श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने अमेरिका में सेटल होने के लिए ग्रीन कार्ड के लिए अप्लाई किया है। पिछले महीने श्रीलंका में लोगों ने उनके इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार विरोधी प्रदर्शन किए थे, जिसके चलते वे देश से फरार हो गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी पत्नी और बेटा पहले ही अमेरिका में सेटल हो चुके हैं।
पत्नी पहले से अमेरिकी नागरिक हैं
श्रीलंकाई अखबार डेली मिरर ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि अमेरिका में राजपक्षे के वकीलों ने पिछले महीने ही उनके लिए ग्रीन कार्ड पाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उनकी पत्नी लोमा राजपक्षे पहले से अमेरिकी नागरिक हैं, इसलिए वे ग्रीन कार्ड के लिए अप्लाई कर सकते थे। गोटबाया के पास भी अमेरिकी नागरिकता थी, लेकिन 2019 में श्रीलंका के राष्ट्रपति चुनाव में भाग लेने के लिए उन्होंने अमेरिकी नागरिका छोड़ दी थी।
श्रीलंका से भागकर थाईलैंड पहुंचे हैं गोटबाया
राजपक्षे फिलहाल अपनी पत्नी के साथ बैंगकॉक के एक होटल में हैं। पहले वे नवंबर तक थाईलैंड में ही रहने वाले थे, लेकिन अब उन्होंने अपना प्लान कैंसिल कर दिया है। वे 25 अगस्त को ही श्रीलंका लौटने वाले हैं। उन्हें सुरक्षा कारणों से थाईलैंड में आजादी से रहने की इजाजत नहीं मिल रही है। यहां पुलिस ने उन्हें होटल से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है।
राजपक्षे ने श्रीलंका सेना से समय से पहले रिटायरमेंट लेकर इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की फील्ड में चले गए थे। इसके बाद 1998 में वे अमेरिका जाकर बस गए। 2005 में वे श्रीलंका लौटकर आए। गोटबाया के श्रीलंका लौटने के बाद पूर्व राष्ट्रपति होने के नाते उन्हें सरकार की तरफ से घर और सुरक्षा दिए जाने को लेकर कैबिनेट चर्चा करेगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.