• Hindi News
  • International
  • Ukraine Crisis Biden Looking For 'friends', Putin Will Go To See Nuclear Wargame; US Emergency Meeting NATO

युद्ध की आहट के बीच रूस का न्यूक्लियर गेम:यूक्रेन बॉर्डर पर लगभग डेढ़ लाख रूसी सैनिक तैनात, बाइडेन ने नाटो संगठन से बाहर के देशों से किया संपर्क

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

यूक्रेन संकट के मद्देनजर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने नाटो के सहयोगी देशों के साथ इमरजेंसी बैठक बुलाई है। रूस की ओर से हमले की आशंका के बीच बाइडेन को मित्र देशों की तलाश है। माना जा रहा है कि नाटो में शामिल कुछ देशों जैसे जर्मनी और तुर्की की ओर से बाइडेन को पर्याप्त समर्थन नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में बाइडेन ने नाटो संगठन से बाहर के देशों से संपर्क किया है। बाइडेन अभी कूटनीतिक तौर पर यूक्रेन संकट में अमेरिकी की भूमिका को मजबूत करने में जुटे हैं।

इस बीच, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शनिवार को यूक्रेनी सीमा पर रूस की सेनाओं के न्यूक्लियर वॉरगेम को देखने के लिए जाएंगे। यूक्रेन की सीमा पर लगभग डेढ़ लाख से अधिक रूसी सेनाओं की तैनाती के बीच पुतिन द्वारा खुद वॉरगेम देखने जाने को बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है। रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार इस वॉरगेम में न्यूक्लियर वॉरहैड वाली इंटरकॉन्टिनेंटल बैलेस्टिक मिसाइल और क्रूज मिसाइलों सहित उत्तरी और दक्षिणी काले सागर की सेनाएं भी शामिल होंगी।

यूक्रेन सीमा पर बच्चों के स्कूल पर गिरा बम, 3 टीचर जख्मी
इस बीच गुरुवार को यूक्रेन सीमा पर लुहांसका में बच्चों के एक स्कूल पर बम गिरने से तीन टीचर घायल हो गए। बहरहाल, कोई बच्चा घायल नहीं हुआ है। यूक्रेन सेना के अनुसार इस क्षेत्र में रूस समर्थित यूक्रेनी अलगाववादी संगठन सक्रिय हैं। अलगाववादी संगठनों ने शुक्रवार देर रात को कहा कि वे यूक्रेन के पूर्वी क्षेत्रों के नागरिकों को रूस लेकर जाएंगे। इन संगठनों का कहना है कि युद्ध का कांउटडाउन शुरू हो चुका है।

नाटो की बैठक में कमला हैरिस पहुंचीं जर्मनी, रूस पर प्रतिबंधों की चेतावनी दी
अमेरिकी उप राष्ट्रपति कमला हैरिस शुक्रवार को नाटो की बैठक में भाग लेने के लिए जर्मनी पहुंचीं। उन्होंने नाटो महासचिव स्टाॅटलबर्ग के साथ बैठक की। कमला हैरिस ने कहा कि यूक्रेन पर हमले की सूरत में अमेरिका रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाएगा। उन्हाेंने दावा किया कि अमेरिका को नाटो सहित अन्य देशों की ओर से यूक्रेन के मसले पर समर्थन प्राप्त है।

एक माह के दौरान ही रूस ने यूक्रेेन सीमा पर 50 हजार सैनिक बढ़ाए: अमेरिका
अमेरिका ने शुक्रवार को दावा किया है कि पिछले एक माह के दौरान ही रूस ने यूक्रेन की सीमा पर अपने लगभग 50 हजार सैनिकों को बढ़ा दिया है। वर्तमान में यूक्रेनी सीमा पर लगभग दो लाख रूसी सैनिक तैनात हैं। अमेरिका का कहना है कि रूस ने पिछले हफ्ते यूक्रेन सीमा से अपने सैनिकों की संख्या में कमी का झूठा दावा किया था।