दुबई में 56 मंजिला बिल्डिंग पर प्लेन की लैंडिंग-टेकऑफ:सिर्फ 27 मीटर का रनवे; पायलट ने स्टंट से पहले 650 बार प्रैक्टिस की- देखें VIDEO
हेलिपैड की तरफ बढ़ते ल्यूक सेपेला। वो पोलैंड के नागरिक हैं।
दुनिया के एक बेहतरीन एयर रेसिंग चैम्पियन ने दुबई के बुर्ज अल अरब होटल की छत पर बने हेलिपैड पर प्लेन लैंडिंग की। यह 7 स्टार होटल है। इतना ही नहीं, उन्होंने स्मॉल एयरक्राफ्ट को लैंड कराने के बाद वहीं से हैरतअंगेज टेकऑफ भी किया।
बुर्ज अल अरब होटल की छत पर बना हेलिपैड। यहां 56 मंजिलें हैं।
जरा सोचिए, ये कितना खतरनाक काम था
इस रोंगटे खड़े करने वाले स्टंट को अंजाम देने वाले पायलट का नाम ल्यूक सेपेला है। वो पोलैंड के रहने वाले हैं। उन्होंने बुर्ज अल अरब जुमैरा होटल की छत पर बने हेलिपैड पर यह लैंडिंग की। इसका हेलिपैड किसी लॉन टेनिस के कोर्ट से भी छोटा है।
जरा सोचिए, दुनिया का सबसे छोटा कॉमर्शियल रनवे 400 मीटर का है और जिस रनवे पर ल्यूक ने अपना सिंगल इंजन एयरक्राफ्ट लैंड कराया, वो महज 27 मीटर लंबा है। 39 साल के ल्यूक ने कहा- इस लैंडिंग से पहले उन्होंने 650 प्रैक्टिस सेशन किए। इसके बावजूद फाइनल लैंडिंग तीसरे अटैम्प्ट में कर पाए।
बुर्ज अल अरब होटल की तरफ बढ़ता ल्यूक का स्मॉल एयरक्राफ्ट।
होटल की छत पर बने हेलिपैड पर लैंडिंग से पहले पायलट ल्यूक सेपेला।
चैलेंज और भी थे
- ल्यूक ने बाद में कहा- सबसे बड़ा चैलेंज तो यह था कि इस लैंडिंग के लिए मुझे एयर ट्रैफिक कंट्रोल के सिग्नल या कोई दूसरी फैसिलिटी नहीं मिली। ये फैसिलिटी तो हमें सिर्फ एयरपोर्ट पर मिलती है। आज तो हेलिपैड जैसे नजर ही नहीं आया, रेडियस भी बहुत कम था। मैंने अपनी काबिलियत का पूरा इस्तेमाल किया और बिल्कुल सही जगह लैंडिंग की। इसके बाद टेकऑफ करना और भी रोमांचक था।
- इस मामले में खास बात यह है कि इस प्लेन को खास इसी स्टंट के लिए अमेरिकी इंजीनियर माइक पेटे ने डिजाइन किया था। फ्यूल टैंक आगे की बजाय पीछे लगाया गया।
- इस हेलिपैड को खास बनाने के लिए 2005 में यहां रोजर फेडरर और आंद्रे अगासी ने टेनिस मैच भी खेला था। बुर्ज अल अरब जुमैरा 1999 में शुरू हुआ था। इसे बनाने में एक अरब डॉलर खर्च हुए। इस होटल में 199 एक्सक्लूसिव सुइट्स हैं। सबसे महंगे रूम का किराया 24 हजार डॉलर प्रतिदिन है।
बुर्ज अल अरब जुमैरा 1999 में शुरू हुआ था। इस पर 1 अरब डॉलर खर्च हुए।