रूस की 3 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा मार्केट कैप वाली सबसे बड़ी निजी तेल कंपनी लुकोइल के चेयरमैन राविल मैगानोव की गुरुवार को मौत हो गई। रूस के सरकारी मीडिया ने बताया कि 67 वर्षीय राविल अस्पताल की छठी मंजिल के वार्ड की खिड़की से कूद गए। इससे उनकी मौत हो गई।
राविल मॉस्को के सेंट्रल क्लिनिकल हॉस्पिटल में हृदय संबंधी बीमारी के चलते रूटीन चेकअप के लिए भर्ती थे। उन्होंने डिप्रेशन की भी शिकायत की थी। हालांकि, वे अस्पताल की खिड़की से क्यों और कैसे कूदे या गिरे, इसकी जांच शुरू कर दी गई है। बताया जाता है कि राविल का वार्ड मुख्य बिल्डिंग में था और वहां मरम्मत चल रही है। इसके चलते वहां CCTV कैमरे बंद थे।
मीडिया का अनुमान- सिगरेट पीने के लिए बाहर गए और कूद गए
रूसी मीडिया का अनुमान है कि मैगानोव धूम्रपान के लिए बाहर निकले थे और कूद गए। खिड़की पर सिगरेट का पैकेट मिलने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, उनके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मध्य मॉस्को स्थित इस अस्पताल में कई हाई-प्रोफाइल मरीज इलाज कराते हैं। सोवियत संघ के अंतिम राष्ट्रपति मिखाइल गोर्बाच्योव निधन से पहले यहीं भर्ती थे। इसके चलते सुरक्षा चाक-चौबंद थी और सर्विलांस भी पुख्ता था।
यूक्रेन हमले पर पुतिन की निंदा की
राविल की मौत इसलिए संदिग्ध मानी जा रही है, क्योंकि वे ऐसे इकलौते बिजनेसमैन थे, जिन्होंने पुतिन की आलोचना की थी। मार्च में लुकोइल ने यूक्रेन पर रूस के हमले को ‘दुखद’ बताया था और युद्ध खत्म करने की अपील की थी।
राविल 2020 में लुकोइल के चेयरमैन बने
राविल लुकोइल से ऑयल ऑपरेटर के रूप में 1990 से जुड़े थे और 2020 में चेयरमैन बने। नौकरी से जुड़ने के कुछ सालों में ही वे मैनेजमेंट में शामिल हो गए थे। उनकी मेहनत से लुकोइल छोटे ऑयल ग्रुप से दुनिया की बड़ी ऊर्जा कंपनियों में शुमार हुई। वे क्रेमलिन के प्रति वफादार माने जाते रहे थे, लेकिन हमले की निंदा के बाद से समीकरण बदल गए थे।
इसी साल अप्रैल में इसके CEO और अरबपति वैगिट अलेक्पेरॉव (संपत्ति 1.27 लाख करोड़ रु.) ने डायरेक्टर और प्रेसिडेंट पद छोड़ दिया था। उन्होंने यह कदम यूक्रेन युद्ध के चलते ब्रिटेन द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने के अगले दिन और पुतिन से रिश्ते तोड़ने के सात हफ्ते बाद उठाया था।
बदल रहा रूस का मिजाज, युद्ध के बाद कई अरबपतियों की संदिग्ध मौत
फरवरी में यूक्रेन पर हमले के बाद से कई बिजनेसमैन की संदिग्ध स्थितियों में मौत हुई है। अप्रैल में गैस कंपनी सर्गेई प्रोटोसेन्या के पूर्व मैनेजर मिलियनेयर नोवाटेक पत्नी-बेटी के पास मृत मिले थे। अप्रैल में ही निजी बैंक के पूर्व वाइस प्रेसिडेंट व्लादिस्लाव एवायेव पत्नी-बेटी के साथ मृत मिले थे। मई में लुकोइल के पूर्व सीनियर मैनेजर अलेक्जेंडर सुबोटिन की मौत हो गई थी। अगस्त के मध्य में क्रेमलिन समर्थक पत्रकार दरिया दुगिना की हत्या और सेना भर्ती के बाद देश का मिजाज बदल गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.