14 जनवरी, शनिवार की रात तकरीबन 9 बजे सूर्य धनु राशि से निकलकर मकर में प्रवेश कर जाएगा। इसी के साथ 15 दिसंबर से चल रहा खरमास खत्म हो जाएगा। अब रविवार से गृह प्रवेश, सगाई, शादियां और अन्य मांगलिक कामों के लिए मुहूर्त शुरू हो जाएंगे।
जब सूर्य गुरु की राशियों यानी धनु और मीन में होता है, तब शादी, सगाई, गृह प्रवेश, मुंडन और अन्य मांगलिक कामों के लिए मुहूर्त नहीं होते हैं। साल में ऐसा दो बार होता है। पहला दिसंबर-जनवरी में। दूसरा, मार्च-अप्रैल के बीच। लेकिन इन दिनों व्रत, पूजा-पाठ और हर तरह की खरीदारी कर सकते हैं। जॉब-बिजनेस या कामकाज में नई शुरुआत भी की जा सकती है।
खरमास 14 जनवरी तक
हर साल जब 14-15 दिसंबर को सूर्य धनु राशि में आता है तो खरमास की शुरुआत हो जाती है। जो कि मकर संक्रांति तक चलता है। इस एक महीने में मांगलिक कामों के लिए मुहूर्त नहीं होते हैं।
अब मीन मास 15 मार्च से
जब सूर्य गुरु की राशि यानी मीन में आ जाता है तो मीन मास शुरू हो जाता है। ये भी खरमास की तरह ही होता है। लेकिन ये हर साल 14-15 मार्च से शुरू होकर 14-15 अप्रैल तक रहता है। इस एक महीने के दरमियान भी कोई शुभ काम नहीं किया जाता है।
इस महीने गुप्त नवरात्र और वसंत पंचमी भी
14 जनवरी को खरमास खत्म होने के साथ मकर संक्रांति पर्व मनेगा। इस दिन से उत्तरायण शुरू हो जाएगा। इस पवित्र पर्व के बाद मोक्ष देने वाली षटतिला एकादशी 18 तारीख को रहेगी। दो दिन बाद ही शनिवार को मौनी अमावस्या रहेगी। ये पितरों को मोक्ष देने वाला महा पर्व होता है। इसके अगले ही दिन से गुप्त नवरात्र शुरू हो जाएंगे। जो कि देवी की गुप्त आराधना का पर्व है। इसमें पांचवें दिन, 26 जनवरी को वसंत पंचमी पर्व मनाया जाएगा। इस दिन संसार को बुद्धि और ज्ञान देने वाली देवी सरस्वती की महा पूजा की जाएगी।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.