• Hindi News
  • International
  • National Archives Of Record Administration, NARA Accused Donald Trump, White House Documents With Him To Florida

व्हाइट हाउस से गोपनीय दस्तावेज ले गए डोनाल्ड ट्रम्प:इनमें नेशनल सिक्योरिटी की फाइल भी शामिल, नेशनल ऑर्काइव्स की खुफिया जांच में खुलासा

वॉशिंगटन डी सीएक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हमेशा किसी नए विवाद को जन्म देते हैं, लेकिन इस बार मामला प्रेसिडेंशियल रिकॉर्ड को संभालने वाले नेशनल आर्काइव से जुड़ा है। अमेरिका के नेशनल आर्काइव ऑफ रिकॉर्ड एडमिनिस्ट्रेशन (NARA) ने ट्रंप पर आरोप लगाया है कि व्हाइट हाउस के कई दस्तावेज अपने साथ फ्लोरिडा ले गए हैं।

नेशनल आर्काइव ने यह आरोप गुप्त सुचना के आधार पर लगाया है। अब इस मामले में अमेरिका के जस्टिस डिपार्टमेंट से संपर्क किया गया है। नेशनल आर्काइव चाहता है कि पूर्व राष्ट्रपति की दूसरे अन्य मामलों के साथ कागज फाड़ने की आदत की भी जांच की जाए।

नेशनल आर्काइव के एक आर्काइविस्ट, डेविड एस फेरिएरो नें न्यूयॉर्क के डेमोक्रेट और हाउस ओवरसाइट कमेटी की अध्यक्ष कैरोलिन बी. मैलोनी को इस मामले एक पत्र भेजा। नेशनल आर्काइव और रिकॉर्ड प्रशासन वेबसाइट पर पोस्ट किए गए इस पत्र में कहा गया है कि ट्रंप अपने साथ जो बॉक्स लेकर गए थे, उनमें नेशनल सिक्यूरिटी से संबंधित दस्तावेजों की पहचान की गई है। जांच एजेंसी अब इस बात की जांच कर रही है कि ट्रंप ने राष्ट्रपति के रिकॉर्ड को संभाला कैसे। नेशनल आर्काइव ने अब मामले को लेकर अमेरिका के जस्टिस डिपार्टमेंट से संपर्क किया है।

पिछले दो हफ्तों में किए गए खुलासों से कई नए सवाल भी उठाए गए कि क्या ट्रंप ने संघीय रिकॉर्ड रखने वाले कानूनों का सही पालन किया या व्हाइट हाउस छोड़ने के बाद वर्गीकृत जानकारी को गलत तरीके से संभाला। नेशनल आर्काइव ने शुक्रवार को अपने पत्र में कहा कि ट्रंप, व्हाइट हाउस के 'कुछ सोशल मीडिया रिकॉर्ड' वाले रिकॉर्ड को वापस करने में विफल रहा है। फेरिएरो ने यह भी लिखा कि व्हाइट हाउस के कुछ कर्मचारियों ने अन-ऑफिशियल तरीके से इलेक्ट्रॉनिक मैसेजिंग खातों का उपयोग किया है।

ट्रम्प अपने साथ दस्तावेजों के 15 बॉक्स ले गए थे
द वॉशिंगटन पोस्ट के मुताबिक, नेशनल आर्काइव ने कहा है कि राष्ट्रपति चुनाव हारने के बाद ट्रम्प व्हाइट हाउस छोड़ते वक्त कागजात से भरे 15 बॉक्स अपने साथ ले गए थे। इन्हें फ्लोरिडा में मार-ए-लागो रिसॉर्ट से बरामद किया गया। इन दस्तावेजों में किम जोंग उन के साथ किया गया पत्राचार भी शामिल है।

कैपिटल हिल्स हिंसा वाले दिन के कॉल डिटेल्स भी गायब
कैपिटल हिल्स हिंसा की जांच कर रहे पैनल के सामने अब नई मुश्किल आ गई है। 6 जनवरी यानी जिस दिन कैपिटल हिल्स पर हिंसा की घटना हुई, उस दिन के व्हाइट हाउस के कुछ ऑफिशियल फोन लॉग्स नहीं मिल रहे हैं। इस वजह से भी ट्रम्प पर सवाल उठ रहे हैं।

जांच करने वालों को अभी ऐसे सबूत नहीं मिले हैं, जिनसे यह पता चल सके कि किसी ऑफिशियल रिकॉर्ड से छेड़छाड़ की गई थी या नहीं। दरअसल, ट्रम्प अक्सर अपनी बातचीत के लिए अपने सेल फोन का ही इस्तेमाल करते थे। सामान्य तौर पर प्रेसिडेंशियल कम्युनिकेशन के लिए जो व्यवस्थाएं हैं, उन्हें नहीं अपनाते थे। इसके बावजूद अहम ऑफिशियल कॉल डिटेल्स के मिस हो जाने से जांच टीम के सामने मुश्किल आ गई है। टीम को केवल कुछ डिटेल्स ही मिल पाई हैं।

ट्रंप ने राष्ट्रपति रहते आधिकारिक दस्तावेज फाड़कर फ्लश किए
डोनाल्ड ट्रम्प ने राष्ट्रपति रहते कई बार प्रोटोकॉल्स का उल्लंघन किया था। इससे पहले भी ट्रंप पर आरोप लगा था कि वे राष्ट्रपति पद पर रहते हुए आधिकारिक दस्तावेजों को फाड़ कर फ्लश कर देते थे। ट्रंप ने इतने ज्यादा कागजों को फ्लश किया कि इसकी वजह से व्हाइट हाउस का टॉयलेट ही जाम हो गया था।