दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 4.40 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 3 करोड़ 10 लाख 23 हजार 333 लोग रिकवर हो गए हैं। वहीं, 11.67 लाख लोगों की जान जा चुकी है। दुनियाभर में 24 घंटे में 2 लाख 50 हजार 164 मरीज मिले हैं और 3620 की मौत हुई है।
यूरोपीय देशों में कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इटली, फ्रांस और स्पेन में हर दिन संक्रमण के 15 हजार से ज्यादा मामले मिल रहे हैं। इटली में मंगलवार को 21,994 मामले सामने आए। यहां संक्रमितों की संख्या 5.64 लाख हो चुकी है, वहीं 37700 लोगों की जान जा चुकी है।
इन 10 देशों में कोरोना का असर सबसे ज्यादा
देश | संक्रमित | मौतें | ठीक हुए |
अमेरिका | 89,79,360 | 2,31,344 | 58,43,303 |
भारत | 79,78,972 | 1,19,871 | 72,42,995 |
ब्राजील | 54,15,671 | 1,57,528 | 48,65,930 |
रूस | 15,47,774 | 26,589 | 11,58,940 |
फ्रांस | 11,65,278 | 35,018 | 1,11,347 |
स्पेन | 11,56,498 | 35,031 | उपलब्ध नहीं |
अर्जेंटीना | 11,02,301 | 29,301 | 9,09,586 |
कोलंबिया | 10,25,052 | 30,348 | 9,24,044 |
ब्रिटेन | 9,17,575 | 45,365 | उपलब्ध नहीं |
मैक्सिको | 8,95,326 | 89,171 | 6,55,118 |
ब्रिटेन: मरने वालों की संख्या 61 हजार
ऑफिस फॉर नेशनल स्टैटिस्टिक्स (ONS) के नए डेटा के मुताबिक, ब्रिटेन में कोरोना से मरने वालों की संख्या 61 हजार हो चुकी है। मंगलवार को प्रकाशित आंकड़ों के अनुसार, इंग्लैंड और वेल्स में 16 अक्टूबर तक 54,609 मौतें हुईं, जो 24 अक्टूबर को रजिस्टर की गई।
जर्मनी: हर दिन 20 हजार केस मिलने की संभावना
न्यूज एजेंसी रायटर्स के मुताबिक, जर्मनी के इकोनॉमी मिनिस्टर पीटर अल्टमायर ने मंगलवार को कहा कि इस हफ्ते के अंत तक देश में हर दिन 20 हजार तक मामले मिल सकते हैं। सितंबर के अंत में जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल ने कहा था कि क्रिसमस तक हर दिन 19,200 मामले आ सकते हैं। यहां मंगलवार को 11,409 केस मिले। देश में 4.51 लाख मरीज मिल चुके हैं।
रूस: 16,550 नए केस
रूस में बुधवार से पब्लिक प्लेस, पब्लिक ट्रांसपोर्ट, पार्किंग में मास्क पहनना जरूरी कर दिया गया है। इसके साथ ही बार और रेस्टोरेंट सुबह 6 बजे से रात के 11 बजे तक ही खुले रहेंगे। देश में 24 घंटे में 16,550 नए मरीज मिले हैं और 320 की मौत हुई है। मरीजों की संख्या 15 लाख 47 हजार 774 हो गई है। 26,589 की जान जा चुकी है। वहीं, 11 लाख 58 हजार 940 लोग रिकवर हो चुके हैं। एक दिन पहले 17,347 मरीज मिले थे।
पुर्तगाल: पब्लिक प्लेस पर मास्क अनिवार्य
पुर्तगाल सरकार ने प्रतिबंधों को लेकर नया नियम जारी किया है। पब्लिक प्लेस पर यहां मास्क अनिवार्य कर दिया गया है। बुधवार से यह नियम जारी कर दिया जाएगा। 10 साल से ऊपर के सभी लोगों को इंडोर और आउटडोर प्लेसेज पर मास्क पहनना होगा। जो नियम का पालन नहीं करेंगे उन पर 590 डॉलर (43,476 रु.) का जुर्माना लगाया जाएगा। यह नियम 70 दिन तक लगा रहेगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.