बियाडा की फैक्ट्री से चोरी की 88 बैटरियां बरामद की गईं
बोकारो औद्योगिक क्षेत्र के फेज दो स्थित हिन्दुस्तान केमिकल फैक्ट्री से बालीडीह पुलिस ने मोबाइल टावर में उपयोग की जाने वाली चोरी की 88 पीस बैटरियां बरामद की है। साथ ही कंपनी के मालिक बालीडीह हाउसिंग कॉलोनी निवासी दलजीत सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। छापेमारी की जानकारी देते हुए बालीडीह थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शैलेश कुमार चौहान ने बताया कि पेटरवार थाना इलाके में एक मोबाइल टावर से बैट्री चोरी करते हुए दो चाेरों को वहां की पुलिस ने पकड़ा था। उन चाेरों ने बालीडीह की फैक्ट्री में बैटरी को बेचने की बात बताई थी। उसके बाद ही हिन्दुस्तान केमिकल फैक्ट्री में छापेमारी की गई। जहां पर बैटरी मिली, जो मोबाइल टावर में ही उपयोग हाेती थी। चाेरों ने बताया कि कई बार इसी फैक्ट्री में बैट्री बेची है। इधर जब उद्यमी से बरामद बैट्री के कागजात मांगे गए, तो वह उनके कागजात नहीं दिखा सका। बैट्री के साथ अल्युमीनियम के सात बंडल तार, 50 किलोग्राम बिजली के तार आदि भी मिले हैं। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान देखा गया कि फैक्ट्री में केमिकल बनाने का काम वर्षों से नहीं होता था। छापेमारी में प्रशिक्षु आरक्षी अवर निरीक्षक संदीप कृष्णा और अजय कुमार रहे।
फैक्ट्री मालिक के साथ पुलिस।
टावर से बैटरी चोरी करते तीन चोरों को रंगे हाथ पकड़ा
पेटरवार | उत्तासारा गांव में शुक्रवार देर रात एयरटेल के टावर से बैटरी चोरी करते तीन चोरों को पुलिस ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया। जबकि मौके से दो चोर फरार हो गए। पेटरवार पुलिस ने मौके से जरीडीह थाना क्षेत्र के जैनामोड़ मिश्रा साइड के राहुल मिश्रा, बिंटू मिश्रा एवं जैनामोड़ रजवार टोला के अजित रजवार उर्फ बासु को गिरफ्तार किया है। 22 बैट्री समेत चोरी में प्रयुक्त मारुति वैन को जब्त किया है। थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि उत्तासारा गांव के टावर गार्ड ने सूचना दी कि टावर की बैटरी चाेर चुरा रहे हैं। तो पुलिस पहुंची और चोरों को पकड़ा।