भास्कर अपडेट्स:महाराष्ट्र के ठाणे में केमिकल फैक्ट्री में लगी आग, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड

10 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

महाराष्ट्र के ठाणे पश्चिम में एक केमिकल फैक्ट्री में शनिवार देर रात में आग लग गई। यहां के वागले इंडस्ट्रियल एस्टेट के अंबिका नगर इलाके में एलपीजी सिलेंडर विस्फोट के बाद यह हादसा हुआ। मौके पर फायर ब्रिगेड पहुंच चुकी है। आग बुझाने का काम जारी है।

अन्य बड़ी खबरें...

स्पाइसजेट के गोरखपुर आ रहे विमान का विंडशील्ड टूटा, वापस मुंबई में करानी पड़ी लैंडिंग

स्पाइसजेट के विमान को वापस मुंबई में लैंड कराना पड़ा। बताया जा रहा है कि स्पाइसजेट के बोइंग 737 विमान SG-385 (मुंबई-गोरखपुर) संचालित करने के लिए निर्धारित था। क्रूज के दौरान विंडशील्ड का बाहरी शीशा टूटा हुआ देखा गया। इसके बाद पायलट इन कमांड (पीआईसी) ने वापस मुंबई लौटने का फैसला किया। एटीसी को अवगत करा दिया गया और विमान सुरक्षित रूप से मुंबई हवाई अड्डे पर उतर चुका है।

जैकलीन को मिली विदेश जाने की अनुमति, IIFA में शामिल होने अबू धाबी जा रही हैं

एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज को इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी अवार्ड (IIFA) में हिस्सा लेने के लिए अबू धाबी जाने की अनुमति मिल गई है। हालांकि, इसके लिए कुछ शर्तें भी हैं। एक्ट्रेस अबू धाबी में कहां ठहरगी, इसके जानकारी एजेंसी को देनी होगी। एक्ट्रेस 31 मई से 6 जून के बीच अबू धाबी की यात्रा कर सकती हैं। ईडी ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े मामले की जांच कर रही है। इसके चलते एजेंसी ने एक्ट्रेस के भारत छोड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया था।
जयपुर में हुई गैंगवार का लाइव VIDEO, पहले हाथ-पैर तोड़े फिर तीन गोलियां मारीं

पुलिस ने बताया कि बदमाशों ने बॉडी को बोयतावाला गांव में एक खाली में फेंक दिया
पुलिस ने बताया कि बदमाशों ने बॉडी को बोयतावाला गांव में एक खाली में फेंक दिया

जयपुर में हुई गैंगवार ने राजधानी में कानून व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। शहर में बढ़ते क्राइम ग्राफ का ही नतीजा है कि अपराधी अब मुंबई और दिल्ली की तर्ज पर यहां गैंगवार को अंजाम दे रहे हैं। करीब पांच दिन पहले ऐसी ही एक वारदात में कुछ बदमाशों ने दूसरी गैंग के एक बदमाश का मर्डर कर दिया। इस घटना में मारपीट के साथ फायरिंग भी हुई। अब इस घटना का CCTV फुटेज सामने आया है।

दरअसल, 23 मई को शहर के करधनी थाना क्षेत्र में गैंगवार में सनी सोनी का मर्डर हुआ था। सामने आए फुटेज में बदमाश सनी को बेरहमी से पीट रहे हैं। बदमाशों ने पहले उसके हाथ-पैर तोड़े। फिर तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी। इसके बाद वे शव को कार में डालकर ले गए। पुलिस ने बताया कि बदमाशों ने बॉडी को बोयतावाला गांव में एक खाली प्लाॅट में फेंक दिया। पढ़ें पूरी खबर...

तमिलनाडु में दिवंगत करुणानिधि की 16फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण, उपराष्ट्रपति और सीएम स्टालिन रहे मौजूद

एम करुणानिधि 5 बार तमिलनाडु के सीएम रहे हैं।
एम करुणानिधि 5 बार तमिलनाडु के सीएम रहे हैं।

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन ने शनिवार को पूर्व सीएम दिवंगत एम करुणानिधि की 16 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। करुणानिधि जी की यह प्रतिमा ओमानदुरार एस्टेट में स्थित मल्टी सुपर स्पेशियालिटी सरकारी अस्पताल के परिसर में लगाई गई है। एम करुणानिधि 5 बार तमिलनाडु के सीएम रहे हैं।

