आज शाम को सूरज डूबने के बाद पश्चिम दिशा में चंद्रमा के नजदीक शुक्र और शनि तारों के रूप में दिखेंगे। दरअसल अंतरिक्ष में ये तीनों ही प्लेनेट नजदीक आ गए हैं, और पृथ्वी के इतने करीब कि इन्हें बिना टेलीस्कोप या किसी और यंत्र की मदद के भी देखा जा सकेगा। ऐसी खगोलीय घटना तकरीबन 30 सालों में एक बार होती है।
जीवजी वेधशाला उज्जैन के अधीक्षक, राजेंद्र गुप्त का कहना है कि अमावस्या के बाद दूसरा दिन होने से आज रात चंद्रमा सिर्फ 8 बजे तक ही दिखेगा। वहीं, सूर्यास्त शाम 6 बजे तक हो जाएगा। इसलिए तकरीबन ड़ेढ़ घंटे तक ये खगोलीय नजारा दिखेगा। उस वक्त आसमान में तीनों ग्रह एक रेखा के पार जाते हुए नजर आएंगे।
आज चंद्रमा 27 डिग्री, शुक्र 25 और शनि 24 डिग्री पर रहेगा। इसलिए ये तीनों ही ग्रह एक दूसरे के काफी नजदीक होंगे। सूर्यास्त के बाद पश्चिम दिशा में हाशिए के आकार का चंद्रमा दिखाई देगा। चंद्रमा के ठीक नीचे थोड़ा दक्षिण की ओर लट्टू के जैसा चमकता हुआ शुक्र ग्रह दिखेगा और शुक्र के ठीक नीचे कम चमकदार शनि ग्रह होगा।
इन ग्रहों से त्रिकोण का आकर बनेगा। ये खगोलीय घटना घर की छत या किसी भी उंची जगह से बिना किसी यंत्र के देखी जा सकेगी। इसको देखने के लिए किसी खास चश्मे की भी जरूरत नहीं होगी।
ज्योतिष के नजरीये से जानते हैं इस खगोलीय घटना का क्या असर होगा...
वडोदरा के ज्योतिषाचार्य डॉ. मृत्युंजय तिवारी के मुताबिक ये खगोलीय घटना ज्योतिषिय नजरिये से भी बहुत खास रहेगी। कुंभ राशि में चंद्रमा, शुक्र और शनि से त्रिग्रही युति बन रही है। 30 साल बाद इन ग्रहों का ऐसा संयोग बन रहा है। इनमें शनि और शुक्र आपस में मित्र हैं। ये दोनों ग्रह जब एक ही राशि में मौजूद होते हैं तो एक दूसरे के प्रभाव को बढ़ाते हैं।
ज्योतिष में चंद्रमा ठंडा और पानी का कारक ग्रह है। वहीं, शनि को रूखा ग्रह कहा गया है। शुक्र को रस यानी विकसित ग्रह बताया गया है। इन तीनों के एक ही राशि में आ जाने से देश-दुनिया के मौसम और आर्थिक स्थिति में बड़े बदलाव होने की संभावना बनेगी।
डॉ. तिवारी का कहना है कि इन तीनों ग्रहों के प्रभाव से पूर्वोत्तर देशों में प्राकृतिक आपदाएं आने की आशंका रहेगी। अर्थव्यवस्था पर भी इन तीनों ग्रहों का असर पड़ेगा। जिससे ठंडे देशों यानी यूरोपियन देशों में अर्थव्यवस्था कमजोर हो सकती है। भारत में भी अर्थव्यवस्था गड़बड़ा सकती है। अचानक शेयर मार्केट गिरने की भी आशंका है।
पूरे देश में अचानक मौसम बदल सकता है। कई जगहों पर बारिश और कुछ जगह बर्फबारी हो सकती है। शनि का प्रभाव देश की राजनीति पर भी दिखेगा। जिसके चलते बड़े राजनीतिक बदलाव हो सकते हैं। लोग एक दूसरों पर आरोप लगाएंगे। बड़े राजनेता के निधन की खबर आ सकती है।
चंद्र, शुक्र और शनि की युति का 12 राशियों पर असर...
मेष: नौकरी और बिजनेस में फायदा मिलेगा। नई योजनाएं बनेंगी और उन पर काम भी होगा।
वृष: मानसिक तनाव और दौड़ भाग रहेगी। सेहत संबंधी परेशानी हो सकती है।
मिथुन: यात्राएं होंगी। मेहनत बढ़ेगी। दोस्तों और भाइयों से मदद मिल सकती है।
कर्क: फेफड़ों से जुड़ी परेशानी हो सकती है। धन हानि और सेविंग खत्म होने की आशंका रहेगी।
सिंह: डायजेशन गड़बड़ा सकता है। पेट दर्द भी हो सकता है। रोजमर्रा के कामों में रुकावटें आ सकती हैं।
कन्या: दुश्मनों पर जीत मिल सकती है। बिजनेस बढ़ेगा और नौकरी में पदोन्नति के योग हैं।
तुला: बिजनेस में फायदा मिल सकता है। संतान संबंधी चिंता भी रहेगी। नई योजनाओं पर काम होगा।
वृश्चिक: मानसिक तनाव बढ़ सकता है। धन हानि के योग हैं। माता की सेहत को लेकर चिंता रहेगी।
धनु: सोच-समझकर कोई भी काम करें। इमेज खराब हो सकती है। मेहनत का फायदा नहीं मिल पाएगा।
मकर: सुख बढ़ेगा। धन लाभ होने के योग हैं। शांति और समृद्धि वाला समय रहेगा।
कुंभ: मानसिक तनाव और अशांति बढ़ सकती है। सेहत संबंधी समस्या भी हो सकती है।
मीन: सेहत ठीक नहीं रहेगी। पानी से जुड़ी परेशानी हो सकती है। फालतू खर्चा बढ़ने की भी आशंका है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.