रूस-यूक्रेन युद्ध को आज 66 दिन हो चुके हैं। इस बीच ब्रिटेन ने दावा किया है कि यूक्रेन के पूर्वी डोनबास इलाके में रूसी सैनिकों को भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां के डोनेट्स्क और लुहांस्क में रूस ने फिर से सैनिकों को तैनाती किया है, वहां सैनिकों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
वहीं, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि यूक्रेन में हमारा स्पेशल मिलिट्री ऑपरेशन प्लान के मुताबिक चल रहा है। लावरोव ने अमेरिका और नाटो देशों पर यूक्रेन को टूल की तरह इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। सर्गेई ने कहा- ऐसा करके ये देश रूस को रोकना चाहते हैं। अगर उन्हें यूक्रेन मसले का समाधान चाहिए, तो सबसे पहले कीव को हथियारों की सप्लाई रोक देनी चाहिए।
पेंटागन का दावा- सात देशों की 20 फ्लाइट्स यूक्रेन की मदद के लिए पहुंचीं
अमेरिकी रक्षा मुख्यालय पेंटागन ने कहा कि पिछले 24 घंटों में यूक्रेन की मदद के लिए भारी मात्रा में सैन्य हथियार और उपकरण पूर्वी यूरोप पहुंचे हैं। यह सब सात देशों की 20 फ्लाइट्स से पहुंचे हैं। एक वरिष्ठ अमेरिकी रक्षा अधिकारी ने कहा कि अमेरिकी हथियार, रॉकेट, छोटे हथियारों के गोला-बारूद और अन्य देशों के हेलमेट भी भेजे गए हैं।
शनिवार को एक दर्जन से अधिक अतिरिक्त फ्लाइट्स से अमेरिकी तोपखाने, रडार सिस्टम और फीनिक्स घोस्ट ड्रोन यूक्रेन की मदद को पहुंचेंगे।
जंग के अपडेट्स…
कीव में 900 लोगों की सामूहिक कब्र मिली
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि कीव में लगभग 900 लोगों की एक सामूहिक कब्र मिली है। पोलिश मीडिया के साथ एक साक्षात्कार में जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेनी कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने रूसी कब्जे वाले क्षेत्र के एक हिस्से में एक और बड़ी सामूहिक कब्र की खोज की है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने दावा किया कि सरकार का अनुमान है कि युद्ध के दौरान लगभग 5 लाख यूक्रेनी नागरिकों को अवैध रूप से रूस भेज दिया गया था। कोई नहीं जानता कि कितने लोग मारे गए हैं।
रूस ने एंटी-टैंक माइन से यूक्रेन पर किया हमला
रूस ने घातक एंटी-टैंक माइन से यूक्रेन पर हमला बोल दिया है। यह स्मार्ट-माइन 100 फीट ऊंचाई से हमला करती है। इसका इस्तेमाल पहले कभी किसी जंग में नहीं किया गया है। यह स्मार्ट-माइन 100 मीटर के दायरे में आए अपने टारगेट को डिटेक्ट कर लेती है। इसके बाद हवा में 100 फीट की ऊंचाई पर जाकर दुश्मनों पर फायर कर देती है। माइन को इस तरह से सेट किया गया है कि दुश्मनों के करीब आते ही ये उन पर ऑटोमैटिकली हमला करती है। बख्तरबंद वाहनों के बुर्ज (turrets) में पतली परत होती है, जिसे स्मार्ट-माइन डिटेक्ट करती है। इसमें सेंसर भी लगे होते हैं, जो वाहनों के मूवमेंट और वाइब्रेशन को रिकॉर्ड करते हैं।
पुतिन ने इस माइन को 2020 में दुनिया के सामने पेश किया था। ये अमेरिका की एम -93 हॉर्नेट वाइड-एरिया म्युनिशन की तरह है।
यूरोपीय संघ बोला- रूसी तेल पर प्रतिबंध लगाने की चर्चा से लाभ हुआ
यूरोपीय संघ के राजनयिक रूसी तेल के संभावित प्रतिबंध पर बातचीत का नेतृत्व कर रहे हैं। जर्मनी द्वारा अपना रुख नरम करने के बाद इस सप्ताह कटऑफ की गति बढ़ रही है। रूसी तेल प्रतिबंध के की चर्चा से युद्ध के शुरुआती दिनों की अपेक्षा एक महत्वपूर्ण बदलाव आया है, लेकिन इसे रूस की अर्थव्यवस्था के एक तम्बू को कम करने के लिए तेजी से महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि युद्ध अब तीसरे महीने में प्रवेश कर रहा है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव की यात्रा के दौरान भी हमला
