• Hindi News
  • International
  • Ukraine Russia War Coverage LIVE Updates; Vladimir Putin | Volodymyr Zelensky | Russia Ukraine News | Joe Biden | Donald Trump

यूक्रेन पर हमले का 13वां दिन:पुतिन पर अमेरिका का शिकंजा, बाइडेन ने रूस से गैस और ऑयल इम्पोर्ट पर बैन लगाया

मॉस्को/कीवएक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रूस और यूक्रेन की जंग का आज 13वां दिन है। अमेरिका, ब्रिटेन और उनके सहयोगी देश रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन को घेरने के लिए लगातार प्रतिबंधों का ऐलान कर रहे हैं। इसी क्रम में आज अमेरिका ने रूस से गैस, ऑयल और कोयला इम्पोर्ट पर बैन का ऐलान कर दिया है।

बाइडेन ने कहा कि हम दुनिया के इतिहास में सबसे कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगा रहे हैं। इससे रूस की इकोनॉमी को भारी नुकसान पहुंचेगा।

डिप्लोमैसी से इतर रूसी सेना लगातार यूक्रेन के अलग-अलग शहरों को निशाना बना रही है। आज भी सुमी शहर के रिहायशी इलाकों पर मिसाइल अटैक किया गया, जिसमें दो बच्चों समेत 21 लोगों की मौत हो गई। वहीं, यूक्रेन का दावा है कि अब तक 12 हजार से ज्यादा रूसी सैनिक मारे जा चुके हैं, साथ ही रूस के 303 टैंक और 48 लड़ाकू विमान तबाह हो चुके हैं।

बेहतर जिंदगी का ख्वाब देखने वाली आंखों में अब सिर्फ आंसू...
रूसी बमबारी के बीच लोग अपनी जान बचाने के लिए यूक्रेन छोड़ रहे हैं। इनमें बच्चे, बुजुर्गों से लेकर बीमार तक शामिल हैं। इस तस्वीर को देखकर आप समझ सकेंगे कि कल तक बेहतर जिंदगी का ख्वाब देखने वाली आंखों में अब केवल आंसू बचे हैं।

स्टोरी के कवर इमेज पर क्लिक करके आप इस तस्वीर का वीडियो देख सकते हैं।
स्टोरी के कवर इमेज पर क्लिक करके आप इस तस्वीर का वीडियो देख सकते हैं।

ऊपर की तस्वीर देखकर समझा जा सकता है कि रूस-यूक्रेन की जंग अब इंसानियत को हराती नजर आ रही है। अपने समय की सबसे दर्दनाक त्रासदी को रोकने के लिए क्या उपाय किए जाने चाहिए, इस पर आप अपनी राय यहां दे सकते हैं...

जंग के अहम अपडेट्स -

  • ब्रिटेन की संसद को संबोधित करते हुए जेलेंस्की ने कहा कि रूस को आतंकी देश घोषित कर देना चाहिए। वहीं, PM बोरिस जॉनसन को धन्यवाद देते हुए कहा कि रूस के खिलाफ प्रतिबंधों को लेकर और दबाव बनाया जाए।
  • यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि दुनिया ऐसे ही दूर खड़ी रही तो हम सब हार जाएंगे। हम अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। दुनिया को हमें बचाना चाहिए।
  • रूस ने चेतावनी दी है कि वो जर्मनी के लिए गैस पाइपलाइन बंद कर सकता है।
  • रूस ने लगातार दूसरे दिन नागरिकों को निकालने के लिए सीजफायर जारी रखने की बात कही है। आज कीव, खार्किव, सुमी, चर्नीहीव और मारियुपोल शहरों में युद्ध विराम रहेगा।
  • यूक्रेन ने रूस के मेजर जनरल विटैली गेरासिमोव को मार देने का दावा किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक वे खार्किव के पास यूक्रेन और रूस की सेनाओं के बीच जंग में मारे गए।
  • यूक्रेन का दावा है कि रूस के हमले में अब तक 203 स्कूल और 34 हॉस्पिटल तबाह हो चुके हैं। इस बीच, युद्ध विराम को लेकर दोनों देशों के बीच तीसरे दौर की बातचीत बेनतीजा रही।
  • रिपोर्ट्स के मुताबिक रूस ने दावा किया है कि यूक्रेन अपने चेर्नोबिल के खराब पड़े न्यूक्लियर प्लांट में डर्टी बम डेवलप करने में जुटा हुआ था।
  • यूक्रेन ने कहा है कि सोमवार को मार्किव बेकरी पर रूसी हमले में 13 नागरिकों की मौत हुई है।
  • कीव में आम लोगों को निकालने के लिए बनाए गए ह्यूमन कॉरिडोर पर रूसी अटैक में दो बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हुई है।
  • यूक्रेन के पूर्व राष्ट्रपति विक्टर यानुकोविच ने जेलेंस्की से किसी भी कीमत पर युद्ध रोकने की अपील की है।
  • यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की का दावा है कि 13 दिन की जंग में रूस के इतने एयरक्राफ्ट तबाह हो चुके हैं, जितने 30 साल में भी नहीं होते।
  • यूक्रेन के सुमी शहर में जिस जगह भारतीय छात्र फंसे हुए हैं, रूस ने उस इलाके में तीन दिन में 500 किलोग्राम के कई बम बरसाए हैं।

