लंदन में रविवार को भारतीय हाई कमीशन में तोड़फोड़ की घटना का विरोध सोमवार को नई दिल्ली में किया गया। लंदन में खालिस्तान समर्थकों ने हाई कमीशन का तिरंगा उतार दिया था। नई दिल्ली में बड़ी तादाद में सिख ब्रिटिश हाई कमीशन के बाहर जुटे और खालिस्तानियों की हरकत का विरोध किया। उधर, अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में इंडियन कॉन्स्यूलेट पर हमला किया गया।
नई दिल्ली में ब्रिटिश हाई कमीशन के बाहर सिखों ने खालिस्तानियों के खिलाफ बैनर-पोस्टर लहराए और नारेबाजी की। कहा- भारत हमारा स्वाभिमान है। इन सिखों के मुताबिक- तिरंगे का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अब जानिए लंदन में क्या हुआ था
खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह के खिलाफ पंजाब पुलिस कार्रवाई कर रही है। रविवार को इसका विरोध लंदन में मौजूद कुछ खालिस्तान समर्थकों ने किया। खालिस्तानी लंदन में भारतीय हाई कमीशन पहुंचे। पहले तोड़फोड़ की और बाद में यहां लगा तिरंगा उतार दिया।
भारत ने इस पर सख्त ऐतराज जताया। दिल्ली में ब्रिटिश हाई कमिश्नर को तलब किया गया। इस बीच, हाई कमीशन पर अब पहले से ज्यादा बड़ा तिरंगा लगा दिया गया है।
लंदन में भारत के हाई कमीशन पहुंचे लोगों के हाथ में खालिस्तानी झंडा और अमृतपाल सिंह के पोस्टर थे। पोस्टर्स पर लिखा, 'फ्री अमृतपाल सिंह' (अमृतपाल सिंह को आजाद करो), 'वी वॉन्ट जस्टिस' (हमें न्याय चाहिए) और 'वी स्टैंड विथ अमृतपाल सिंह' (हम अमृतपाल के साथ हैं)।
और दिल्ली में सिखों ने कैसे जवाब दिया
नई दिल्ली में प्रदर्शन के लिए पहुंचे सिखों ने कहा- पाकिस्तान की बदनाम खुफिया एजेंसी ISI हमारे देश के अमन-चैन को तबाह करने की साजिश रच रही है। हमने हमेशा अपने तिरंगे का सम्मान किया है और लंदन में हुई हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन में शामिल एक युवा सिख ने कहा- लंदन में जो कुछ हुआ, हम उसका जवाब देने आए हैं। हम ये किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे। आज हम हजारों सिख अपने-अपने काम छोड़कर ये बताने आए हैं कि अपने तिरंगे का निरादर सहन नहीं करेंगे। वी लव अवर इंडिया- भारत माता की जय।
US में भी इंडियन कॉन्स्यूलेट पर हमला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक- लंदन के बाद अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में भी इंडियन कॉन्स्यूलेट पर हमला किया गया। रविवार को यहां भी खालिस्तान समर्थक जुटे। इन लोगों ने स्प्रे पेंट्स से अमृतपाल को रिहा करो.. लिख दिया। इन लोगों ने कॉन्स्यूलेट के गेट्स तोड़ दिए। वहां खालिस्तान के झंडे लगा दिए। भारतीय अमेरिकियों ने हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विदेश मंत्रालय ने विरोध जताया
भारत के विदेश मंत्रालय ने घटना सख्त विरोध जताया। कहा- हाई कमीशन के बाहर सुरक्षा क्यों नहीं थी। खालिस्तानी अंदर कैसे घुस गए। ब्रिटेन में हमारे डिप्लोमैट्स और ऐंबैसी की सुरक्षा को लेकर ब्रिटिश सरकार का यह रवैया बर्दाश्त के बाहर है। यह वियना कन्वेंशन के नियमों का उल्लंघन है। हमें उम्मीद है कि इस पर फौरन एक्शन लेते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
पहले लंदन में भारतीय हाई कमीशन के बाहर हुए हंगामे की 3 तस्वीरें...
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने नारेबाजी भी की
वायरल वीडियो में प्रदर्शनकारियों को नारेबाजी करते हुए भी सुना जा सकता है। वो भारत सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे हैं। लंदन में स्थित भारतीय हाई कमीशन के बाहर हुए हंगामे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, घटना के बाद भारत में ब्रिटिश हाई कमिश्नर एलेक्स एलिस ने इसकी निंदा की। उन्होंने कहा- यह सहन नहीं किया जाएगा। मैं ब्रिटेन में भारतीय हाई कमीशन के लोगों और परिसर में हुए हंगामे की निंदा करता हूं।
पुलिस अमृतपाल के 114 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी
दरअसल, पंजाब के अजनाला थाने पर हमले के आरोपी अमृतपाल को पकड़ने के लिए पुलिस ने पिछले तीन दिन से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में अभियान चला रखा है। रविवार को अमृतपाल के 34 और साथियों को गिरफ्तार किया। अब तक पुलिस 114 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। अमृतपाल के समर्थकों ने दावा किया कि उसे देर रात पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हालांकि, पुलिस ने इनकार कर दिया।
इंग्लैंड में बैठे खालिस्तानी का शागिर्द है अमृतपाल
पंजाब पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, अमृतपाल का नाम अवतार सिंह खंडा के साथ जुड़ रहा है। अवतार पाकिस्तान में छिपकर बैठे बब्बर खालसा के प्रमुख परमजीत सिंह पम्मा का खास है और ‘बब्बर खालसा UK’ को ऑपरेट करता है।
पुलिस को इनपुट मिले हैं कि बब्बर खालसा इन दिनों प्रोजेक्ट K2 पर काम कर रहा है। इसके तहत कश्मीर में भड़काऊ गतिविधियों के साथ-साथ पंजाब में एक बार फिर से खालिस्तान मूवमेंट खड़ी करने की साजिश है। पंजाब में खालिस्तान मूवमेंट को दोबारा जिंदा करने के मकसद से ही बब्बर खालसा इंटरनेशनल के प्रमुख परमजीत सिंह पम्मा और अवतार सिंह खंडा ने अमृतपाल को पंजाब भेजा था।
समझिए अजनाला थाने पर हमले का अमृतपाल कनेक्शन
खालिस्तान समर्थक संगठन 'वारिस पंजाब दे' के प्रमुख अमृतपाल की अगुआई में उसके हजारों समर्थकों ने 23 फरवरी 2023 को अमृतसर के अजनाला थाने पर हमला कर दिया था। इनके हाथों में बंदूकें और तलवारें थीं। ये लोग अमृतपाल के करीबी लवप्रीत सिंह तूफान की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे थे। हमले से दबाव में आई पंजाब पुलिस को लवप्रीत सिंह तूफान को रिहा करने का ऐलान करना पड़ा था। पूरी खबर यहां क्लिक कर पढ़ें...
ये खबर भी पढ़ें...
जालंधर DIG बोले- अमृतपाल का ISI कनेक्शन:आनंदपुर खालसा फोर्स नाम से आर्मी बना रहे थे; वकील का दावा- पुलिस की गिरफ्त में हैं अमृतपाल
अमृतपाल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दूसरे दिन भी राज्य में अभियान छेड़े हुए है। इधर, जालंधर रेंज के DIG स्वप्न शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमृतपाल के पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से कनेक्शन का खुलासा किया। ऐसे में अब इस केस में NIA की एंट्री हो सकती है। पढ़ें पूरी खबर...
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.