भारत ने एशिया कप हॉकी के सुपर- 4 के मुकाबले में जापान को 2-1 से हराया

इससे पहले भारत को लीग मैच में जापान ने 2-5 से हराया था।
इससे पहले भारत को लीग मैच में जापान ने 2-5 से हराया था।

भारत ने जापान को एशिया कप हॉकी के सुपर 4 के पहले मुकाबले में 2-1 से हरा दिया। भारत ने पहले क्वार्टर का खेल खत्म होने तक जापान पर 1-0 की बढ़त बना ली थी। भारत की तरफ से पहला गोल मनजीत सिंह ने किया था और टीम को अहम बढ़त दिलाई थी।

इसके दूसरे हाफ में 18वें मिनट में जापान को पेनाल्टी कार्नर मिला और इस टीम ने कोई गलती नहीं की। जापान के नेवा ने गोल करके स्कोर को एक-एक से बराबर कर दिया। इसके बाद दूसरे हाफ में कोई गोल भारत की तरफ से नहीं किया गया और हाफ टाइम तक दोनों का स्कोर एक-एक से बराबर रहा।

तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने जोरदार शुरुआत की और खेल के 34वें मिनट में पवन राजभर ने भारत के लिए दूसरा गोल दागकर टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। इससे पहले भारत को लीग मैच में जापान ने 2-5 से हराया था, भारत ने उस मुकाबले का भी बदला ले लिया।

अनंतनाग में सुरक्षाबलों ने 2 आतंकियों को मार गिराया, हथियार और गोला-बारूद भी बरामद

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के बिज बेहरा के शितिपोरा में हुए एनकाउंटर में सुरक्षाबलों ने 2 आतंकियों को मार गिराया है। कश्मीर पुलिस ने बताया कि आतंकियों के पास से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुआ है। अभी इलाके में सर्च ऑपरेशन चल रहा है। आईजी पुलिस विजय कुमार ने बताया कि मारे गए आतंकियों की पहचान इश्फाक अहमद गनी निवासी चकवांगुंड, अनंतनाग और यावर अयूब डार, निवासी डोगरीपोरा ,अवंतीपोरा के रूप में हुई है। ये दोनों आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के सदस्य थे। दोनों कई वारदातों में शामिल थे।

चेन्नई में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, पुलिस को सुसाइड का शक

स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर यह कदम उठाया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर यह कदम उठाया है।

चेन्नई के पोझीचलूर में एक ही परिवार के 4 सदस्य अपने ही घर में मृत पाए गए। मरने वालों में पति-पत्नी और उनके दो बच्चे शामिल हैं। पुलिस को शक है कि पति ने पहली अपनी पत्नी और दोनों बच्चों की हत्या की, फिर खुद भी सुसाइड कर ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर यह कदम उठाया है।

दिव्यांग को फ्लाइट में नहीं बैठाने के मामले में एक्शन, DGCA ने इंडिगो पर 5 लाख का जुर्माना लगाया

एयरलाइंस ने बताया कि बच्चा फ्लाइट में चढ़ने से डर रहा था, उसकी स्थिति और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरलाइंस ने यह फैसला लिया था।
एयरलाइंस ने बताया कि बच्चा फ्लाइट में चढ़ने से डर रहा था, उसकी स्थिति और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरलाइंस ने यह फैसला लिया था।

दिव्यांग बच्चे को फ्लाइट में नहीं बैठाने के मामले में DGCA ने इंडिगो पर 5 लाख का जुर्माना लगाया है। साथ ही इंडिगो एयरलाइंस को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है। 8 मई को इंडिगो ने रांची से हैदराबाद जा रही फ्लाइट से एक दिव्यांग बच्चे को उतार दिया था। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। बाद में एयरलाइंस ने बताया कि बच्चा फ्लाइट में चढ़ने से डर रहा था, उसकी स्थिति और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरलाइंस ने यह फैसला लिया था। पढ़ें पूरी खबर...

