पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

सीनियर प्रिंस नाएफ बिन अहमद गिरफ्तार, तख्तापलट के आरोप में यह चौथे प्रिंस की गिरफ्तारी

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान (बाएं) और प्रिंस नाएफ बिन अहमद। (फाइल फोटो) - Dainik Bhaskar
क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान (बाएं) और प्रिंस नाएफ बिन अहमद। (फाइल फोटो)
  • प्रिंस नाएफ बिन अहमद सेना के खुफिया विभाग के प्रमुख के तौर पर सेवाएं दे चुके हैं, क्राउन प्रिंस के आदेश पर गिरफ्तारी हुई
  • देश के पूर्व गृह मंत्री प्रिंस अहमद बिन अब्दुलअजीज अल सऊद समेत तीन लोगों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया

रियाद. सऊदी अरब में सत्ता के लिए साजिश रचने के आरोप में शनिवार को एक सीनियर प्रिंस नाएफ बिन अहमद को गिरफ्तार कर लिया गया। वे सेना के खुफिया विभाग के प्रमुख के तौर पर सेवाएं दे चुके हैं। इन्हें क्राउन प्रिंस मोहम्मद-बिन-सलमान के आदेश पर गिरफ्तार किया गया। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, तख्तापलट के मामले में यह चौथी गिरफ्तारी है। इससे पहले शुक्रवार को देश के तीन अन्य सीनियर प्रिंस की गिरफ्तारी हुई थी। इन सभी पर किंग सलमान और क्राउन प्रिंस का तख्तापलट करने की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। अभी तक सऊदी के अधिकारियों ने इन गिरफ्तारियों के बारे में कुछ नहीं कहा है। 


क्राउन प्रिंस मोहम्मद-बिन-सलमान को उनके पिता किंग सलमान ने 2016 में सत्ता का उत्तराधिकारी घोषित किया था। माना जा रहा है कि सत्ता पर अपनी पकड़ बनाए रखने के लिए क्राउन प्रिंस ने चारों प्रिंस को गिरफ्तार करवाया है।

गृह मंत्रालय के 10 से ज्यादा अधिकारियों पर हो सकती है कार्रवाई
वॉल स्ट्रीट जनरल के मुताबिक, इस गिरफ्तारी के बाद देश के गृह मंत्रालय के 10 से ज्यादा अधिकारियों, सेना के वरिष्ठ अधिकारियों और इसमें मदद करने वाले अन्य लोगों पर भी कार्रवाई हो सकती है। शाही परिवार के करीबी सूत्रों के मुताबिक, क्राउन प्रिंस अपनी सत्ता बरकरार रखने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। चार गिरफ्तारियों के बाद शाही परिवार के दूसरे लोगों में भी डर है कि उन्हें हिरासत में लिया जा सकता है।

किंग सलमान के सगे छोटे भाई को भी गिरफ्तार किया गया था
अभी तक गिरफ्तार हुए प्रिंस में सबसे सीनियर प्रिंस अहमद बिन अब्दुलअजीज अल सऊद हैं। वे किंग सलमान के सबसे छोटे सगे भाई हैं और देश के गृह मंत्री के तौर पर सेवाएं दे चुके हैं। उनके अलावा किंग सलमान का कोई भी भाई जीवित नहीं हैं। प्रिंस अहमद को किंग सलमान का करीबी माना जाता रहा है। वे किंग की गद्दी प्राप्त करने वाले संभावित लोगों में भी शामिल रहे हैं।