• Hindi News
  • International
  • Coronavirus Outbreak Vaccine Latest Update; USA Brazil Russia UK France Cases And Deaths From COVID 19 Virus

कोरोना दुनिया में:​​​​​​​जर्मनी में एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन लगवाने के बाद ब्लड क्लॉटिंग के 21 केस मिले, पाकिस्तान के राष्ट्रपति भी हुए पॉजिटिव

बर्लिन/इस्लामाबाद2 वर्ष पहले

जर्मनी में एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन लगवाने के बाद ब्लड क्लॉटिंग होने के 21 मामले सामने आए हैं। द पॉल एर्लिच इंस्टीट्यूट ने सोमवार को द एसोसिएटेड प्रेस को भेजे ईमेल में बताया कि खून के थक्के जमने से 7 लोगों की मौत भी हो गई है।

असामान्य रूप से सिर में खून के थक्के जमने को साइनस वेन थ्रोम्बोसिस कहा जाता है। इस तरह के कई मामले सामने आने के बाद यूरोपीय देशों ने इस महीने की शुरुआत में एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन के इस्तेमाल पर अस्थायी रोक लगा दी थी।

इसके बाद यूरोपियन यूनियन के मेडिकल रेगुलेटर EMA ने सिफारिश की थी कि वैक्सीन से होने वाले संभावित साइड इफेक्ट की जानकारी मरीजों और डॉक्टरों को दी जानी चाहिए। अब ज्यादातर देशों ने वैक्सीन का इस्तेमाल दोबारा शुरू कर दिया है।

पॉल एर्लिच इंस्टीट्यूट ने कहा कि सभी 21 केस 25 मार्च तक सामने आए हैं। इनमें 19 महिलाएं हैं, जिनकी उम्र 20 से 63 साल है। 2 पुरुषों की उम्र 36 और 57 साल है। 12 मरीजों के खून में प्लेटलेट्स गिरने की भी शिकायत आई। जर्मनी में अब तक 22 लाख से ज्यादा लोगों को एस्ट्राजेनेका वैक्सीन का पहला डोज लगाया जा चुका है।

पाकिस्तान के राष्ट्रपति अल्वी पॉजिटिव
पाकिस्तान के राष्ट्रपति डॉ. आरिफ अल्वी ने सोमवार को बताया कि उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनकी पत्नी समीना अल्वी भी पॉजिटिव हैं। दोनों इसी महीने चीन की वैक्सीन सिनोफार्म लगवा चुके हैं।

10 दिन पहले ही पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान भी संक्रमित हो गए थे। रिपोर्ट पॉजिटिव आने से दो दिन पहले उन्होंने भी वैक्सीन लगवाई थी। अल्वी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मैंने वैक्सीन का पहला डोज लिया है। एंटीबॉडी दूसरे डोज के बाद बननी शुरू होती है। यह एक सप्ताह बाद लगना है।

पाकिस्तान ने तीसरी लहर रोकने के लिए पाबंंदियां लगाईं
पाकिस्तान में एक बार फिर से कोरोना के मामलों में तेजी आई है। यहां तीसरी लहर का खतरा सरकार को सताने लगा है। ऐसे में पाकिस्तान सरकार ने फिर से पाबंंदियां लगानी शुरू कर दी हैं। शादी समारोह या अन्य कार्यक्रमों में अब ज्यादा लोगों की भीड़ नहीं जुट पाएगी।

प्लानिंग एंड डेवलपमेंट मंत्री असद उमर की अध्यक्षता में हुई बैठक में ये फैसला लिया गया। तय हुआ कि पाकिस्तान के जिन भी शहर में 8% से ज्यादा पॉजिटिविटी रेट होगा, वहां ये पाबंंदियां लागू होंगी।

पाकिस्तान में अभी हर दिन 4 हजार से ज्यादा केस सामने आ रहे हैं। 100 से 150 लोगों की मौत हो रही है। प्रधानमंत्री इमरान खान ने वीडियो संदेश जारी कर कहा है कि अब हालात खराब हो रहे हैं। अस्पताल भर चुके हैं। लोगों को सावधानी बरतनी होगी। फेस मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखना होगा।

फोटो पेरिस की है। यहां एक बार फिर से कोरोना मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। डॉक्टर्स और अस्पताल प्रशासन ने इसको लेकर चेतावनी जारी की है।
फोटो पेरिस की है। यहां एक बार फिर से कोरोना मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। डॉक्टर्स और अस्पताल प्रशासन ने इसको लेकर चेतावनी जारी की है।

