ताइवान की राष्ट्रपति साई इंग-वेन को भारतीय भोजन खाना पसंद है। उन्होंने गुरुवार को खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट किया- ताइवान लकी है कि यहां पर कई भारतीय रेस्टोरेंट है। ताइवान के लोग उन्हें पसंद करते हैं। मैं हमेशा चना मसाला और नान खाना पसंद करती हूं। वहीं चाय मुझे भारत की मेरी यात्रा की याद दिलाता है। भारत एक वाइब्रेंट और कलरफुल देश है। उन्होंने ट्विटर यूजर्स से अपना पसंदीदा भारतीय भोजन बताने के लिए भी कहा।
अपनी ट्वीट के साथ वेन ने एक भारतीय थाली की तस्वीर भी पोस्ट की। इसमें चावल, नान, सलाद और कुछ दूसरे भारतीय व्यंजन नजर आ रहे थे। पास में ही एक स्टील की प्याली में चाय भी रखी थी। वेन पहले भी कुछ मौकों पर भारत की तारीफ कर चुकी हैं।
तीन दिन पहले भारतीय फॉलोवर्स की तारीफ की थी
वेन ने 13 अक्टूबर को अपने भारतीय फॉलोवर्स की तारीफ की थी। उन्होंने ट्वीट किया था- मेरे सभी भारतीय दोस्तों को नमस्ते। मुझे ट्विटर पर फॉलो करने के लिए आप सभी का शुक्रिया। आप की शुभकामनाएं मुझे भारत में बिताए गए समय की याद दिलाती है। आपके यहां की ऐतिहासिक इमारतें, आपकी संस्कृति औरअच्छे लोग कभी भुलाए नहीं जा सकते। मैं वहां बिताए गए वक्त को हमेशा मिस करती हूं।
चीन के खिलाफ ताइवान के साथ है भारत
चीन बीते कुछ समय से ताइवान को परेशान करने की कोशिश कर रहा है। चीनी फाइटर जेट और पोत ताइवान की सीमा में घुस आते हैं। भारत ने ताइवान का समर्थन किया है। भारत के साथ ही क्वाड देशों के दूसरे तीन सदस्य, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया ने भी चीन की इन हरकतों पर नाराजगी जाहिर की है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.