650 मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से कट गए
चास नगर निगम के वार्ड 35 के पत्थरकट्टा साइड के 537 मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब है। इसके लिए यहां के मतदाता आंदोलन की रणनीति बना रहे हैं। पिछले नगर निगम चुनाव में यहां के मतदाताओं ने वोट डाला था। अब अगर इस बार इन्हें नगर निगम में वोट डालने का मौका नहीं मिलेगा तो ये पंचायत चुनाव में मतदान करने से भी वंचित हो जाएंगे। झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष विश्वनाथ महतो ने जिला निर्वाचन सह उपायुक्त को इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया है कि वार्ड संख्या 35 के पत्थरकट्टा साइड के मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से गायब हो गए हैं। जबकि वर्ष 2015 के निगम चुनाव में गांव के सभी मतदाताओं का नाम वार्ड 35 के सांगजोरी भाग संख्या तीन में दर्ज था। परन्तु 2020 के नगर निगम निर्वाचन सूची में पूरे ग्रामीणों के लगभग 650 मतदाताओं के नाम सूची में नहीं हैं। जबकि इसी गांव के ग्रामवासी पिछले 2015 के निगम चुनाव में मेयर एवं पार्षद प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं। वहीं नगर निगम की ओर से इस गांव में पेयजलापूर्ति के लिए पाइप लाइन का भी कार्य किया गया है। साथ ही 20-25 प्रधानमंत्री आवास भी यहां बनाया गया है। उन्होंने डीसी से पत्थरकट्टा साइड के मतदाताओं के नाम वार्ड 35 में शामिल करने की मांग की हैं। साथ ही कहा है कि अगर ऐसा नहीं होता है तो ग्रामीण आंदोलन करेंगे।
गड़बड़ है वार्ड 34 के कई मतदाताओं के नाम
िवस्थापित बेरोजगार एकता पार्टी के अध्यक्ष ईश्वरलाल महतो ने एसडीओ को वार्ड संख्या 34 के दर्जनों मतदाताओं के नाम गड़बड़ होने की जानकारी दी है। इसके लिए विस्थापित बेरोजगार एकता पार्टी के सदस्यों की बैठक हुई। बैठक में सभी ने कहा गया कि यहां के दर्जनों मतदाताओं के नाम गड़बड़ है। इसके सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों से मिलने का निर्णय लिया गया। ताकि लोगों को मतदान करने में कोई परेशानी न हों। साथ ही इस वार्ड से वार्ड पार्षद के प्रत्याशी के रूप में ईश्वरलाल महतो को प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया गया।