न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न ने सोमवार को कहा कि देश कोरोना मुक्त हो गया है। जेसिंडा के मुताबिक, उन्हें जब यह जानकारी मिली तो वह नन्ही बेटी के साथ झूम उठीं। जेसिंडा ने कहा- मुझे अपने देश और यहां के लोगों पर गर्व है। हमने एक बेहद मुश्किल जंग को मिलकर जीता। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आखिरी मरीज 50 साल की महिला थी। उसका इलाज ऑकलैंड के एक नर्सिंग होम में हुआ।
न्यूजीलैंड के लिए कोरोना से जंग आसान नहीं रही। कामयाबी का सूत्र एक ही था- सरकार की कोशिश और लोगों का समर्थन। करीब 7 हफ्ते सख्त लॉकडाउन रहा। वैसे पाबंदियां 75 दिन रहीं। इसके बाद धीरे-धीरे ढील दी गई। यात्रा संबंधी ढील दी गई तो सरकार की अपील थी- लोग अपने देश के टूरिस्ट प्लेसेस को ही तवज्जो दें। इससे सरकार की आय बढ़ेगी और लोगों का मनोरंजन भी हो जाएगा।
इस तरह हासिल मुश्किल मंजिल
न्यूजीलैंड की आबादी 50 लाख से भी कम है। फरवरी के आखिर में यहां कोरोना की आहट सुनाई दी। सरकार ने इस अदृश्य दुश्मन से जंग की तैयारी शुरू कर दी। मेडिकल एक्सपर्ट्स के साथ 4 सू्त्रीय कार्यक्रम बनाया। इसमें 43 प्वॉइंट थे। हर चरण में कुछ प्वॉइंट एक जैसे थे। इन पर सख्ती से अमल का फैसला किया गया। 7 हफ्ते का सख्त लॉकडाउन रहा। हर हफ्ते समीक्षा की गई। देश में कुल 1154 मामले सामने आए। 22 लोगों की मौत हुई। करीब तीन लाख लोगों का टेस्ट हुआ।
आगे क्या होगा?
सरकार चैन की नींद नहीं सोएगी। सतर्कता बनी रहेगी। 15 जून तक हर संदिग्ध पर नजर रखी जाएगी। उसका टेस्ट होगा। टेस्ट के पहले ही उसे आईसोलेट किया जाएगा। हेल्थ डिपार्टमेंट के डायरेक्टर जनरल डॉक्टर एश्ले ब्लूमफील्ड ने आगे की गाइडलाइन के बारे में जानकारी दी।
न्यूजीलैंड सरकार ने ‘एनजेड कोविड ट्रेसर’ एप लॉन्च किया था। यह भारत के आरोग्य एप से थोड़ा एडवांस है। इस एप ने कोरोना को कंट्रोल करने में काफी मदद की है। यदि कोई व्यक्ति ऑफिस, सार्वजनिक बिल्डिंग, दुकान या मॉल में जाता है, जो उसे बाहर ही एप से क्यूआरकोड को स्कैन करना होता है। इससे व्यक्ति की सारी जानकारी मिल जाती है।
4 अलर्ट लेवल: इनके क्या मायने
न्यूजीलैंड ने चार अलर्ट लेवल बनाए। इनमें करीब 43 प्वॉइंट थे। लेवल 1 पर खतरा सबसे कम और लेवल 4 पर सबसे ज्यादा खतरा था। इनके कुछ जरूरी प्वॉइंट इस तरह थे।
अलर्ट लेवल 4 : लॉकडाउन
अलर्ट लेवल 3 : रोकथाम
अलर्ट लेवल 2 : खतरे का स्तर घटाना
अलर्ट लेवल 1: खतरा भांपना और उसके हिसाब से जवाबी तैयारी
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.