भारत का मुरीद हुआ PAK मीडिया:कहा- दो अपोजिट सुपरपावर्स हमारे पड़ोसी के साथ, भारत अब हर लिहाज से ताकतवर

इस्लामाबाद4 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

पाकिस्तानी मीडिया ने पहली बार भारत की खुलकर तारीफ करते हुए उसे ताकतवर देश बताया है। पाकिस्तानी मीडिया का कहना है कि ऐसे वक्त में जब यूक्रेन के मुद्दे को लेकर अमेरिका और रूस आमने-सामने हैं, तब यही दोनों देश भारत के साथ खड़े हैं। यह भारत की बेहतरीन डिप्लोमेसी भी है।

आमतौर पर भारत को लेकर पाकिस्तानी मीडिया का रुख नेगेटिव ही रहता है। लिहाजा इतने खुले अंदाज में भारत की तारीफ वहां के मीडिया में एक बड़े शिफ्ट के तौर पर देखी जा सकती है।

अमेरिका पर सवाल
पाकिस्तान के बड़े अंग्रेजी अखबार ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ में शहजाद चौधरी ने भारत के बारे में एडिटोरियल लिखा है। शहजाद पॉलिटिकल, सिक्योरिटी और डिफेंस एनालिस्ट हैं।

चौधरी लिखते हैं- रूस-यूक्रेन जंग को लेकर अमेरिका और रूस आमने सामने हैं। दुनिया को थर्ड वर्ल्ड वॉर का डर सता रहा है। इस तस्वीर का दूसरा पहलू पाकिस्तान के लिहाज से बेहद अहम है। यूक्रेन मसले पर अगर अमेरिका और रूस में ठनी है तो हमें ये भी देखना होगा कि यही दोनों देश भारत के साथ खड़े हैं। अगर यह कूटनीतिक तख्तापलट नहीं तो और क्या है। ये भी ध्यान रखना होगा कि पाकिस्तान वो देश है जो अमेरिका के लिए अहम गैर नाटो सहयोगी रहा है।

पाकिस्तानी मीडिया का कहना है कि भारत के विदेश मंत्री जयशंकर ने अपने देश के हित को सबसे आगे रखकर साबित किया है कि भारत किसी के दबाव में नहीं आता।
पाकिस्तानी मीडिया का कहना है कि भारत के विदेश मंत्री जयशंकर ने अपने देश के हित को सबसे आगे रखकर साबित किया है कि भारत किसी के दबाव में नहीं आता।

चीन का फैक्टर

  • शहजाद आगे लिखते हैं- चीन के अग्रेसिव नेचर के चलते भारत और अमेरिका में ग्लोबल स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप हो गई है। अब ये दोनों देश आपसी, रीजनल और ग्लोबल मुद्दों पर मिलकर काम कर रहे हैं। भारत इस वक्त दुनिया के लिए अहम देश है। वो बहुत बड़ा और ताकतवर देश है। दुनिया में आप कहीं चले जाइए, वहां आपको भारत की छाप जरूर मिलेगी।
  • एडिटोरियल में आगे कहा गया- यूक्रेन पर हमले के बाद अमेरिका और उसके सहयोगियों ने रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाए, लेकिन इसी दौरान भारत बेखौफ होकर रूस से सस्ता तेल खरीदता रहा। उसने इस ऑयल को रिफाइन करके खूब डॉलर कमाए।
  • अब रूस और अमेरिका दोनों ही यह दावा करते हैं कि भारत उनका करीबी सहयोगी है। ये भी सच्चाई है कि इसमें कोई दो राय भी नहीं है। दोनों सुपरपावर्स सही कह रहे हैं ।चौधरी के मुताबिक- यूक्रेन जंग को लेकर आप भारत की डिप्लोमैसी देखिए। उसने बीच का रास्ता अपनाया।
  • भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर हर प्लेटफॉर्म पर अपनी स्ट्रैटजी को सही बताते रहे। दुनिया में पेट्रोल-डीजल दोगुना से ज्यादा महंगा हो गया। पाकिस्तान कुछ नहीं कर सका और भारत ने बड़ी आसानी से बीच का रास्ता निकाल लिया। डॉक्टर जयशंकर कहते हैं- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का साफ कहना है कि भारत के हित में जो होगा, वही किया जाएगा।
‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ के एडिटोरियल के मुताबिक अमेरिका के लिए आज भारत एक बेहद अहम सहयोगी है। पाकिस्तान को तो अब सऊदी अरब ने भी छोड़ दिया है।
‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ के एडिटोरियल के मुताबिक अमेरिका के लिए आज भारत एक बेहद अहम सहयोगी है। पाकिस्तान को तो अब सऊदी अरब ने भी छोड़ दिया है।

भारत से सीखने की जरूरत
शहजाद आगे लिखते हैं- भारत एशिया के बाद ग्लोबल पावर बन गया है। भारत ने आजाद होने के बाद से ही इंडिपेंडेंट फॉरेन पॉलिसी रखी और अपने हित देखे। दूसरी तरफ पाकिस्तान को आप देख ही रहे हैं। आज भारत एग्रीकल्चर और आईटी सेक्टर की सुपरपावर है। एक अरब से ज्यादा की आबादी के बावजूद वो जबरदस्त कामयाब है। वहां का लोकतंत्र भी शानदार है।

चौधरी के मुताबिक हमारे इस्लामिक बिरादर मुल्क सऊदी अरब का झुकाव आज भारत की तरफ है। वो वहां 72 अरब डॉलर का इन्वेस्टमेंट कर रहा है और पाकिस्तान वहां से 7 अरब डॉलर की भीख मांग रहा है। भारत ने कश्मीर से धारा 370 हटाई तो किसी ने हमारा खुलकर साथ नहीं दिया। आज जी-7 हो या जी-20, भारत हर जगह मजबूती से खड़ा है। क्लाइमेट चेंज और महामारी में उसने दुनिया की मदद की।

आखिर में शहजाद लिखते हैं- पाकिस्तान को अब भारत के बारे में अपनी पॉलिसी पर फिर से विचार की बेहद जरूरत है। अब तक जो चलता आया है, वो कारगर साबित नहीं हुआ और न होगा। हमें भी भारत की तर्ज पर जियो इकोनॉमिक्स की तरफ देखना होगा। इतिहास में हम जो कर चुके हैं, उसका कोई फायदा पाकिस्तान को कभी नहीं हुआ।