तुर्किये में फिर भूकंप, 6.4 आंकी गई तीव्रता:लेबनान, इजराइल तक महसूस हुए झटके, 10 सेकंड तक कांपी धरती

3 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
तुर्किये में एक लाख से ज्यादा इमारतें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। - Dainik Bhaskar
तुर्किये में एक लाख से ज्यादा इमारतें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं।

तुर्किये में सोमवार को एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.4 आंकी गई। झटके लेबनान और इजराइल तक महसूस हुए। स्थानीय समय के अनुसार रात करीब 8.30 बजे से 10 सेकंड तक झटके महसूस किए गए। इससे हुए नुकसान की अभी कोई जानकारी नहीं है।

इससे पहले आए भूकंप को दो हफ्ते पूरे हो गए हैं। मरने वालों की संख्या 46 हजार से ज्यादा हो चुकी है। तुर्किये सरकार ने कहारनमारस और हताय को छोड़कर सभी राज्यों में रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म कर दिया है। भारत से 'ऑपरेशन दोस्त' के तहत तुर्किये गई NDRF टीम भी वापस लौट आई है।

इधर, अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने तुर्किये का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भूकंप के बाद तुर्किये-सीरिया को दी जाने वाली मदद और राहत पैकेज पर चर्चा की। ब्लिंकन ने कहा कि अमेरिका के ओर से तुर्किये को लंबे समय के लिए मदद दी जाएगी। अब तक अमेरिका दोनों देशों के लिए 1,530 करोड़ रुपए की सहायता राशि दे चुका है।

6 हजार से ज्यादा आफ्टर शॉक आए
वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले दो हफ्ते में तुर्किये के 11 राज्यों में 6,040 आफ्टर शॉक आ चुके हैं। इन इलाकों को डिजास्टर जोन कहा जा रहा है। 6 हजार में से 40 आफ्टर शॉक 5 से 6 तीव्रता के थे। वहीं एक 6.6 तीव्रता का था। तुर्किये की स्थिति इतनी खराब है कि यहां एक लाख से ज्यादा इमारतें नष्ट हो गई हैं। अधिकारी लोगों को इनसे दूर रहने की सलाह दे रहे हैं।

दो हिस्सों में बंटा तुर्किये का गांव
न्यूज एजेंसी AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप के बाद एक गांव दो हिस्सों में बंट गया। तुर्किये के अंताक्या शहर के पास डेमिरकोप्रु (Demirkopru) गांव में भूकंप से इतनी तबाही हुई की जमीन में बड़ी दरार आ गई और गांव दो हिस्सों में बंट गया। यहां घर 13 फीट नीचे धंस गए। जमीन के नीचे से पानी ऊपर आ गया।

ये तस्वीर डेमिरकोप्रु गांव की है। यहां जमीन में आई दरार दिख रही है।
ये तस्वीर डेमिरकोप्रु गांव की है। यहां जमीन में आई दरार दिख रही है।
डेमिरकोप्रु गांव की इस तस्वीर में जमीन के नीचे से ऊपर आया पानी दिख रहा है।
डेमिरकोप्रु गांव की इस तस्वीर में जमीन के नीचे से ऊपर आया पानी दिख रहा है।

13 दिन बाद तीन लोगों का रेस्क्यू
इसी बीच तुर्किये में रेस्क्यू टीम ने 13 दिन बाद तीन लोगों को मलबे से जिंदा बाहर निकाला है। इनमें एक बच्चा है। वहीं, अब ज्यादातर लोग अपनों के जिंदा बाहर आने की उम्मीदें खो चुके हैं। वो चाहते हैं कि उनके अपनों के शव जल्द मिल जाएं, ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके। इस्लामिक रीति-रिवाजों के मुताबिक, शव को जल्द से जल्द दफनाया जाना चाहिए।

भूकंप से जुड़े बड़े अपडेट्स

  • तुर्किये में 40,642 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। सीरिया में 5,800 से ज्यादा लोग मारे गए हैं।
  • तुर्किये में एक करोड़ 30 लाख लोग 10 राज्यों में डिसप्लेस हो चुके हैं। अब तक 8 हजार लोगों को बचा लिया गया है।
  • तुर्किये-सीरिया में मलबे के नीचे दबे जिंदा लोगों की तलाश अब आखिरी चरण में है। इसके बाद शवों के ही मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है।
  • सीरिया में भूकंप पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने के लिए 20 फरवरी तक के लिए राष्ट्रीय ध्वज आधा झुकाया गया।

फोटोज में देखें भूकंप के बाद के हाल...

