अरबपति निवेशक स्मिथ 400 कॉलेज छात्रों का 280 करोड़ रुपए का लोन चुकाएंगे

4 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
  • अटलांटा के मोरहाउस कॉलेज के छात्रों के लिए अब तक का सबसे बड़ा गिफ्ट
  • विस्टा इक्विटी पार्टनर्स के फाउंडर रॉबर्ट एफ स्मिथ की नेटवर्थ 31290 करोड़ रुपए  

वॉशिंगटन. अरबपति निवेशक और परोपकारी रॉबर्ट एफ स्मिथ अटलांटा के मोरहाउस कॉलेज से इस साल ग्रेजुएशन करने वाले करीब 400 छात्रों का 4 करोड़ डॉलर (280 करोड़ रुपए) का स्टूडेंट लोन चुकाएंगे। स्मिथ ने रविवार को कॉलेज के दीक्षांत समारोह में यह ऐलान किया। स्मिथ विस्टा इक्विटी पार्टनर्स के फाउंडर और सीईओ हैं। उनकी फर्म सॉफ्टवेयर, डेटा और टेक्नोलॉजी से जुड़ी कंपनियों में निवेश करती है।

1) 2 लाख डॉलर का लोन चुकाने में एक छात्र को 25 साल लग जाते

स्मिथ के ऐलान से कॉलेज फैकल्टी और स्टूडेंट चौंक गए। कॉलेज का कहना है कि यह अब तक का सबसे बड़ा तोहफा है। मोरहाउस अश्वतों का कॉलेज है। स्मिथ खुद भी अश्वेत हैं। उन्होंने कहा कि हम 8 पीढ़ियों से अमेरिका में रह रहे हैं। इसलिए मेरा परिवार कुछ योगदान देना चाहता है।

एक छात्र ने पिछले दिनों गणना की थी कि उसे 2 लाख डॉलर का स्टूडेंट लोन चुकाने में 25 साल लग जाएंगे। इसके लिए उसे हर महीने अपनी आधी सैलरी देनी होगी। ऐसे में स्मिथ का ऐलान बेहद अहम है।

दीक्षांत समोरोह के दौरान स्मिथ को मोरहाउस कॉलेज की ओर से डॉक्टरेट की मानद उपाधि दी गई। वो कॉलेज के लिए 15 लाख डॉलर (10.5 करोड़ रुपए) देने का ऐलान पहले ही कर चुके हैं। स्मिथ की नेटवर्थ 4.47 अरब डॉलर (31290 करोड़ रुपए) है।

छात्रों के ऊपर लगातार बढ़ रहा कर्ज अमेरिका में राष्ट्रीय मुद्दा बन गया है। राष्ट्रपति पद के लिए दावेदारी पेश कर रहे कई डेमोक्रेट्स सांसदों ने इस पर चिंता जाहिर की है। रेटिंग एजेंसी फिच के मुताबिक अमेरिकी छात्रों पर 105 लाख करोड़ रुपए का कर्ज बकाया है।