भारतीय छात्रों को 1 महीने में मिलेगा स्टूडेंट वीजा:कई कैटेगरी में नहीं देना होगा वीसा इंटरव्यू, 1 लाख स्लॉट खाली होंगे

न्यूयॉर्क5 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

लेखक- मोहम्मद अली

अमेरिका जाने का सपना देखने वाले भारतीय छात्रों की राह आसान हो गई है। अब उन्हें वीसा पाने के लिए एक माह से अधिक का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वन-टू-वन इंटरव्यू के लिए भारतीयों को करीब 3 साल तक इंतजार करना पड़ता है। लेकिन अब अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने वीसा आवेदनकर्ताओं को इंटरव्यू में मिलने वाली छूट को बढ़ाने का एलान किया है।

अमेरिकी विदेश मंत्री ने 31 दिसंबर, 2023 तक कुछ वीसा श्रेणियों के अंतर्गत आने वाले लोगों को इंटरव्यू की छूट दे दी है। अमेरिका में बीते साल से यही व्यवस्था चली आ रही है, इससे वीसाधारकों की संख्या भी बढ़ी है।

2022 में 35 लाख को मिला बिना इंटरव्यू के वीसा

विदेश विभाग ने भास्कर को बताया कि इस छूट के बाद स्टूडेंट वीसा के लिए ज्यादा से ज्यादा 3-4 सप्ताह का इंतजार करना होगा। पहले उन्हें इंटरव्यू देना पड़ा था। अब उन्हें बिना इंटरव्यू के ही वीसा मिल जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, 2022 में 70 लाख वीसा जारी किए थे, इनमें से करीब 35 लाख आवेदनकर्ताओं को बिना इंटरव्यू के ही वीसा मिल गया। हालांकि, स्थानीय मांग के आधार पर दूतावासों को अभी भी वन-टू-वन इंटरव्यू करना आवश्यक हो सकता है।

भारत से हर साल बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स अमेरिका पढ़ाई करने जाते हैं।
भारत से हर साल बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स अमेरिका पढ़ाई करने जाते हैं।

1 लाख इंटरव्यू स्लॉट होंगे खाली

एक अधिकारी ने बताया कि भारत में 1 लाख इंटरव्यू स्लॉट खाली होंगे। ये टूरिस्ट वीसा पाने के इच्छुक लोगों के लिए बुक कर दिए जाएंगे। कोरोना महामारी के बाद से ही वीसा के लिए इंटरव्यू वेटिंग निरंतर बढ़ती जा रही है। कई सारे दूतावास स्टाफ की कमी से जूझ रहे हैं। अधिकारियों का दावा है कि 2023 से प्री-कोविड दौर की तरह ही वीसा जारी करने में तेजी दिखेगी।

माइग्रेशन पॉलिसी इंस्टिट्यूट में विश्लेषक जूलिया गेलैट ने कहा कि दूतावासों में होने वाली तैनाती से फिलहाल खास फर्क नहीं पड़ेगा, क्योंकि पहले तो नए स्टाफ को ट्रेनिंग देनी पड़ेगी। नई भाषा सिखानी पड़ेगी। लिहाजा, इस प्रक्रिया में समय लगेगा। विशेषज्ञों के मुताबिक, प्री-कोविड दौर की स्थिति में लौटने के लिए करीब छह महीने से एक साल का वक्त लग सकता है।