WHO के डायरेक्टर जनरल टेड्रोस एडेनहोम घ्रेब्रेसियस ने उन मुल्कों को चेतावनी दी है जो पाबंदियां हटाने में जल्दबाजी कर रहे हैं। WHO चीफ ने सोमवार रात कहा- हमारे सामने ऐसे मामले जिनमें डेल्टा समेत कोरोनावायरस के नए वैरिएंट्स तेजी से फैल रहे हैं। ऐसे में पाबंदियां हटाने की जल्दबाजी खतरनाक और विनाशकारी साबित हो सकती है। खासकर उन लोगों के लिए जिन्होंने अब तक वैक्सीनेशन नहीं कराया है।
ब्रिटेन में कोरोना के मामले एक बार फिर बढ़ने लगे हैं। बीते दिन यहां 5,341 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई और चार लोगों की मौत भी हुई। यहां मामलों में बढ़ोतरी के पीछे कोरोना का डेल्टा वैरिएंट बताया जा रहा है। यह सबसे पहले भारत में पाया गया था।
ब्रिटेन में बढ़ सकती है पाबंदियों की मियाद
ब्रिटेन के स्वास्थ्य सचिव मैट हैनॉक ने बताया कि यह वैरिएंट 40% ज्यादा तेजी से फैलता है। उन्होंने आशंका जताई कि अगर मामले ऐसे ही बढ़ते रहे तो 21 जून से अनलॉक के अगले चरण की योजना को टालना पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि हम डेटा की समीक्षा करने के बाद फैसला करेंगे कि अनलॉक को टालना है या फिर उसमें कुछ नए नियम जोड़ने हैं।
उधर, इजराइल में 12 से 16 साल के बच्चों को भी कोरोना की वैक्सीन का डोज देना शुरू कर दिया गया है। इजराइल ने इसके लिए अमेरिकी वैक्सीन फाइजर को इमरजेंसी यूज के लिए मंजूरी दी है। यहां कुल 55% आबादी को वैक्सीन के दोनों डोज दिए जा चुके हैं।
ब्रिटेन के बाद अनलॉक हुए देशों में केस बढ़ने शुरू
चीन में 3 से 17 साल तक के बच्चों के लिए वैक्सीन को मंजूरी
चीन में 3 से 17 साल तक की उम्र के बच्चों के लिए सिनोवैक बायोटेक के टीके को आपातकालीन मंजूरी दी गई है। तीन साल तक के बच्चों के टीके को मंजूरी देने वाला चीन दुनिया का पहला देश बन गया है। अभी तक चीन में 18 से ज्यादा उम्र वालों को ही टीका दिया जा रहा था। अमेरिका, ब्रिटेन, इजराइल, यूरोप और कुछ अन्य देशों में 12 से 16 साल की उम्र के किशोरों को टीका देने की शुरुआत हुई है। हालांकि, अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि किस आयु वर्ग को और कब चीन में इस टीके की पहली खुराक दी जाएगी।
बीते दिन दुनिया में 3.26 लाख केस
दुनिया में रविवार को 3 लाख 26 हजार 239 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस दौरान 7,666 लोगों की संक्रमण की वजह से मौत भी हुई। सबसे ज्यादा मामले भारत में सामने आए। यहां पिछले 24 घंटों में 1.01 लाख संक्रमितों की पुष्टि हुई और 2,445 लोगों की जान गई।
अब तक 17.40 करोड़ केस
दुनिया में अब तक 17.40 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 37.43 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है, जबकि 15.73 करोड़ लोगों ने कोरोना को मात दी है। फिलहाल 1.32 करोड़ लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें 1.31 करोड़ लोगों में कोरोना के हल्के लक्षण हैं और 87,236 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
टॉप-10 देश, जहां अब तक सबसे ज्यादा लोग संक्रमित हुए
देश | संक्रमित | मौतें | ठीक हुए |
अमेरिका | 34,210,782 | 612,366 | 28,122,737 |
भारत | 28,909,604 | 349,229 | 27,150,727 |
ब्राजील | 16,947,062 | 473,495 | 15,342,286 |
फ्रांस | 5,712,753 | 109,998 | 5,409,110 |
तुर्की | 5,287,980 | 48,164 | 5,160,774 |
रूस | 5,126,437 | 123,787 | 4,736,446 |
ब्रिटेन | 4,516,892 | 127,840 | 4,275,093 |
इटली | 4,232,428 | 126,523 | 3,913,633 |
अर्जेंटीना | 3,955,439 | 81,214 | 3,529,033 |
जर्मनी | 3,708,779 | 89,851 | 3,538,000 |
(ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus/ के मुताबिक हैं)
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.