पाकिस्तान अब बाढ़ और बारिश से बेहाल है। हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि अब तक 300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। कुछ रिपोर्ट्स में 304 और 314 लोगों की मौत होने का दावा किया जा रहा है। सबसे ज्यादा दक्षिण-पश्चिमी प्रांत बलूचिस्तान में 111 लोगों की मौत हुई है। कराची, पंजाब, सिंध प्रांत में हालात गंभीर बने हुए हैं।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि 31 जुलाई तक भारी बारिश होगी। बलूचिस्तान के 10 जिलों में हाई अलर्ट है।
10,000 घरों को हुआ नुकसान
देश के चीफ सेक्रेटरी अब्दुल अजई अकीलीक ने बताया कि भारी बारिश के चलते सबसे खराब हालात बलूचिस्तान में बने हैं। यहां बाढ़ से करीब 10 हजार घरों को नुकसान पहुंचा है। इतना ही नहीं 16 डैम की दीवारों को भी नुकसान हुआ है। 2,400 सोलर पैनल भी खराब हो गए हैं।
भारी बारिश से सड़कें टूटीं
अकीलीक ने कहा- भारी बारिश के चलते आई बाढ़ से करीब 650 किलोमीटर सड़क टूट गई है। कराची से क्वेटा जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया है। लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को घर में रहने की सलाह दी जा रही है।
पर्यावरणीय तौर पर पाकिस्तान 8वां सबसे कमजोर देश
पाकिस्तान में आम तौर पर मानसून जून से सितंबर तक रहता है। यह सीजन फसलों की सिंचाई के लिए खास होता है, लेकिन हर साल इसी समय सबसे ज्यादा बाढ़ भी आती है। हालात इतने बिगड़ जाते हैं कि सैकड़ों हेक्टेयर कृषि भूमि नष्ट हो जाती है। ग्लोबल क्लाइमेट रिस्क इंडेक्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान पर्यावरणीय तौर पर आठवां सबसे कमजोर देश है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.