नॉर्वे ने ब्रिटेन के लिए उड़ानों पर लगी रोक को तीन दिन के लिए बढ़ा दिया है। सरकार की ओर से आए बयान में कहा गया है ब्रिटेन से आने और जाने वाली उड़ानों का सस्पेंशन दो जनवरी तक बढ़ाया गया है। यह भी मुमकिन है कि पाबंदी को इस तारीख से भी आगे बढ़ा दिया जाए।
मिनिस्ट्री के मुताबिक, कोरोनो वायरस के नए स्ट्रेन को फैलने से रोकने के लिए यह फैसला किया गया है। इसी महीने ब्रिटेन ने बताया था कि देश में कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन का पता चला है। यह नया वैरिएंट SARS-CoV-2 70% तक ज्यादा तेजी से फैलता है। इसके बाद नॉर्वे समेत कई देशों ने ब्रिटेन से एयर ट्रैवल पर रोक लगा दी थी।
कमला हैरिस ने लाइव वैक्सीनेशन कराया
दुनिया में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 8.26 करोड़ के ज्यादा हो गया। 5 करोड़ 85 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 18 लाख 03 हजार से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं। अमेरिका की वाइस प्रेसिडेंट इलेक्ट कमला हैरिस ने मंगलवार को लाइव वैक्सीनेशन कराया। इसके पहले प्रेसिडेंट इलेक्ट जो बाइडेन भी वैक्सीनेशन करा चुके हैं।
वाइस प्रेसिडेंट माइक पेन्स और उनकी पत्नी भी वैक्सीनेशन करा चुके हैं। हालांकि, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अब तक वैक्सीनेशन नहीं कराया। कमला ने वॉशिंगटन के यूनाइटेड मेडिकल सेंटर में वैक्सीनेशन का पहला डोज लिया। बाद में कहा- मैं लोगों से अपील करती हूं कि वे वैक्सीन जरूर लगवाएं। यह हमारी सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। भरोसा कीजिए यह वैक्सीन बिल्कुल सेफ है।
चीन ने वर्कर्स को नए साल पर घर न जाने के लिए कहा
चीन ने कोरोना का फैलाव रोकने के लिए नए साल की छुट्टियों में लाखों प्रवासियों को सफर न करने की सलाह दी है। नेशनल हेल्थ कमीशन ने सीधे तौर पर तो इसके लिए मना नहीं किया, लेकिन फिर भी यह हैरान करने वाला फैसला है। फरवरी में चीन में मनाया जाने वाला न्यू ईयर सबसे बड़ा ट्रेडिशनल हॉलिडे है। यह साल का इकलौता मौका होता है जब वर्कर्स को परिवार से मिलने के लिए घर जाने का मौका मिलता है।
नेशनल हेल्थ कमीशन का कहना है कि सरकार छ़ुट्टी पर घर न जाने के लिए लोगों को मोटिवेट कर रही है। जो वर्कर ऐसा करते हैं, उन्हें ओवरटाइम दिया जाना चाहिए और दूसरे मौकों पर छुट्टी की पेशकश करनी चाहिए। चीन ने अपने यहां कोरोना वायरस पर काबू कर लिया है। यह दोबारा फैलने की आशंका से अधिकारी हाई अलर्ट पर हैं। इसके लिए टूरिस्टों को छुट्टी के दौरान राजधानी बीजिंग न आने के लिए कहा गया है।
फाइजर की वैक्सीन लगने के आठ दिन बाद अमेरिकी हेल्थ वर्कर संक्रमित
फाइजर की वैक्सीन लगवाने के आठ दिन बाद अमेरिका के एक हेल्थ वर्कर की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कैलिफोर्निया में रहने वाले इस शख्स का नाम मैथ्यू डब्ल्यू है। वह दो अस्पतालों में काम करता है। मैथ्यू ने 18 दिसंबर को वैक्सीन लगवाई थी। इसके बाद उसने सोशल मीडिया पर लिखा था कि उसे कोई साइड इफेक्ट नहीं हुआ है।
