16 नवंबर को सूर्य वृश्चिक राशि में आ गया है। अब ये 17 दिसंबर तक इसी राशि में रहेगा। इससे देश की अर्थव्यवस्था और प्रशासनिक कामों में बदलाव होंगे। जिससे कुछ लोगों को नौकरी और बिजनेस में प्रमोशन मिलने के योग हैं। वहीं कुछ राशियों को आर्थिक फायदा मिल सकता है।
ज्योतिर्विज्ञान में सूर्य को सभी ग्रहों का राजा माना जाता है। सूर्य के शुभ असर से सेहत संबंधी परेशानी दूर होती है। आत्मविश्वास बढ़ता है। सरकारी काम पूरे हो जाते हैं। जॉब और बिजनेस में तरक्की मिलती है। बड़े लोगों और अधिकारियों से मदद मिलती है और सम्मान भी बढ़ता है। सूर्य के अशुभ असर के कारण नौकरी और बिजनेस में रुकावटें आती हैं। नुकसान भी होता है। बड़े लोगों से विवाद हो सकता है। आंखों से संबंधित परेशानी होती है। सिरदर्द भी होता है। कामकाज में रुकावटें आती हैं। विवाद और तनाव भी रहता है।
पुरी के ज्योतिषाचार्य डॉ. गणेश मिश्र के मुताबिक सूर्य के राशि बदलने से मिथुन, कन्या, मकर और कुंभ राशि वालों के लिए अच्छा समय शुरू हो जाएगा। इनके अलावा तुला, कर्क, वृश्चिक, मीन और वृष राशि वालों के लिए समय सामान्य रहेगा। वहीं, मेष, सिंह और धनु राशि के लोगों को संभलकर रहना होगा।
मिथुन, कन्या, मकर और कुंभ राशि के लिए शुभ
मिथुन, कन्या, मकर और कुंभ राशि वाले लोगों को किस्मत का साथ मिल सकता है। दुश्मनों पर जीत मिलने के योग बन बनेंगे। रुका हुआ पैसा मिल सकता है। सोचे हुए बड़े काम भी हो सकते हैं। प्रॉपर्टी और आर्थिक मामलों में फायदे वाला समय रहेगा। जॉब और बिजनेस में तरक्की मिल सकती है। सेहत के लिए भी समय अच्छा रहेगा।
मीन सहित 5 राशियों के लिए सामान्य समय
सूर्य के राशि बदलने पर तुला, कर्क, वृश्चिक, मीन और वृष राशि वालों के लिए मिला-जुला समय रहेगा। इन राशियों के लोगों के काम तो पूरे होंगे, लेकिन मेहनत भी ज्यादा रहेगी। खर्चा और तनाव बढ़ सकता है। रोजमर्रा के कामों में विवाद के हालात बन सकते हैं। साथ ही धन लाभ भी हो सकता है। कई मामलों में सितारों का साथ मिल सकता है। सेहत संबंधी परेशानी भी हो सकती है।
मेष, सिंह और धनु राशियों के लिए मुश्किल समय
सूर्य के राशि परिवर्तन होने से मेष, सिंह और धनु राशि वालों की जॉब और बिजनेस के लिए मुश्किल समय हो सकता है। विवाद और तनाव बढ़ सकता है। कामकाज में रुकावटें आ सकती हैं। विवाद होने की आशंका है। धन हानि और सेहत संबंधी परेशानियां भी हो सकती हैं। नए काम की शुरुआत करने से बचना होगा। कर्जा न लें। कामकाज में लापरवाही और जल्दबाजी करने से भी बचना चाहिए।
क्या करें अशुभ प्रभाव से बचने के लिए
सूर्य के अशुभ असर से बचने के लिए पीपल और मदार के पौधे में पानी डालना चाहिए। शुभ फल बढ़ाने के लिए सूर्योदय से पहले उठकर सूर्य को प्रणाम करें। तांबे के बर्तन से सूर्य को जल चढ़ाएं। जिन राशियों पर सूर्य का मिला-जुला असर पड़ेगा उन लोगों को पानी में लाल चंदन मिलाकर सूर्य को चढ़ाना चाहिए। सूर्य को लाल फूल चढ़ाएं। गुड़हल का फूल चढ़ाने से सूर्य संबंधी दोष खत्म हो जाते हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.