रूसी सैनिकों ने शनिवार को यूक्रेन के खार्किव इलाके के कुपियांस्क शहर में नागरिकों के काफिले पर हमला कर दिया। इस हमले में 10 बच्चों समेत 20 लोगों की मौत हो गई। खार्किव के गवर्नर ओलेह सिनेहुबोव ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि हमला कुपियांस्क शहर में हुआ है, यह रूस की सीमा से सटा हुआ है।
रूसी सेना में 7 गाड़ियों को बनाया निशाना
रूस की सैनिकों ने आम नागरिकों की 7 गाड़ियों के काफिले को निशाना बनाया। रूसी सैनिकों ने गाड़ियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। गोलीबारी से बचने के लिए लोगों ने भागने का प्रयास किया, इस दौरान 20 लोग मारे गए। यूक्रेन ने इस हमले की निंदा की है।
यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा कि इसे किसी भी तरीके से उचित नहीं ठहराया जा सकता है। हालांकि रूस की ओर से अभी तक इस हमले पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
शुक्रवार को हमले में हुई थी 30 लोगों की मौत
इससे पहले शुक्रवार को यूक्रेन के दक्षिणी इलाके जैपोरिज्जिया में भी सैनिकों ने आम लोगों के काफिले पर हमला किया था। यहां रूसी सैनिकों ने सोवियत संघ के जमाने के एस-300 मिसाइल से स्थानीय लोगों को निशाना बनाया। जिसमें 30 लोग मारे गए, हालांकि रूस ने इस हमले के लिए यूक्रेन को जिम्मेदार बताया था।
रूस-यूक्रेन जंग से जुड़ी अन्य खबरें यहां पढ़ें...
यूक्रेन का 18% हिस्सा रूस में शामिल, पुतिन ने करार पर दस्तखत किए
रूस ने यूक्रेन पर 24 फरवरी 2022 की रात को हमला किया था। सात महीने से ज्यादा समय से दोनों देशों के बीच जंग जारी है। रूस ने यूक्रेन के 4 राज्यों पर कब्जा कर लिया है। रूस ने शुक्रवार यानी 30 सितंबर को अपने इलाके में शामिल कर लिया। ये इलाके डोनेट्स्क, लुहांस्क, खेरसॉन और जपोरिजिया हैं। क्रेमलिन में एक खास समारोह में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने इन 4 राज्यों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में समझौते पर दस्तखत किए।
करार पर सिग्नेचर से पहले पुतिन ने भाषण दिया। कहा- यह रूस के करोड़ों लोगों का सपना था। यह इन चार हिस्सों में रहने वाले लोगों की भी इच्छा और हक था। रूस ने इन इलाकों में जनमत संग्रह यानी रेफरेंडम कराने के बाद इन्हें अपनी सीमा में शामिल किया है। पढ़ें पूरी खबर...
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.