नॉर्थ कोरिया खाने की कमी से जूझ रहा है, जिसे देखते हुए तानाशाह किम जोंग उन ने लोगों के लिए नया आदेश जारी किया है। वहीं, ताइवान ने चीन को साफ लहजे में चेताया है कि लोकतंत्र और आजादी कोई अपराध नहीं है, हम हांगकांग का समर्थन करते रहेंगे। इसके अलावा अमेरिका के कोलोराडो के जंगल में फैली आग की वजह से 1000 मकान जलकर खाक हो गए। पढ़िए, आज दिन भर की वो 5 बड़ी खबरें जो पूरे दिन सुर्खियों में छायी रही।
(1) नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग ने लोगों से कम खाना खाने को कहा
2022 में उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन का मुख्य लक्ष्य आर्थिक विकास रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से कम खाना खाने को कहा है। उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया के मुताबिक, कोरिया वर्कर्स पार्टी (डब्ल्यूपीके) की बैठक में किम जोंग ने इस बारे में जानकारी दी। किम ने कहा- अब देश में फैक्ट्रियां लगाने पर काम होगा और लोगों के जीवन में सुधार लाया जाएगा। इस वक्त देश 'जिंदगी और मौत से जूझ रहा है'।
मीडिया ने किम की जो तस्वीर जारी की है उनमें वो पहले के मुकाबले काफी दुबले नजर आ रहे हैं। सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, देश में भोजन की कमी को देखते हुए किम जोंग ने अपनी खुराक कम कर दी है। इसके साथ उन्होंने हालात नॉर्मल होने तक देश के लोगों को भी कम खाना खाने का आदेश दिया है।
(2) पोप फ्रांसिस ने महिलाओं के अपमान को बताया भगवान का अपमान
पोप फ्रांसिस ने नए साल के संबोधन में 'महिलाओं का अपमान ईश्वर का अपमान' बताया है। पोप ने लोगों से दुनिया में शांति स्थापित करने का भी आह्वान किया। वैटिकन में दिए अपने संबोधन में पोप ने कहा- हमें शांति की जरूरत है। चलो शांति के बारे में सोचते हुए घर चलते हैं। शांति स्थापित करने के लिए दूसरों को क्षमा करना और न्याय को बढ़ावा देना होगा।
पोप ने आगे कहा- मां जीवन देती हैं और महिलाएं दुनिया को एक रखती हैं, इसलिए महिलाओं की रक्षा करने के लिए और अधिक कोशिश करनी चाहिए। अगर आप किसी महिला को एक भी चोट पहुंचाते हैं तो भगवान का अपमान करते हैं।
(3) चीन को ताइवान की दो टूक- आजादी कोई अपराध नहीं, हम नहीं झुकेंगे
ताइवान की राष्ट्रपति साई इंग-वेन ने शनिवार को बॉर्डर पर चीन की बढ़ती घुसपैठ और देश की आजादी और लोकतंत्र पर बड़ा बयान दिया। साई ने कहा- लोकतंत्र और आजादी कोई अपराध नहीं है, हम हांगकांग का समर्थन करते रहेंगे। हम ताइवान को और बेहतर बनाएंगे और दुनिया को दिखाएंगे कि लोकतांत्रिक ताइवान में सत्तावादी चीन की छाया से बाहर निकलने का साहस है। हम दबाव के आगे नहीं झुकेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोशल मीडिया पर लाइव भाषण में साई ने कहा- हम अपनी आजादी व लोकतंत्र को और मजबूत करते रहेंगे। हम चीन को याद दिला रहे हैं कि वो हालत का गलत आकलन नहीं करे। साई इंग-वेन ताइवान को एक संप्रभु देश के तौर पर देखती हैं। उनका मानना है कि ताइवान 'वन चाइना' का हिस्सा नहीं है।
(4) अमेरिका के कोलोराडो में भीषण आग से 1000 मकान जलकर खाक
अमेरिका के कोलोराडो के जंगल में फैली आग की वजह से 1000 मकान जलकर खाक हो गए। लुइसविले और सुपीरियर शहर में करीब 30,000 लोगों को घर छोड़ने के लिए कहा गया है। आग की वजह से घरों के साथ 1 शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और होटल भी जल गया। कुल मिलाकर लगभग 6,000 एकड़ जमीन जल चुकी है। इस इलाके में 169 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही है। तेज हवाओं के कारण आग और तेजी से फैल रही है। शुक्रवार सुबह से इस इलाके में बर्फवारी शुरू हो गई है। जिससे फायर फाइटर्स को मदद मिल रही है। कोलोराडो के जंगल में आग गुरुवार को लगी थी। जिसके बाद यह आग 6.5 वर्ग किलोमीटर के इलाके में फैल गई। राज्य के अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
(5) 2021 में 56% बढ़े आतंकी हमले, बेहाल हुआ पाकिस्तान
पाकिस्तान में 2021 में आतंकवादी हमलों में 56% की बढ़ोतरी हुई है। इस्लामाबाद के थिंकटैंक की रिपोर्ट में यह बात सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2021 में आतंकवादियों ने 294 हमले किए, जिसमें 388 लोगों की मौत हुई और 606 लोग घायल हुए। अगस्त में सबसे ज्यादा 45 आतंकवादी हमलों हुए थे। पाकिस्तान में हर महीने औसत 25 आतंकी घटनाएं दर्ज की गई हैं। पाकिस्तान तालिबान के साथ अफगानिस्तान तालिबान भी इमरान सरकार के लिए आफत का सबब बना हुआ है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.