लोकल मीडिया के मुताबिक, क्रिसमस वाले दिन बुखार महसूस होने पर मैथ्यू ने 26 दिसंबर को टेस्ट कराया। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मैथ्यू के मुताबिक, अब वह बेहतर महसूस कर रहा है। हालांकि, इस खबर के सामने आने के बाद वैक्सीन से उम्मीद लगा रहे लोग हैरान हैं। वहीं, हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. क्रिश्चियन रेमर का कहना है कि यह बिल्कुल भी हैरान करने वाला नहीं है। वैक्सीन लगने से पहले भी मैथ्यू में वायरस हो सकता था।
फाइजर वैक्सीन के रेगुलेटर्स ने पाया है कि कोरोना वायरस के खिलाफ बेस्ट इम्युनिटी वैक्सीन का दूसरा डोज लेने के सात दिन बाद आती है। यह पहले डोज के तीन हफ्ते बाद दी जाती है। इसका मतलब है कि कोई शख्स जिसे वैक्सीन लग चुकी है, वह इस टाइम पीरियड में वायरस की चपेट में आ सकता है।
ब्रिटेन में हालात बिगड़े
ब्रिटेन में एक दिन में सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं। ‘द गार्डियन’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को देश में कुल 53 हजार 135 नए मामले सामने आए। इसके एक दिन पहले यानी सोमवार को 40 हजार मामले सामने आए थे। मंगलवार को जहां 53 हजार से ज्यादा मामले सामने आए तो इसी दौरान 414 लोगों की मौत भी हो गई। हेल्थ डिपार्टमेंट ने एक बयान में कहा- हम सिर्फ इतना कह सकते हैं कि क्रिसमस के बाद नया डेटा सामने आया है। इसमें कोई दो राय नहीं कि देश में संक्रमण बहुत तेजी से फैला है।
नए स्ट्रेन की अमेरिका में दस्तक
ब्रिटेन में पिछले हफ्ते पाए गए नए स्ट्रेन यानी कोविड-19 के नए वैरिएंट ने अब अमेरिका में भी दस्तक दे दी है। यहां कोलारेडो के एक अस्पताल में एक मरीज में नए स्ट्रेन के लक्षण मिले हैं। यह मामला सामने आने के बाद अमेरिकी एडमिनिस्ट्रेशन सतर्क हो गया है। अमेरिका में पहले ही हालात खराब हैं और नए स्ट्रेन के बारे में कहा जा रहा है कि यह पहले के मुकाबले ज्यादा तेजी से फैलता है। खास बात यह है कि कोलारेडो के जिस 20 साल के लड़के में नया स्ट्रेन पाया गया है उसकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। लिहाजा, हेल्थ अफसर यह मानकर चल रहे हैं कि ऐसे और भी मामले सामने आ सकते हैं।
पाकिस्तान में नए स्ट्रेन के तीन केस
ब्रिटेन में पाया गया नया स्ट्रेन अब ब्रिटेन तक पहुंच गया। यहां के सिंध प्रांत में तीन नए मरीजों में कोरोना के नए स्ट्रेन की पुष्टि हुई है। पाकिस्तान में संक्रमण की दूसरी लहर काफी घातक साबित हो रही है।
कोरोना प्रभावित टॉप-10 देशों में हालात
देश | संक्रमित | मौतें | ठीक हुए |
अमेरिका | 19,999,277 | 347,144 | 11,853,005 |
भारत | 10,264,426 | 148,719 | 9,856,158 |
ब्राजील | 7,577,890 | 192,981 | 6,647,538 |
रूस | 3,131,550 | 56,426 | 2,525,418 |
फ्रांस | 2,574,041 | 64,078 | 191,806 |
यूके | 2,432,888 | 72,548 | N/A |
तुर्की | 2,194,272 | 20,642 | 2,078,629 |
इटली | 2,083,689 | 73,604 | 1,445,690 |
स्पेन | 1,906,057 | 50,442 | N/A |
जर्मनी | 1,693,712 | 32,498 | 1,302,600 |
(आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं)
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.