तुर्किये में बच्चे पत्थरों से 'भूकंप' नाम का गेम खेल रहे हैं। इससे वे इमारतें गिरने की प्रोसेस को समझ रहे हैं।
तुर्किये में बच्चे पत्थरों से 'भूकंप' नाम का गेम खेल रहे हैं। इससे वे इमारतें गिरने की प्रोसेस को समझ रहे हैं।
तस्वीर तुर्किये के बायर्कतार की है। एक बच्ची को मेकशिफ्ट हॉस्पिटल से बाहर लाया जा रहा है।
तस्वीर तुर्किये के बायर्कतार की है। एक बच्ची को मेकशिफ्ट हॉस्पिटल से बाहर लाया जा रहा है।
तुर्किये के हेल्थ मिनिस्टर फहरेतिन कोका ने हताय प्रांत में एक अस्पताल का दौरा किया।
तुर्किये के हेल्थ मिनिस्टर फहरेतिन कोका ने हताय प्रांत में एक अस्पताल का दौरा किया।
तुर्किये के कहरामनमारस में भूकंप में जान गंवाने वाले लोगों की कब्र के पास उनके परिजन।
तुर्किये के कहरामनमारस में भूकंप में जान गंवाने वाले लोगों की कब्र के पास उनके परिजन।
तुर्किये के कहरामनमारस में भूकंप में घर तबाह होने के बाद टेंट में रहकर दुआ कर रहा बुजुर्ग।
तुर्किये के कहरामनमारस में भूकंप में घर तबाह होने के बाद टेंट में रहकर दुआ कर रहा बुजुर्ग।
तुर्किये के अदियामान में भूकंप में घर तबाह होने के बाद टेंटों में रह रहे लोग।
तुर्किये के अदियामान में भूकंप में घर तबाह होने के बाद टेंटों में रह रहे लोग।
तुर्किये के कहरामनमारस में मलबे के ढेर के सामने खड़ा व्यक्ति
तुर्किये के कहरामनमारस में मलबे के ढेर के सामने खड़ा व्यक्ति

फीफा तुर्किये और सीरिया को मदद के लिए देगा 1 मिलियन डॉलर
भूकंप के साथ-साथ जंग से जूझ रहे सीरिया के उत्तर पश्चिमी इलाके में UN ने मदद के सामान के साथ 142 ट्रक भेजे हैं। वहीं अब तक वहां UN की 6 एजेंसियां मदद लेकर जा पाई हैं।

वहीं शुक्रवार को फुटबॉल की अंतर्राष्ट्रीय संस्था फीफा ने भी तुर्किये और सीरिया के लिए 1 मिलियन डॉलर की मदद देने की घोषणा की है।

भूकंप से तुर्किये को 6 लाख करोड़ रुपए के नुकसान की आशंका
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप से तुर्किये को 6 लाख करोड़ का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि सरकार ने इसे 4 लाख करोड़ रुपए ही माना है। रिपोर्ट के मुताबिक सबसे ज्यादा खर्च भूकंप की वजह से धराशायी हुई इमारतों को दोबारा से खड़ा करने में आएगा।

6 फरवरी को आए थे 3 बड़े भूकंप

  • तुर्किये और सीरिया में 6 फरवरी को सुबह 3 बड़े भूकंप आए थे। तुर्किये के वक्त के मुताबिक, पहला भूकंप सुबह करीब चार बजे (7.8), दूसरा करीब 10 बजे (7.6) और तीसरा दोपहर 3 बजे (6.0) आया।
  • इसके अलावा 243 आफ्टर शॉक्स भी दर्ज किए गए। इनकी तीव्रता 4 से 5 रही। तुर्किये में 7 फरवरी सुबह 8.53 पर फिर भूकंप आया। इसके बाद दोपहर 12.41 बजे 5.4 तीव्रता का भूकंप आया।
  • भूकंप का एपिसेंटर तुर्किये का गाजियांटेप शहर रहा। यह सीरिया बॉर्डर से 90 किमी दूर है। इसलिए इसके आसपास के इलाकों में ज्यादा तबाही हुई।

दुनिया में हर साल 20 हजार भूकंप आते हैं
हर साल दुनिया में कई भूकंप आते हैं, लेकिन इनकी तीव्रता कम होती है। नेशनल अर्थक्वेक इन्फॉर्मेशन सेंटर हर साल करीब 20 हजार भूकंप रिकॉर्ड करता है। इसमें से 100 भूकंप ऐसे होते हैं जिनसे नुकसान ज्यादा होता है। यह कुछ सेकेंड तक रहता है। अब तक के इतिहास में सबसे ज्यादा देर तक रहने वाला भूकंप 2004 में हिंद महासागर में आया था। यह भूकंप 10 मिनट तक रहा था।

ये खबर भी पढ़ें...

तुर्किये में भूकंप से आई दरारें स्पेस से दिखीं:ये पूरे महाद्वीप की सबसे बड़ी फॉल्ट लाइन बनीं; सैटेलाइट में कैद हुई तस्वीरें

तस्वीर तुर्किये के हासा कस्बे की है, यहां भी भूकंप की वजह से आई दरार को देखा गया है।
तस्वीर तुर्किये के हासा कस्बे की है, यहां भी भूकंप की वजह से आई दरार को देखा गया है।

6 फरवरी को सीरिया और तुर्किये में आए 7.8 और 7.5 तीव्रता के भूकंपों से बड़े पैमाने पर तबाही हुई है। घातक भूकंप से मरने वालों की संख्या 24 हजार से ज्यादा हो चुकी है। अब, यूके के रिसर्चरों ने विनाशकारी भूकंप से पहले और बाद की स्पेस से ली गई दो इमेज जारी की हैं।

सेंटर फॉर द ऑब्जर्वेशन एंड मॉडलिंग ऑफ अर्थक्वेक यानी COMET के रिसर्चरों ने बताया कि ये इमेज सेंटिनल -1 सैटेलाइट से ली गई हैं। भूकंप के बाद की तस्वीरों में धरती में आई काफी बड़ी-बड़ी दो दरारें दिख रही हैं। सबसे बड़ी दरार 300 किलोमीटर लंबी है। जो मेडिटरेनियन सी यानी भूमध्य सागर की टिप से नॉर्थ ईस्ट तक फैली है। पूरी खबर यहां पढ़ें..