इजराइल में गोलीबारी की एक और घटना सामने आई है। पूर्वी यरूशलम में 13 साल के फिलिस्तीनी लड़के ने एक व्यक्ति और उसके बेटे को गोली मार दी। शनिवार सुबह हुए हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही घटनास्थल के पास से गुजर रहे दो लोगों ने अपनी बंदूक से हमलावर लड़के को गोली मार दी। पुलिस ने घायल लड़के को अस्पताल में भर्ती करा दिया है। दोनों घायलों की हालत भी नाजुक बनी हुई है। इससे पहले शुक्रवार रात हुई फायरिंग में 7 लोगों की जान चली गई थी।
फिलिस्तीन में मनाया गया था जश्न
इजराइल के यरुशलम के नेवे याकोव में एक पूजा स्थल के पास 27 जनवरी को अंधाधुंध फायरिंग हुई थी। इसमें 7 लोगों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हुए थे। हमला एक फिलिस्तीनी शख्स ने किया था। इसके बाद फिलिस्तीन में जश्न मनाया गया।
फिलिस्तीनी मीडिया के मुताबिक, इजराइल पर हुए इस हमले के बाद गाजा पट्टी, वेस्ट बैंक और अन्य शहरों में लोगों ने जश्न मनाया। सोशल मीडिया पर इसके कुछ फोटो और वीडियो वायरल हो रहे हैं। न्यूज एजेंसी AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, इजराइली पुलिस ने इस हमले को लेकर 42 लोगों को गिरफ्तार किया है।
हमलावर मारा गया
टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, फायरिंग एक पूजा स्थल के पास हुई। पुलिस ने इसे आतंकी हमला बताया। पुलिस ने कहा कि हमलावर फिलिस्तीनी था और उसे मार दिया गया है।
पुलिस कमिशनर कोबी शबताई ने कहा- हमला रात 8:15 बजे हुआ। 21 साल का हमलावर अलकाम खायरी पूजा स्थल के पास पहुंचा। वो प्रार्थना खत्म होने का इंतजार कर रहा था। जैसे ही लोगों ने बाहर आना शुरू किया उसने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद वो फरार हो गया।
पुलिस पर भी हमला किया
हमला करने के बाद हमलावर फरार हो गया। उसे एक कार में बैठकर फिलिस्तीन के बीट हनीना की तरफ भागते देखा गया। इसके 5 मिनट बाद ही पुलिस ने उसकी गाड़ी को रोक लिया। हमलावर ने भागने की कोशिश इस दौरान उसने पुलिस पर भी फायरिंग की। इसकी एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें पुलिस और हमलावर के बीच मुठभेड़ देखी जा सकती है। पुलिस ने कहा कि जवाबी कार्रवाई में हमलावर मारा गया।
26 जनवरी को हुए इजराइली हमले के जवाब में हुआ ये हमला
यरुशलम में ये फायरिंग 26 जनवरी को फिलिस्तीन के वेस्ट बैंक में इजराइल की तरफ से किए गए हमले के बाद हुआ है। यहां 9 लोगों की मौत हो गई थी। 16 लोग घायल हुए थे। मरने वालों में एक बुजुर्ग महिला भी शामिल थी।
अब इजराइल में हुए हमले से जुड़ी तस्वीरें देखें...
पहली गोली बुजुर्ग महिला को लगी
एक अधिकारी ने बताया कि पूजा स्थल पर हुई फायरिंग में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। इनमें से एक शख्स ने आज दम तोड़ दिया। चैनल 12 न्यूज के मुताबिक, हमलावर ने पूजा स्थल पर फायरिंग से पहले रास्ते से गुजर रही एक महिला को गोली मारी। इसके बाद बाइक पर जा रहे एक शख्स पर हमला किया।
प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने किया घटनास्थल का दौरा
घटना के बाद इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू वहां पहुंचे। उन्होंने इस हमले को गंभीर और खतरनाक हमला बताया। उन्होंने कहा- मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ है। मैं उन पुलिस अधिकारियों की सराहना करता हूं जिन्होंने इतनी जल्दी कार्रवाई की। हमें संयम से काम लेना चाहिए। मैं लोगों से कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील करता हूं।
2011 के बाद सबसे बड़ा हमला
टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के मुताबिक, ये यरुशलम में 2011 के बाद हुआ सबसे खतरनाक आतंकी हमला है। 2011 में फिलिस्तीनी आतंकी मिस्र के सिनाई पेनिनसुला के रास्ते इजराइल में घुसे थे और 8 इजराइलियों को मार दिया था। इसके पहले 2008 में फिलिस्तीनी आतंकी ने मरकज हारव येशिवा में 8 इजराइली छात्रों की हत्या कर दी थी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.