वेनेजुएला और अमेरिका के बीच तकरार एक बार फिर से बढ़ रही है। वेनेजुएला में गिरफ्तार किए गए दो अमेरिकी नागरिकों में से एक ने वहां की सरकारी टीवी में स्वीकार किया है कि वह राष्ट्रपति मादुरो का अपहरण करने आया था। उसने बताया कि अमेरिका की वेनेजुएला में तख्तापलट की योजना थी। उन्हें वेनेजुएला के मेन एयरपोर्ट को कब्जे में लेना था, लेकिन उससे पहले ही वह पकड़ा गया।
ल्यूक डेनमैन नाम के इस शख्स को एक और साथी आइरन बेरी के साथ गिरफ्तार किया गया है। पिछले हफ्ते वे मछली पकड़ने वाली नौकाओं के बेड़े से देश में घुस रहे थे। इन दोनों अमेरिकी नागरिकों के अलावा 11 और लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि आठ लोग मारे गए हैं। वेनेज़ुएला का कहना है कि वे सब उग्रवादी हैं और उनके विद्रोह को नाकामयाब कर दिया गया है। वेनेज़ुएला की सेना ने कहा है कि दोनों अमेरिकी सेना के जवान हैं।
कबूलनामे के वीडियो को बहुत ज्यादा एडिट किया गया है
अमेरिकी नागरिक के कबूलनामे के जिस वीडियो को दिखाया गया है, उसे बहुत ज्यादा एडिट किया गया है। वीडियो में टेक्सास के ऑस्टिन निवासी ल्यूक डेनमैन दिख रहा है। उसने बताया कि काराकास आने से पहले वह जनवरी में कोलंबिया गया था। इसके बाद उसने रोहचिया के पास वेनेजुएला के लड़ाकों को ट्रेनिंग दी। उन लोगों को एक एयरपोर्ट पर कब्जा करके मादुरो का अपहरण करके अमेरिका ले जाना था।
डेनमैन ने यह भी बताया कि वह वेनेजुएला के लोगों को उसकी सत्ता दिलाने में मदद कर रहा था। वह अमेरिका की प्राइवेट सिक्युरिटी कंपनी सिल्वरकॉर्प के लिए काम कर रहे थे। इस कंपनी को मिलेट्री वेटरन जॉर्डन गोड्रे चलाते हैं।
मादुरो ने कहा- विपक्ष के नेता जुआन गुएडो से हुआ था कांट्रैक्ट
वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने कहा है कि विपक्ष के नेता जुआन गुएडो ने सिल्वरकॉर्प के साथ कंट्रैक्ट साइन किया था। मालूम हो की जुआन को अमेरीका और यूरोपियन यूनियन का समर्थन मिला हुआ है। उन्होंने खुद को राष्ट्रपति घोषित कर रखा है। हालांकि, गुएडो ने इन आरोपों को नकारा है।
पोम्पियो बोले- अमेरिकी नागरिकों की सुरक्षा के लिए कुछ भी करेंगे
शुरुआत में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने इस घटना में अमेरिका की किसी भी तरह की भूमिका से इनकार दिया था। अब अमेरिका ने स्वीकार किया है कि वे दोनों अमेरिकी नागरिक हैं। हालांकि, उन्होंने किसी रणनीती से इनकार किया है। अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने कहा है कि अमरीकी सरकार दोनों को सुरक्षित लाने के लिए सभी तरीके अपनाएगी।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.