- Hindi News
- National
- Kathara News 5 People Injured 3 Referred In Two Bike Collision In Kathara
कथारा में दो बाइक की भिड़ंत में 5 लोग घायल, 3 रेफर किए गए
कथारा स्टाफ रिक्रिएशन क्लब एवं सीसीएल जीएम ऑफिस के बीच कथारा-जारंगडीह मुख्य मार्ग पर गुरुवार को दो बाइक के बीच भिड़ंत में पांच लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों एवं राहगीरों ने सभी घायलों को सीसीएल कथारा क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉ. बीके झा एवं डॉ. एसके सिंह ने घायलों का प्राथमिक उपचार कर गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार बेरमो चार नंबर खटाल निवासी नितेश यादव अपने साथी नीरज यादव एवं कृष्णा यादव के साथ बाइक से मवेशियों की दवा लेने गोमिया जा रहे थे। वहीं, नरकी गालोबार निवासी कैलाश रजक अपने पुत्र धनंजय रजक के साथ बाइक से जरीडीह बाजार अपनी दुकान का सामान लेने निकले थे। इसी बीच कथारा में दोनों बाइक असंतुलित होकर आपस में टकरा गईं। इस हादसे में सभी बाइक सवार घायल हो गए। डॉक्टरों के अनुसार नितेश यादव के जबड़े में गंभीर चोट पहुंची है, जिसे ढोरी के सीसीएल सेंट्रल अस्पताल में रेफर किया गया है। जबकि उसके दोनों साथियों को मामूली चोटें आई हैं। वहीं, कैलाश रजक और धनंजय रजक के सिर में चोट लगी है। पिता, पुत्र दोनों को बोकारो रेफर कर दिया गया है। इधर, घायलों की सहायता में श्रमिक नेता कामोद प्रसाद, राजीव पांडेय सहित बृजेश सिंह आदि लोग अस्पताल परिसर में लगे रहे।
अस्पताल में इलाजरत घायल युवक।