फरवरी 2023 में अंक ज्योतिष का दुर्लभ योग:इस महीने की सभी तारीखों में मूलांक और भाग्यांक रहेगा एक ही

2 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

2023 के दूसरे महीने में अंक ज्योतिष का दुर्लभ योग बन रहा है। इस महीने की सभी तारीखों पर मूलांक और भाग्यांक एक जैसे ही रहेंगे। मूलांक यानी जन्म तारीख, जिस तारीख को किसी व्यक्ति का जन्म हुआ है, वही मूलांक होता है। भाग्यांक जन्म तारीख से साथ महीना का नंबर और सन् को भी जोड़ा जाता है। तारीख, महीना और सन् का जो जोड़ आता है, वह भाग्यांक होता है।

उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. मनीष शर्मा के मुताबिक, आमतौर पर अधिकतर लोगों के मूलांक और भाग्यांक अलग-अलग होते हैं। मूलांक से व्यक्ति के दैनिक जीवन के बारे में भविष्यवाणी की जाती है। भाग्यांक से किसी व्यक्ति के जीवन की बड़ी-बड़ी घटनाओं और स्थाई कामों के बारे में गणना की जाती है।

ऐसे निकाल सकते हैं मूलांक

जिन लोगों की जन्म तारीख 1 से 9 के बीच हैं, उनका मूलांक वही तारीख होती है। जन्म तारीख दो अंकों की है तो दोनों अंकों को आपस में जोड़कर मूलांक मिलता है। उदाहरण के लिए, अगर जन्म तारीख 29 है तो 2+9 = 11, 1+1 = 2. इस तरह 29 तारीख को जन्मे व्यक्ति का मूलांक 2 होगा।

ऐसे मालूम कर सकते हैं भाग्यांक

भाग्यांक मालूम करने के लिए जन्म तारीख के साथ ही महीना का अंक और सन् भी जोड़ा जाता है। उदाहरण के लिए, किसी की जन्म तारीख 20 फरवरी 1999 है तो 2+0+2+1+9+9+9 = 32, 3+2 = 5. इस तरह भाग्यांक 5 होगा।

फरवरी 2023 में एक ही अंक रहेगा मूलांक और भाग्यांक

3 फरवरी 2023 का मूलांक 3 है। इस तारीख भाग्यांक ऐसे निकालेंगे - 3+2+2+0+2+3 = 12, 1+2 = 3. इस तरह भाग्यांक भी 3 ही होगा।

ऐसा पूरे फरवरी महीने की सभी तारीखों के साथ होगा। अंक ज्योतिष विधि से इस महीने में जन्म लेने वाले लोगों के भविष्य को जानने के लिए एक ही अंक से गणना की जाएगी, क्योंकि मूलांक और भाग्यांक एक ही अंक रहेगा।