पाकिस्तान के पेशावर शहर में सोमवार को पुलिस लाइन्स में बनी मस्जिद में फिदायीन हमला में मरने वालों की संख्या बढ़कर 88 हो गई है। जबकि 150 से ज्यादा लोग घायल हैं। इनमें से 47 की हालत गंभीर है। ब्लास्ट इतना ताकतवर था कि करीब दो किलोमीटर तक इसकी आवाज सुनाई दी। मस्जिद का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। इमाम नूर-अल अमीन की भी मौत हो गई। पाक पीएम शाहबाज शरीफ ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की है।
एक चश्मदीद ने कहा- दोपहर की नमाज के वक्त मस्जिद में करीब 500 लोग मौजूद थे। फिदायीन हमलावर बीच की एक लाइन में मौजूद था। यह साफ नहीं हो सका कि वो पुलिस लाइन्स पहुंचा कैसे, क्योंकि अंदर जाने के लिए गेट पास दिखाना होता है।
सबसे पहले धमाके की तस्वीरें देखें...
TTP ने जिम्मेदारी ली
पाकिस्तानी मीडिया जियो न्यूज के मुताबिक, तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने हमले की जिम्मेदारी ली है। आर्मी ने इलाके को घेर लिया। इसके करीब ही आर्मी की एक यूनिट का ऑफिस भी है। इलाके में TTP का खासा दबदबा है और पिछले दिनों इसी संगठन ने हमले की धमकी भी दी थी।
ब्लड डोनेशन की अपील
सभी घायलों का इलाज पेशावर के लेडी हार्डिंग अस्पताल में चल रहा है। अस्पताल की तरफ से जारी बयान में कहा गया- आम लोग जितना हो सके, उतनी जल्दी ब्लड डोनेट करने अस्पताल पहुंचें। मिलिट्री डॉक्टरों का एक दल भी अस्पताल पहुंचा।
पिछले साल शिया मस्जिद में हुआ था धमाका
पेशावर में पिछले साल मार्च में एक शिया मस्जिद में धमाका हुआ था। तब हमले में 62 लोग मारे गए थे। ये सभी शिया समुदाय के लोग थे। धमाके के वक्त मस्जिद में जुमे की नमाज चल रही थी। इस आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट खोरासान ग्रुप (IS-KP) ने ली थी।
9 साल पहले हुआ था आर्मी स्कूल पर हमला
16 दिसंबर 2014 को पेशावर के आर्मी पब्लिक स्कूल पर आतंकी हमला हुआ था। इसमें 148 लोग मारे गए थे। इनमें 141 स्कूली बच्चे थे। TTP ने हमले की जिम्मेदारी ली थी। बाद में साजिश रचने वाले चार आतंकियों को गिरफ्तार किया गया था। संगठन का प्रवक्ता भी गिरफ्तार हुआ था। हैरानी की बात अहसान उल्ला नाम का यह प्रवक्ता बेहद रहस्यमयी तरीके से फौज की गिरफ्त से बड़े आराम से फरार हो गया था। बाद में उसने खुद कहा था कि फौज ने ही उसे रिहा किया था।
TTP के निशाने पर पाकिस्तान
पाकिस्तान में TTP के हमले लगातार तेज होते जा रहे हैं। इनकी जद में राजधानी इस्लामाबाद भी आ गई है। पिछले महीने इस्लामाबाद में एक फिदायीन हमला हुआ था। इसमें एक पुलिस अफसर मारा गया था और 6 लोग घायल हो गए थे। इसके बाद शाहबाज शरीफ ने कैबिनेट मीटिंग बुलाई थी। मीटिंग के बाद होम मिनिस्टर राणा सनाउल्लाह ने कहा था- पाकिस्तान अपनी हिफाजत के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। अगर अफगानिस्तान की तालिबान हुकूमत ने TTP को नहीं रोका तो हम अफगानिस्तान में घुसकर इन आतंकियों को मारेंगे।
अफगानिस्तान-पाकिस्तान में जबरदस्त तनाव
TTP को लेकर अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव बेहद खतरनाक रूप लेता जा रहा है। दोनों देशों के बीच डूरंड लाइन पर तमाम एंट्री और एग्जिट पॉइंट बंद किए जा चुके हैं। हालात ये हैं कि दो महीनों में दोनों देशों के बीच फायरिंग में करीब 16 पाकिस्तानी सैनिक मारे जा चुके हैं।
पाकिस्तान सरकार हमलों के लिए TTP को जिम्मेदार बताती है। राणा सनाउल्लाह की धमकी का जवाब तालिबान के सीनियर लीडर और उप-प्रधानमंत्री अहमद यासिर ने सोशल मीडिया पर एक फोटो शेयर करके दिया था। पहले इस फोटो के बारे में जान लीजिए।
यह फोटो 1971 में भारत और पाकिस्तान के बीच जंग की है। पाकिस्तानी सेना की करारी शिकस्त हुई थी। उसके 90 हजार से अधिक सैनिकों ने सरेंडर किया था। सरेंडर डॉक्यूमेंट पर पाकिस्तान की तरफ से लेफ्टिनेंट जनरल आमिर अब्दुल्लाह खान नियाजी ने दस्तखत किए थे। उनके ठीक बगल में मौजूद थे हमारी सेना के लेफ्टिनेंट जनरल जगजीत सिंह अरोड़ा। इसी सरेंडर के बाद बांग्लादेश एक अलग मुल्क बना था और पाकिस्तान के दो टुकड़े हो गए थे।
उप-प्रधानमंत्री अहमद यासिर ने इस फोटो के साथ उर्दू में एक कैप्शन शेयर किया। इसमें कहा- राणा सनाउल्लाह, जबरदस्त। भूलिए मत कि ये अफगानिस्तान है। ये वो अफगानिस्तान है जहां बड़ी-बड़ी ताकतों की कब्रगाहें बन गईं। हम पर फौजी हमले का ख्वाब मत देखिए, वरना अंजाम उतना ही शर्मनाक होगा जितना भारत के सामने आपका हुआ था।
ये खबर भी पढ़ें...
इस्लामाबाद में फिदायीन हमले में एक पुलिस वाले की मौत; पुलिस संदिग्ध गाड़ी की जांच कर रही थी, तभी ब्लास्ट हुआ
23 दिसंबर 2022 को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में एक फिदायीन हमला हुआ था जिसमें एक पुलिस वाले की मौत हो गई थी। साथ ही इसमें 10 लोग घायल भी हुए थे। आत्मघाती हमले के बाद अफसरों ने कहा था कि पुलिस की सतर्कता से इस्लामाबाद में बड़ा हमला होने से बच गया। पढ़ें पूरी खबर...
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.