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस की यात्रा के दौरान भी रूस का यूक्रेन पर हमला जारी रहा। जिस समय गुटेरेस यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से मिले रहे थे, उसी समय पांच रूसी मिसाइलों ने कीव पर हमला किया था, जिससे पूरी राजधानी हिल गई थी। रूस के हमले से कीव का एक हथियार कारखाना भी नष्ट हो गया है।
पेंटागन प्रवक्ता जॉन किर्बी बोले- पुतिन सबसे भ्रष्ट
पेंटागन के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन को सबसे भ्रष्ट बताया। एक संवाददाता सम्मेलन में किर्बी से पूछा गया कि क्या पुतिन एक अभिनेता हैं? इस पर उन्होंने कहा कि यह देखना कठिन है कि यूक्रेन में 2 महीने से ज्यादा समय से चल रहे युद्ध के बाद रूसी सेना क्या कर रही है। युद्ध के मैदान के दृश्य को देखना मुश्किल है।
रूसियों ने खार्किव क्षेत्र में डॉक्टर को गोली मार दी
खार्किव क्षेत्र के हुसारिवका गांव में रूसियों ने 27 साल के एक युवक को पहले प्रताड़ित किया, फिर उसकी गोली मार कर हत्या कर दी। उसकी पहचान डॉक्टर के तौर पर हुई है। वह हमले में घायल होने वाले लोगों का इलाज कर रहा था। उनके शरीर पर कई घाव हैं, सिर, घुटने और पैर में चोट लगी है। सीने में गोली लगी है।
रूस-यूक्रेन युद्ध की ये महत्वपूर्ण खबरें भी पढ़ें...
रूसी अरबपतियों की संपत्ति सीज करेंगे बाइडेन, अमेरिकी राष्ट्रपति बोले- इसका पैसा यूक्रेन को देंगे
रूस-यूक्रेन के बीच जारी जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने रूसी अरबपतियों की संपत्ति को लेकर बड़ा बयान दिया है। बाइडेन ने गुरुवार को व्हाइट हाउस के एक संबोधन में कहा कि हम अमेरिका में मौजूद रूसी अरबपतियों के लग्जरी होम और याट सीज करेंगे, उनकी गलत कमाई भी हड़प लेंगे। बाइडेन के मुताबिक, जब्त की गई संपत्ति को यूक्रेन के रिकंस्ट्रक्शन में इस्तेमाल किया जाएगा। इसके लिए बाइडेन अमेरिकी संसद में एक प्रस्ताव भी पेश करने वाले हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें
पुतिन ने दी परमाणु हमले की धमकी, कहा- किसी ने यूक्रेन में दखल दिया तो बर्दाश्त नहीं करेंगे
यूक्रेन युद्ध के दो महीने गुजरने के बाद भी युद्ध की तपिश कम नहीं हो रही है, बल्कि दुनिया पर परमाणु हमले का संकट गहराता जा रहा है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने इशारों में पश्चिमी देशों को परमाणु हमले की धमकी दी है। पुतिन का इशारा इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल सरमट की तरफ था। पूरी खबर यहां पढ़े
पुतिन-UN महासचिव की बैठक पर बने मीम्स; 82 लाख रुपए की टेबल में जड़ी हैं सोने की पत्तियां
एक तरफ रूस-यूक्रेन युद्ध चल रहा है और दूसरी तरफ पुतिन की शाही सफेद टेबल दुनियाभर में आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। हाल ही में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने यूक्रेन के मुद्दे पर संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से बातचीत करने के लिए मीटिंग में अपनी इसी शाही टेबल का इस्तेमाल किया है। जिसकी वजह से वह एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। पूरी खबर यहां पढ़े
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.