भारत ने शनिवार को नए साल के मौके पर अफगानिस्तान को इंसानी मदद के तहत कोरोना वैक्सीन (COVAXIN) की 5 लाख डोज सौंपी है। विदेश मंत्रालय की तरफ से बताया गया है कि वैक्सीन की यह खेप काबुल स्थित इंदिरा गांधी अस्पताल को सौंप दी गई है। इसी के साथ आने वाले वक्त में 5 लाख वैक्सीन की एक और खेप अफगानिस्तान भेजी जाएगी। भारत में अफगान राजदूत फरीद मामुन्दजई ने इस इंसानी मदद के लिए भारत को धन्यवाद कहा है।
अन्य प्रमुख अपडेट्स...
अमेरिका में कोरोना ने तोड़ा रिकॉर्ड, पहली बार एक हफ्ते में 20 लाख से ज्यादा मामले मिले
ओमिक्रॉन संक्रमण की तेज रफ्तार के चलते अमेरिका में हालात बिगड़ रहे हैं। यहां मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। महामारी की शुरुआत से अब तक पहली बार अमेरिका में एक हफ्ते में 20 लाख से ज्यादा मामले मिले हैं।
साल के आखिरी हफ्ते में अमेरिका में 24.9 लाख केस मिले। इससे पहले जनवरी 2021 में 3 से 9 तारीख केबीच सबसे ज्यादा 1.7 लाख मामले मिले थे। ओमिक्रॉन मिलने से पहले नवंबर महीने में सिर्फ 25.5 लाख केस दर्ज हुए थे। ओमिक्रॉन वैरिएंट मिलने के बाद अमेरिका में रोजाना औसत 3.56 लाख मामले मिल रहे हैं।
पोप फ्रांसिस ने रद्द किया नए साल का कार्यक्रम
कोरोना और अब इसके नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का खतरा बढ़ता जा रहा है। नए साल के जश्न पर भी इसका असर देखा गया। दुनिया में पाबंदियों के साथ लोगों ने नए साल का स्वागत किया। हालांकि, वेटिकन सिटी में नए साल पर होने वाला जश्न पोप फ्रांसिस ने रद्द कर दिया। ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ के मुताबिक, वेटिकन के सेंट पीटर्स स्क्वायर पर नए साल का जश्न पोप फ्रांसिस ने इसलिए रद्द कर दिया, क्योंकि हर साल इस मौके पर हजारों लोग जुटते हैं और अगर इस साल भी ऐसा होता तो इससे संक्रमण बढ़ने का खतरा था। पोप नए साल की पूर्व संध्या पर सेंट पीटर्स स्क्वायर के नेटेविटी सीन पर जाते हैं। इस बार वे यहां नहीं गए।
एक परिवार के 11 लोग ओमिक्रॉन से संक्रमित
पाकिस्तान के कराची शहर में एक ही फैमिली के 11 लोग संक्रमित पाए गए। जब इस मामले की और जांच की गई तो पता लगा कि सभी 11 लोग ओमिक्रॉन से संक्रमित हैं। जियो न्यूज के मुताबिक, शुक्रवार को मुल्क में कुल 515 लोग संक्रमित पाए गए हैं। दो महीने बाद संक्रमितों की संख्या 500 के पार गई है। इसी दौरान 6 लोगों की मौत भी हुई। देश में अब तक कुल 28 हजार 927 लोग कोरोना के चलते जान गंवा चुके हैं। अस्पतालों में 633 संक्रमित भर्ती हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.