सोशल मीडिया पर एक फोटोग्राफ काफी वायरल हो रहा है। इसमें एक व्यक्ति सूट-बूट में समुद्र के बीच खड़े होकर भाषण देते नजर आ रहा है। यह फोटो एक छोटे से देश तुवालु के विदेश मंत्री साइमन कोफे का है। कोफे अपने इस तरीके के जरिए दुनिया और यूएन को संदेश देना चाहते थे कि जलवायु परिवर्तन को नजरअंदाज करने के कितने गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया
यूएन ने क्लाइमेट चेंज के लिए स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में COP26 समिट का आयोजन किया है। पिछले दिनों राष्ट्राध्यक्षों ने भी इसमें शिरकत की थी। अधिकारी स्तर पर इस समिट में अब भी विचार चल रहा है। कोफे इसी में शिरकत कर रहे थे। उन्होंने यूएन को रिकॉर्डेड मैसेज भेजा।
समुद्र के किनारे सेट
कोफे अपने स्टाफ के साथ समुद्र किनारे पहुंचे। पीछे बैकग्राउंड के लिए पर्दा लगवाया। सामने पोडियम रखा। ट्राउजर घुटनों तक मोड़ा और फिर संदेश रिकॉर्ड कराया। कुछ ही देर में उनका वीडियो वायरल हो गया।
इस वीडियो के जरिए वो यह संदेश दे रहे थे कि दुनिया में जलवायु परिवर्तन की वजह से समुद्र का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और इससे तुवालु जैसे छोटे देशों के डूबने का खतरा है। लिहाजा, दुनिया के तमाम देश क्लाइमेट चेंज को रोकने पर गंभीर और सख्त कदम उठाएं।
टीवी पर संदेश
इस वीडियो को तुवालु के सरकारी टीवी TVBC ने लाइव टेलिकास्ट किया। तुवालु की राजधानी फनाफुटी के बीच पर यह रिकॉर्ड किया गया। तुवालु का क्षेत्रफल महज 25.9 वर्ग किलोमीटर है। इसकी जनसंख्या 11 हजार 792 है और इस देश में कुल 9 द्वीप शामिल हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.