मैप से समझिए, 7 मार्च तक रूसी सेना की स्थिति

इस मैप में रूसी सेना लगभग उसी स्थिति में है, जहां वह 6 मार्च को मौजूद थी।
इस मैप में रूसी सेना लगभग उसी स्थिति में है, जहां वह 6 मार्च को मौजूद थी।

रूस-यूक्रेन जंग पर भास्कर की स्पेशल रिपोर्ट्स आप यहां पढ़ सकते हैं...

  • जंग से यूक्रेन के अलग अलग हिस्सों में हालात बदतर होते जा रहे हैं। रूसी सैनिक कीव, खार्किव समेत कई शहरों पर रॉकेट और मिसाइलें दाग रहे हैं। क्या आप सोच सकते हैं कि बरसते रॉकेट और मिसाइलों के बीच कोई कपल अपनी नई जिंदगी की शुरुआत कर सकता है। युद्ध क्षेत्र में दो सैनिकों की शादी की सुकूनभरी खबर आप यहां पढ़ सकते हैं..
  • रूस-यूक्रेन की जंग को रोकने की कोशिश भी लगातार जारी है। अमेरिका और कई दूसरे देश यूक्रेन के साथ हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की की अपील पर इजराइल के प्रधानमंत्री नफ्टाली बेनेट, तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोआन और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने रूसी राष्‍ट्रपति व्‍लादिमिर पुतिन से टेलीफोन पर बात की। इसके बावजूद जंग क्यों नहीं रुकी, जानने के लिए यह खबर पढ़ें..
  • खेल के मैदान से लेकर एयरस्पेस तक, SWIFT से बाहर करने से लेकर अरबपतियों की संपत्ति जब्त करने तक; रूस पर प्रतिबंधों के जरिए दबाव बनाने की कोशिशें जारी हैं। अमेरिका समेत कई पश्चिमी देशों ने रूस पर आर्थिक, व्यक्तिगत, खेलों से जुड़े और एयरस्पेस से जुड़े प्रतिबंध लगाए हैं। इनसे रूस पर क्या असर होगा, जानें भास्कर इन्डेप्थ स्टोरी में...
  • यूक्रेन पर हमले के बाद पश्चिमी देश लगातार रूस पर दबाव बनाने के लिए सख्त प्रतिबंध लगा रहे हैं। ब्रिटेन का कहना है कि रूस से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की स्थायी सदस्यता छीन ली जानी चाहिए। सीधे तौर पर देखा जाए तो ब्रिटेन की मंशा रूस से वीटो पावर छीनने की है। रूस से वीटो छीन कर सुरक्षा परिषद से कैसे बाहर किया जा सकता है? जानिए इस खास खबर में..

इन्फोग्राफिक से समझिए यूक्रेन पर हमले के पीछे पुतिन की मंशा
​​​​​​
​यूक्रेन सोवियत संघ का हिस्सा था। जब USSR का विघटन हुआ, तो यूक्रेन ने आजादी का ऐलान कर दिया। इसके बाद असली टकराव तब पैदा हुआ, जब यूक्रेन ने NATO में शामिल होने की कोशिश की। रूस ने इसका विरोध किया और घोषित तौर पर इसे ही जंग की वजह बताया जा रहा है, लेकिन क्या इसके पीछे पुतिन की कोई और मंशा भी छिपी हो सकती है? नीचे दिए इन्फोग्राफिक से समझिए...