37 देशों में कोरोना की तीसरी और चौथी लहर का डर
वैक्सीनेशन शुरू होने के बाद भी दुनियाभर में कोरोना का खतरा बढ़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटे के अंदर दुनियाभर में 5.80 लाख से ज्यादा नए मरीजों की पहचान हुई। 9812 लोगों ने जान गंवा दी। ये आंकड़े पिछले एक हफ्ते से लगातार बढ़ने लगे हैं। इसके पहले हर दिन 4 लाख से कम लोग संक्रमित पाए जा रहे थे।

नए मरीजों के बढ़ते रफ्तार को देखते हुए पाकिस्तान समेत 37 देशों में कोरोना की तीसरी और चौथी लहर का डर सताने लगा है। इसमें अमेरिका, ब्राजील, यूके, फ्रांस, जर्मनी, पोलैंड, इटली, यूक्रेन, स्पेन जैसे देश भी शामिल हैं। इनमें से कई देशों ने कोरोना की दूसरी, जबकि कुछ ने तीसरी लहर भी झेल ली है।

अमेरिका के फ्लोरिडा में युवाओं में तेजी से फैलने लगा वायरस
अमेरिका से चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है। इसके मुताबिक यहां फ्लोरिडा स्टेट में कोरोना वायरस एक बार फिर से तेजी से फैलने लगा है। हैरान करने वाली बात ये है कि इस बार सबसे ज्यादा असर युवाओं पर देखने को मिला है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यहां हर दिन अब 5 हजार से ज्यादा मरीज मिल रहे हैं। इसमें 8% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इन मरीजों में 80-90% लोगों की उम्र 40 साल से नीचे है।

कोरोना अपडेट्स

  • भारत ने नेपाल आर्मी को कोरोना वैक्सीन का एक लाख डोज गिफ्ट किया है। इसके पहले भी भारत सरकार की तरफ से 3.48 लाख से ज्यादा वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है।
  • वैक्सीनेशन के बाद अब अमेरिका के लोग ट्रैवल पर जोर देने लगे हैं। इसके लिए अमेरिकी सरकार ने गाइडलाइन जारी की है।
  • जर्मनी सरकार ने विदेश से आने वाले सभी लोगों के लिए कोविड-19 निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य कर दी है।
  • इटली सरकार उन हेल्थकेयर वर्कर्स के खिलाफ एक्शन लेने की तैयारी में है, जिन्होंने कोरोना के खिलाफ वैक्सीनेशन में हिस्सा लेने से मना कर दिया था।
फोटो पाकिस्तान के कराची शहर की है। यहां शादी समारोह में लोग बगैर फेस मास्क के निकल रहे हैं। अब सरकार ने इस पर पाबंदी लगा दी है।
फोटो पाकिस्तान के कराची शहर की है। यहां शादी समारोह में लोग बगैर फेस मास्क के निकल रहे हैं। अब सरकार ने इस पर पाबंदी लगा दी है।

रूस में गर्मी तक हर्ड इम्यूनिटी आ जाएगी
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने दावा किया है कि इस साल गर्मी तक देश के लोगों में हर्ड इम्यूनिटी आ जाएगी। पुतिन ने कहा कि अगर इसी रफ्तार से वैक्सीनेशन हुआ तो गर्मी तक 70% एडल्ट्स को वैक्सीन देने की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इससे लोगों में हर्ड इम्यूनिटी तैयार हो जाएगी।

अब तक 12 करोड़ लोग संक्रमित
दुनियाभर में अब तक 12.80 करोड़ से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 10.31 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 27.99 लाख मरीजों की मौत हो गई। 2.20 करोड़ मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। इनमें 93,661 मरीजों की हालत गंभीर है, जबकि 2.19 करोड़ मरीजों में कोरोना के हल्के लक्षण हैं।

टॉप-10 देश, जहां अब तक सबसे ज्यादा लोग संक्रमित हुए

देश

संक्रमितमौतेंठीक हुए
अमेरिका30,973,414562,58823,412,428
ब्राजील12,534,688312,29910,912,941
भारत12,092,615162,12311,390,063
रूस4,528,54398,0334,146,408
फ्रांस4,554,68394,956290,810
UK4,337,696126,6153,821,179
इटली3,544,957108,3502,870,614
स्पेन3,255,32475,0103,016,247
तुर्की3,208,17331,0762,957,093
जर्मनी2,789,75276,4942,494,800

(ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।)

खबरें और भी हैं...