संख्या 2 लाख 78 हजार 784 हो गई है। अब तक 35 हजार 553 की जान भी जा चुकी है।
ब्राजील: अब तक 1.27 लाख की मौत
ब्राजील में कोरोना संक्रमण के एक दिन में 10 हजार 273 नए मामले आए और 310 लोगों की जान गई। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अब तक 41 लाख 47 हजार 794 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 1 लाख 26 हजार 960 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां हफ्ते भर में 6 हजार लोगों ने दम तोड़ा है। देश में अब तक 33 लाख 55 हजार 564 लोग ठीक हो चुके हैं।
चीन: राष्ट्रपति जिनपिंग बोले, महामारी पर चीन ने जिम्मेदार रवैया दिखाया
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा है कि चीन ने कोरोना महामारी पर पारदर्शी तरीके से काम किया और जिम्मेदारी वाला रवैया अपनाया। जिनपिंग ने मंगलवार को महामारी के दौरान बेहतर काम करने वाले चार डॉक्टरों को सम्मानित किया।
चीन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में 24 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी गई है। देश में 85 हजार 134 लोग संक्रमित हुए हैं और 80 हजार 335 मरीज ठीक हो चुके हैं। अभी 175 लोग अस्पताल में भर्ती हैं, जिसमें दो की हालत गंभीर है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.