यूक्रेन पर रूस का हमला दो महीने से ज्यादा समय होने के बाद भी जारी है। इस बीच फिनलैंड की प्रमुख गैस कंपनी गैसम ने कहा है कि रूस शनिवार से उसे नेचुरल गैस की सप्लाई देना बंद कर देगा। गैसम फिनलैंड की सरकारी गैस कंपनी है।
रूस का कहना है कि फिनलैंड रुबल में पेमेंट करने में असफल रहा है, इसलिए ऐसा किया गया है। हालांकि, क्रेमलिन पहले भी रूसी एनर्जी सप्लाई को एक पॉलिटिकल टूल की तरह इस्तेमाल करता रहा है। बीते हफ्ते रूस ने फिनलैंड के पॉवर सप्लाई को भी रोक दिया था। माना जा रहा है कि फिनलैंड के नाटो सदस्यता के लिए अप्लाई करने की वजह से रूस ऐसा कर रहा है।
वहीं, राष्ट्रपति जेलेंस्की का कहना है कि रूसी सैनिकों ने डोनबास इलाके को पूरी तरह से तबाह कर दिया है। उन्होंने कहा कि रूस ने अपना आक्रमण तेज कर दिया है। रूसी सेना को ज्यादा से ज्यादा यूक्रेनियों को मारने का आदेश है। उन्होंने कहा कि रूस फिर से नरसंहार कर रहा है।
रूस-यूक्रेन जंग के प्रमुख अपडेट्स...
बूचा नरसंहार का नया वीडियो सामने आया
यूक्रेन के बूचा में हुए नरसंहार का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें 2 रूसी सैनिक 9 यूक्रेनी नागरिकों को बंदूक से डराकर एक बिल्डिंग में ले जाते हुए नजर आ रहे हैं। बूचा शहर का यह वीडियो 4 मार्च का बताया जा रहा है, जो एक घर के CCTV में कैद हुआ है। कुछ स्थानीय लोगों ने भी अपने घरों से इस घटना का वीडियो बनाया था।
वीडियो बनाने वाले लोगों का कहना है कि रूसी सैनिक सभी यूक्रेनियों को एक बिल्डिंग में ले गए, जिसे रूसी सैनिकों ने अपना ठिकाना बना लिया था। इसके बाद गोलियां चलने की आवाज आई, कुछ देर बाद सैनिक बाहर निकल आए, लेकिन यूक्रेनी नागरिक बाहर नहीं आए। बाद में वहां से उनके शव बरामद हुए।
जुलाई में पहले 15 एंटी एयरक्राफ्ट टैंक की डिलीवरी करेगा जर्मनी
जर्मनी यूक्रेन को अपने पहले 15 एंटी एयरक्राफ्ट टैंक की डिलीवरी करने वाला है। जर्मनी के डिफेंस मिनिस्ट्री के प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि जुलाई महीने में डिलीवरी पूरी हो जाएगी। वहीं, मिड जुलाई के मध्य में ये टैंक फुली ऑपरेशनल हो जाएंगे। अप्रैल के अंत में दोनों देशों ने टैंक के लिए एग्रीमेंट किया था।
अमेरिकी सीनेट से यूक्रेन को आर्थिक मदद की मंजूरी मिली
अमेरिकी सीनेट ने यूक्रेन के लिए करीब 3.10 लाख करोड़ रुपए के आपातकालीन सैन्य और मानवीय सहायता पैकेज को मंजूरी दे दी है। यह अमेरिकी सीनेट की ओर से करीब दो दशकों में किसी देश को दी गई सबसे बड़ी आर्थिक मदद है। अमेरिका से इस राहत पैकेज को मंजूरी बहुत ही महत्वपूर्ण समय पर मिली है।
रूसी राष्ट्रपति पुतिन की बेटी कैटरीना को 'जेलेंस्की' से प्यार
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भले ही जेलेंस्की से नफरत करते हों, लेकिन उनकी बेटी कैटेरीना तिखोनोवा 'जेलेंस्की' से प्यार करती हैं। दरअसल, उनके बॉयफ्रेंड का नाम इगोर जेलेंस्की है। दोनों पिछले करीब 5 साल से रिलेशनशिप में हैं। पूरी खबर पढ़ें...
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.