15 जून को सूर्य मिथुन राशि में प्रवेश कर गया है। जिससे पिछले एक महीने से बन रहा बुधादित्य योग खत्म हो जाएगा। लेकिन सूर्य अपने मित्र बुध की राशि में ही है। जो कि यहां 15 जुलाई तक रहेगा। सूर्य के राशि परिवर्तन से प्रशासनिक और बड़े मौसमी बदलाव होंगे। इस राशि परिवर्तन का असर देश-दुनिया के साथ ही सभी राशियों पर भी पड़ेगा।
ज्योतिर्विज्ञान में सूर्य को सभी ग्रहों का राजा माना जाता है। सूर्य के शुभ प्रभाव से सेहत संबंधी परेशानी दूर होती है। आत्मविश्वास बढ़ता है। सरकारी काम पूरे होते हैं। जॉब और बिजनेस में तरक्की के साथ बड़े लोगों और अधिकारियों से मदद मिलती है। इसके अशुभ असर के कारण नौकरी और बिजनेस में रुकावटें आती हैं। नुकसान और बड़े लोगों से विवाद होता है। आंखों से संबंधित परेशानी और सिरदर्द रहता है। कामकाज में विवाद और तनाव की स्थितियां बनती हैं।
कन्या और मकर समेत चार राशियों के लिए अच्छा समय
मेष, सिंह, कन्या और मकर राशि वाले लोगों के लिए समय अच्छा रहेगा। इन राशि वालों को किस्मत का साथ मिल सकता है। दुश्मनों पर जीत मिलने के योग बन बनेंगे। रुका हुआ पैसा मिल सकता है। सोचे हुए बड़े काम भी हो सकते हैं। प्रॉपर्टी और आर्थिक मामलों में फायदे वाला समय रहेगा। जॉब और बिजनेस में तरक्की मिल सकती है। सेहत के लिए भी समय अच्छा रहेगा।
मिथुन, तुला, धनु और कुंभ के लिए सामान्य समय
सूर्य के राशि बदलने पर मिथुन, तुला, धनु और कुंभ राशि वालों के लिए मिला-जुला समय रहेगा। इन 4 राशि वालों के काम तो पूरे होंगे, लेकिन मेहनत भी ज्यादा रहेगी। खर्चा और तनाव बढ़ सकता है। रोजमर्रा के कामों में विवाद के हालात बन सकते हैं। साथ ही धन लाभ भी हो सकता है। कई मामलों में सितारों का साथ मिल सकता है। सेहत संबंधी परेशानी भी हो सकती है।
वृश्चिक और मीन सहित चार राशियों को रहना होगा संभलकर
सूर्य के राशि परिवर्तन होने से वृष, कर्क, वृश्चिक और मीन वाले लोगों की जॉब और बिजनेस में मुश्किल समय हो सकता है। सूर्य के कारण विवाद और तनाव बढ़ सकता है। इन 5 राशि वालों को संभलकर रहना होगा। सूर्य के अशुभ प्रभाव से कामकाज में रुकावटें आ सकती हैं। विवाद होने की आशंका है। धन हानि और सेहत संबंधी परेशानियां भी हो सकती हैं। नए काम की शुरुआत करने से बचना होगा। कर्जा न लें। कामकाज में लापरवाही और जल्दबाजी करने से भी बचना चाहिए।
क्या करें अशुभ प्रभाव से बचने के लिए
सूर्य के अशुभ असर से बचने के लिए पीपल और मदार के पौधे में पानी डालना चाहिए। शुभ फल बढ़ाने के लिए सूर्योदय से पहले उठकर सूर्य को प्रणाम करें। तांबे के बर्तन से सूर्य को जल चढ़ाएं। जिन राशियों पर सूर्य का मिला-जुला असर पड़ेगा उन लोगों को पानी में लाल चंदन मिलाकर सूर्य को चढ़ाना चाहिए। सूर्य को लाल फूल चढ़ाएं। गुड़हल का फूल चढ़ाने से सूर्य संबंधी दोष खत्म हो जाते हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.