जम्मू से डोडा जा रही बस उधमपुर में पलटी, 25 लोग घायल

शुक्रवार को सेना की बस श्योक नदी में गिरने से 7 जवानों की मौत हो गई थी।
शुक्रवार को सेना की बस श्योक नदी में गिरने से 7 जवानों की मौत हो गई थी।

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के बट्‌टल बालियान इलाके में एक बस पलटने से 25 लोग घायल हो गए। बस जम्मू से डोडा जा रही थी। घायलों को उधमपुर में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 6 लोगों को जम्मू के सरकारी अस्पताल में रेफर किया गया है। शुक्रवार को सेना की बस श्योक नदी में गिरने से 7 जवानों की मौत हो गई थी।

AAP ने 2 राज्य सभा सदस्यों के नाम की घोषणा की
आम आदमी पार्टी ने संत बलबीर सिंह सींचेवाल और विक्रमजीत सिंह साहनी को राज्य सभा सदस्य के तौर पर नामित किया है। दोनों शख्सियत पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसकी घोषणा की।

चेन्नई में सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों की हत्या की, फिर कर ली खुदकुशी

चेन्नई में 42 वर्ष के सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों की लकड़ी काटने के आरे से हत्या करने के बाद उसी आरे से गला काटकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि घटना पल्लवरम के पोझीचलूर की है। मामले का पता तब चला जब पड़ोसी शक के बिनाह पर उनके घर गए और चारों के शव को खून से लथपथ देखा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची शंकरनगर पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू की। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, प्रतीत होता है कि व्यक्ति ने आर्थिक तंगी के कारण अपराध को अंजाम दिया। मृतकों की पहचान प्रकाश (42), उनकी पत्नी गायत्री (39) बेटी नित्या (13) और बेटे हरिकृष्णन (9) के रूप में हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए क्रोमपेट सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।

पश्चिम बंगाल में BSF ने भारत में घुसपैठ कर रहे 4 लोगों को किया गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के 24-परगना जिले में अवैध तरीके से इंटरनेशनल बॉर्डर पार करके आने वाले बांग्लादेशी नागरिकों को BSF ने गिरफ्तार कर लिया था। सभी ने भारत में घुसने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि सद्भाभावना और अच्छे रिश्तों के लिए उन्हें बांग्लादेश को वापस सौंप दिया गया है।

जिनपिंग-पुतिन के साथ वर्चुअल मंच पर दिखेंगे PM मोदी, 24 जून को BRICS में होंगे शामिल
BRICS सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन एक साथ वर्चुअल मंच पर दिखेंगे। सूत्रों के मुताबिक 24 जून को BRICS सम्मेलन प्रस्तावित है। यूक्रेन-रूस जंग के बाद यह पहला मौका होगा, जब रूस-चीन और भारत किसी एक मंच पर दिखेगा।

नोएडा में शार्ट सर्किट से ATM में लगी आग, फिर पूरी इमारत में फैल गई

नोएडा के थाना फेज 2 इलाके में बीती रात करीब 10 बजे एक ATM में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते ATM में लगी आग ने कुछ ही देर में पूरी बिल्डिंग को अपनी जद में ले लिया। आग पर काबू पाने ने लिए दमकल की 4 गाड़ियां लगी हैं। आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है। फिलहाल किसी के कोई हताहत होने की खबर नहीं है।

झारखंड मुक्ति मोर्चा ने लाभ के पद मामले में राज्यपाल को पत्र लिखा, पक्षकार बनाने का अनुरोध किया

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर लाभ के पद के मामले में उनकी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने राज्यपाल रमेश बैस को पत्र लिखा है। पत्र में पार्टी महासचिव विनोद पांडेय ने इस विवाद पर पार्टी को पक्षकार बनाए जाने का अनुरोध किया है। उन्होंने CM सोरेन की विधानसभा सदस्यता से जुड़े मामले में पार्टी को भी पक्ष बनाने का अनुरोध किया है।

फिल्म निर्माता बोनी कपूर से धोखाधड़ी, क्रेडिट कार्ड से की 3.82 लाख रुपए की खरीदारी

फिल्म निर्माता बोनी कपूर के क्रेडिट कार्ड से एक अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी करते हुए कुल 3.82 लाख रुपए की खरीदारी कर डाली। इस बारे में उनके (कपूर के) एक सहायक ने पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई है। मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। आरोपी ने कपूर के क्रेडिट कार्ड का विवरण और पासवर्ड हासिल कर नौ फरवरी को ऑनलाइन खरीदारी की थी।

शिकायत के मुताबिक, कपूर को इस धोखाधड़ी के बारे में तब पता चला जब उनके बैंक के एक अधिकारी ने क्रेडिट कार्ड के बिल के भुगतान के लिए 30 मार्च को उन्हें कॉल किया।