दुनिया की सबसे बुजुर्ग महिला जापान की केन तनाका ने रविवार को फुकुओका के नर्सिंग होम में 119वां जन्म दिन मनाया। उनके परिजनों ने बताया कि वह प्रथम विश्व युद्ध शुरू होने से 11 साल पहले 2 जनवरी 1903 को पैदा हुई थीं। उम्र ज्यादा होने के चलते वह अब बोल नहीं सकतीं और इशारों से ही बातचीत करती हैं। उन्हें चॉकलेट और फिजी ड्रिंक्स पसंद है। वक्त बिताने के लिए वह नबंर गेम खेलना पसंद करती हैं।
तनाका के जन्म के एक साल बाद ही रूस-जापान के बीच युद्ध शुरू हुआ था। तनाका का बचपन जापान के मीजी युग के अंतिम सालों में गुजरा, जिसे आधुनिकीकरण का परिवर्तनकारी काल माना जाता है। 2019 में जब वह 116 साल की थीं, तब उन्हें गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दुनिया की सबसे बुजुर्ग व्यक्ति के रूप में स्थान मिला था।
नौ भाई-बहनों में सातवें क्रम पर तनाका ने 19 साल की उम्र में शादी की थी। 1937 में उनके पति और उनका बड़ा बेटा चीन के साथ युद्ध के लिए मोर्चे पर गया तो वह परिवार के साथ नूडल्स की दुकान चलाने लगीं। तनाका ने उम्र के इस पड़ाव में जापान के पांच शाही शासनकाल देखे हैं। 2020 तक तनाका के 5 पोते और 8 परपोते थे।
90 साल की उम्र में तनाका का मोतियाबिंद का ऑपरेशन हुआ था। उन्होंने 103 वर्ष की उम्र में कोलोरेक्टल कैंसर की सर्जरी भी करवाई थी। उनके 67 साल के पोते इजी ने कहा- ‘मुझे उम्मीद है कि दादी इसी तरह हंसते हुए और मौज-मस्ती करते हुए दिन गुजारेगी। हम उनकी अच्छी सेहत की कामना करते हैं।’
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.