91 की उम्र में रुपर्ट मर्डोक का चौथा तलाक:1 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा के मालिक हैं मर्डोक, पूरी दुनिया में फैला है साम्राज्य

नई दिल्ली9 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

मीडिया मुगल रुपर्ट मर्डोक 91 साल की उम्र में चौथी बार तलाक लेने जा रहे हैं। मर्डोक ने मार्च 2016 में एक्टर और मॉडल जेरी हॉल से शादी की थी। एक अमेरिकी रिपोर्ट के मुताबिक शादी के 6 साल बाद दोनों ने एक-दूसरे से अलग होने का फैसला लिया है।

1956 में की थी पहली शादी
मर्डोक ने पहली शादी 1956 में पैट्रिसिया बुकर से की थी जो 1967 तक चली थी। उन्होंने 1967 में दूसरी शादी अन्ना मारिया टोर्व से की थी और यह शादी 1999 तक चली। दूसरी शादी सबसे ज्यादा 22 सालों तक चली थी। मर्डोक ने तीसरी शादी 1999 में वेंडी देंग से की और यह शादी 2013 तक चली।

उन्होंने चौथी शादी 85 साल के उम्र में 65 साल की एक्टर और मॉडल जेरी हॉल से की थी, अब जेरी से भी तलाक लेने जा रहे हैं। हालांकि, अभी तक इन दोनों ने तलाक का ऐलान नहीं किया है।

कौन हैं रूपर्ट मर्डोक?
1931 में ऑस्ट्रेलिया में जन्मे मर्डोक फिलहाल अमेरिका के सिटीजन हैं। 1952 में वे पिता से मिली कंपनी ऑस्ट्रेलिया न्यूज लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर बने। मर्डोक ग्लोबल मीडिया कंपनी न्यूज कॉरपोरेशन के फाउंडर और एग्जीक्यूटिव चेयरमैन हैं। न्यूज कॉरपोरेशन को दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी मीडिया कंपनी कहा जाता है। 1950 और 60 के दशक में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की कई मीडिया कंपनियों को खरीदा। 1969 में उन्होंने यूके में बिजनेस फैलाया।

1974 में मर्डोक ने अमेरिका का रुख किया। न्यूज कॉरपोरेशन के पास द वॉल स्ट्रीट जर्नल और हार्परकॉलिंस जैसी बड़ी कंपनियां हैं। 2000 तक मर्डोक 50 देशों में 800 कंपनियों के मालिक बन चुके थे। अमेरिकी और ब्रिटिश इंटेलिजेंस एजेंसियां उन पर लगे करप्शन के आरोपों की जांच कर चुकी हैं।

1 लाख 38 हजार करोड़ रुपए के मालिक हैं मर्डोक
फोर्ब्स के मुताबिक मीडिया मुगल रुपर्ट मर्डोक के पास 1 लाख 38 हजार रुपए की संपत्ति है। मर्डोक का मीडिया सम्राज्य अमेरिका के साथ पूरे विश्व में फैला हुआ है। मर्डोक ने मार्च 2019 में फॉक्स फिल्म और टेलीविजन स्टूडियोज के अलावा दूसरे इंटरटेनमेंट एस्टे्स, वाल्ट डिजनी को 5.58 लाख करोड़ रुपए में बेज दिया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक तलाक के बाद मर्डोक का बिजनेस एक बार फिर बंट जाएगा।