इस्लामाबाद के सिक्योर्ड पार्क में गैंगरेप:वारदात के बाद आरोपियों ने लड़की को 1 हजार रुपए दिए, कहा- इस वक्त पार्क मत आया करो

इस्लामाबाद4 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
पाकिस्तान में रेप के सिर्फ 2% मामलों में सजा हो पाती है। (फाइल) - Dainik Bhaskar
पाकिस्तान में रेप के सिर्फ 2% मामलों में सजा हो पाती है। (फाइल)

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के सिक्योर्ड और रेड जोन एरिया में गैंगरेप हुआ। इस जगह को फातिमा जिन्ना पार्क (F-9 पार्क) कहा जाता है। विक्टिम लड़की अपने ऑफिस कलीग के साथ वहां टहलने गई थी। उसी वक्त दो हथियारबंद बदमाश उन्हें वहां से करीबी जंगल में ले गए और वारदात को अंजाम दिया।

पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में इस घटना और आरोपियों के बारे में जानकारी दी है। FIR के मुताबिक- गैंगरेप के बाद आरोपियों ने विक्टिम के हाथ में 1 हजार रुपए थमाए और कहा- यह वक्त पार्क में घूमने का नहीं है।

कैसे हुई घटना
पाकिस्तान के अखबार ‘डॉन न्यूज’ के मुताबिक- घटना 2 फरवरी की शाम 7 से 8 बजे के बीच की है। एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करने वाली लड़की डिनर के बाद अपने ऑफिस कलीग के साथ F-9 पार्क गई। सर्दी के चलते पार्क में बहुत ज्यादा लोग नहीं थे। दोनों लोग वहां टहल रहे थे।

कुछ मिनट बाद वहां दो लोग आए। इनमें से एक की 35 साल के करीब जबकि दूसरे की 18 या 19 साल थी। दोनों लोगों के पास पिस्टल थीं। उन्होंने इस कपल को बंदी बनाया और पार्क से कुछ दूर जंगल में ले गए।

आरोपियों ने इन दोनों के साथ काफी मारपीट की। इसके बाद एक आरोपी लड़के को दूर ले गया। बाद में दोनों आरोपियों ने लड़की से गैंगरेप किया। उसके फटे हुए कपड़े भी काफी दूर फेंक दिए। बाद में दोनों आरोपी भाग गए। F-9 पार्क को इस्लामाबाद सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत रखा गया है। यहां कई सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।

इस्लामाबाद पुलिस ने आरोपी का यह स्कैच जारी किया है।
इस्लामाबाद पुलिस ने आरोपी का यह स्कैच जारी किया है।

अब जागी पुलिस

  • पुलिस ने इस मामले को तीन दिन दबाए रखा, लेकिन लोकल मीडिया ने इसे उजागर कर दिया। FIR भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। FIR में लड़की ने पूरी घटना की जानकारी दी है। विक्टिम ने कहा- आरोपियों ने मुझसे पूछा था कि इस लड़के से तुम्हारा क्या रिश्ता है। उन्होंने हमसे काफी मारपीट भी की। वारदात के बाद एक आरोपी ने मुझे 1 हजार रुपए दिए और कहा कि रात में इस वक्त पार्क में मत घूमा करो।
  • पुलिस के मुताबिक- मामले की साइंटिफिक इन्वेस्टिगेशन की जा रही है। विक्टिम का मेडिकल कराया गया है और इसमें रेप की पुष्टि हुई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। पार्क में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग चेक की जा रही है। आरोपियों के स्थानीय होने का शक है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
  • विक्टिम ने पुलिस को आरोपियों के हुलिए की जानकारी भी दी है। इसके आधार पर पुलिस ने रविवार रात एक स्कैच जारी किया। पुलिस ने कहा- हमने इस मामले में इंटेलिजेंस यूनिट को भी एक्टिव कर दिया है।

2 साल पहले हाईवे पर हुआ था गैंगरेप

  • 2021 में एक महिला कार में दो बच्चों के साथ लाहौर लौट रही थी। वो मूल रूप से जर्मनी की रहने वाली थी। एक्सप्रेस-वे पर गाड़ी का पेट्रोल खत्म हो गया। महिला ने पति को फोन पर पेट्रोल खत्म होने की जानकारी दी और कार के शीशे बंद कर अंदर बैठ गई। पति वहां पहुंचता इसके पहले ही वहां दो बदमाश आए। कार का शीशा तोड़कर महिला और बच्चों को बाहर निकाला। उनका सामान और फोन छीन लिया। जंगल में महिला से दुष्कर्म किया। घटना सामने आने के बाद आम लोग ही नहीं बल्कि सेलेब्स भी सड़कों पर उतर आए थे।
  • तब लाहौर के पुलिस कमिश्नर उमर शेख ने घटना के लिए महिला को ही जिम्मेदार ठहरा दिया था। उन्होंने कहा था- वो इतनी रात को बच्चों के साथ एक्सप्रेस-वे घूमने क्यों निकली थी। साथ में कोई पुरुष क्यों नहीं था।
  • पाकिस्तान के लीगल एक्सपर्ट ओसामा मलिक के मुताबिक- मुल्क में रेप के कुल मामलों में से सिर्फ 2% को ही सजा हो पाती है। 27 मई 2022 को एग्जाम देकर लौट रही लड़की के साथ ट्रेन के स्टाफ ने ही गैंगरेप किया था। इस केस के सभी आरोपी बरी हो चुके हैं।