न्यूजीलैंड में 7.1 तीव्रता का भूकंप:रिंग ऑफ फायर में मौजूद करमाडेक आईलैंड था केंद्र, अमेरिकी एजेंसी ने जारी की सुनामी की चेतावनी

वेलिंगटन3 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
ये 15 फरवरी को न्यूजीलैंड में आए भूकंप की फुटेज है। - Dainik Bhaskar
ये 15 फरवरी को न्यूजीलैंड में आए भूकंप की फुटेज है।

न्यूजीलैंड के करमाडेक आईलैंड में गुरुवार सुबह भूकंप आया। US जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक, रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7.1 रही। भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर अंदर था। हालांकि, नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) का कहना है कि तीव्रता 6.8 थी और केंद्र जमीन से 41 किलोमीटर नीचे था।

भूकंप के बाद USGS ने न्यूजीलैंड में सुनामी की वॉर्निंग जारी की थी। हालांकि, न्यूजीलैंड की नेशनल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी ने सुनामी का कोई खतरा नहीं होने की बात कही है। फिलहाल किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।

USGS की वेबसाइट से ली गई इस तस्वीर में पीले रंग के स्टार के जरिए भूकंप का केंद्र करमाडेट आईलैंड दिखाया गया है। ये न्यूजीलैंड के राउल आईलैंड से 197 किलोमीटर दूर है।
USGS की वेबसाइट से ली गई इस तस्वीर में पीले रंग के स्टार के जरिए भूकंप का केंद्र करमाडेट आईलैंड दिखाया गया है। ये न्यूजीलैंड के राउल आईलैंड से 197 किलोमीटर दूर है।

15 फरवरी को 6.1 तीव्रता का भूकंप आया था
15 फरवरी को न्यूजीलैंड में 6.1 तीव्रता का भूकंप आया था। राजधानी वेलिंगटन सहित ऑकलैंड और क्राइस्टचर्च शहर में लोगों ने करीब 30 सेकेंड झटके महसूस किए थे। इसका केंद्र परपरौमू शहर से 50 किलोमीटर दूर था। इसके कुछ ही देर बाद 4.0 तीव्रता का दूसरा झटका भी आया। इसका केंद्र साउथवेस्ट में तौमारुनुई शहर था। नुकसान की कोई खबर नहीं मिली थी।

न्यूजीलैंड में भूकंप आते रहते हैं, क्योंकि ये दो टेक्टोनिक प्लेटों के जंक्शन के पास स्थित है। न्यूजीलैंड के अलावा पापुआ न्यू गिनी, ताइवान, वनुआतू और दूसरे प्रशांत द्वीपों में भूकंप आने की आशंका हमेशा बनी रहती है। यह इलाका महासागर के चारों ओर भूकंपीय फॉल्ट लाइनों की एक घोड़े की नाल के आकार की श्रृंखला- रिंग ऑफ फायर, के करीब स्थित है।

क्या है रिंग ऑफ फायर और टेक्टोनिक प्लेट्स?
रिंग ऑफ फायर ऐसा इलाका है जहां कई कॉन्टिनेंटल के साथ ही ओशियनिक टेक्टोनिक प्लेट्स भी हैं। ये प्लेट्स आपस में टकराती हैं तो भूकंप आता है, सुनामी उठती है और ज्वालामुखी फटते हैं। दुनिया के 90% भूकंप इसी रिंग ऑफ फायर क्षेत्र में आते हैं। यह क्षेत्र 40 हजार किलोमीटर में फैला है। दुनिया में जितने सक्रिय ज्वालामुखी हैं, उनमें से 75% इसी क्षेत्र में हैं। 15 देश इस रिंग ऑफ फायर की जद में हैं।

कितने देशों में है रिंग ऑफ फायर का असर?
जापान, रूस, फिलिपींस, इंडोनेशिया, न्यूजीलैंड, अंटार्कटिका, कनाडा, अमेरिका, मैक्सिको, ग्वाटेमाला, कोस्टा रिका, पेरू, इक्वाडोर, चिली, बोलिविया।

दुनिया में हर साल 20,000 हजार भूकंप आते हैं
हर साल दुनिया में कई भूकंप आते हैं, लेकिन इनकी तीव्रता कम होती है। नेशनल अर्थक्वेक इंफोर्मेशन सेंटर हर साल करीब 20,000 भूकंप रिकॉर्ड करता है। इसमें से 100 भूकंप ऐसे होते हैं जिनसे नुकसान ज्यादा होता है। भूकंप कुछ सेकेंड या कुछ मिनट तक रहता है। अब तक के इतिहास में सबसे ज्यादा देर तक रहने वाला भूकंप 2004 में हिंद महासागर में आया था। यह भूकंप 10 मिनट तक रहा था।

ये खबर भी पढ़ें...

तुर्किये में फिर भूकंप, 6.4 आंकी गई तीव्रता:लेबनान, इजराइल तक महसूस हुए झटके, 10 सेकंड तक कांपी धरती

तुर्किये में सोमवार को एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.4 आंकी गई। झटके लेबनान और इजराइल तक महसूस हुए। स्थानीय समय के अनुसार रात करीब 8.30 बजे से 10 सेकंड तक झटके महसूस किए गए। पढ़ें पूरी खबर...

इंडोनेशिया में भूकंप से अब तक 268 की मौत, कई स्कूली बच्चों ने भी जान गंवाई

इंडोनेशिया के मुख्य आईलैंड जावा में सोमवार को आए भूकंप से अब तक कुल 268 लोगों की मौत हो चुकी है। 700 से ज्यादा लोग घायल हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मरने वालों में कई स्कूली बच्चे भी शामिल हैं। भूकंप में 2 हजार से ज्यादा घर तबाह हो गए। 13 हजार लोग बेघर हैं। अस्थाई कैंपों, पार्किंग और सड़कों पर ही घायलों का इलाज किया जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर...

नेपाल में देर रात 6.3 तीव्रता का भूकंप, 6 की मौत

पड़ोसी देश नेपाल में इसी साल 9 नवंबर की आधी रात 6.3 तीव्रता का भूकंप आया था। झटके भारत के दिल्ली, यूपी समेत उत्तर भारत के 5 राज्यों में भी महसूस किए गए। लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, नेपाल में भूकंप 9 नवंबर रात 1 बजकर 57 मिनट पर आया। एपिसेंटर नेपाल के मणिपुर में जमीन से 10 किमी नीचे था। पूरी खबर पढ़ें...