- Hindi News
- National
- Bokaro News Action Will Be Taken For Not Fulfilling 100 Responsibility Raviranjan
शत-प्रतिशत जिम्मेदारी न निभाने पर की जाएगी कार्रवाई : रविरंजन
जरीडीह प्रखंड मुख्यालय के समीप स्थित समुदायिक भवन में बुधवार को प्रखंडस्तरीय सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बोकारो के उप विकास आयुक्त रवि रंजन मिश्रा ने की। प्रारंभ में बीडीओ शशिभूषण वर्मा ने गायछंदा पंचायत में लगे दरबार में आईं विभिन्न जनसमस्याओं पर विभागीय स्तर से शुरू की गयी कार्रवाई और उनके निष्पादन को लेकर प्रकाश डाला। डीडीसी मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार अपनी प्रक्रियाओं एवं शर्तो के आलोक में जरूरमंदों को आवश्यक सरकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए संकल्पित है। वैसे बेघरों को प्रधानमंत्री आवास भी आवंटित किए जा रहे हैं, जिनका एसएससी डाटा में अंकित है। उप विकास आयुक्त ने पदाधिकारियों जनप्रतिनिधियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी काम में किसी की लापरवाही या मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वे जिस पद पर हैं, उसका शत-प्रतिशत निर्वहन करें, अन्यथा वैसे सरकारी अधिकारी या कर्मियों के खिलाफ हर हाल में कार्रवाई होगी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की ओर से बांधडीह दक्षिणी के मुखिया हाकिम कुमार महतो ने दो गंभीर मामले उठाए। एक मामला जैनामोड़ विद्युत सबस्टेशन की ओर से मात्र 2 घंटे ही विद्युत आपूर्ति बहाल किए जाने का रहा। इसे उठाने पर विभागीय सहायक अभियंता जगदेव महतो ने यह दलील दी कि डीवीसी मात्र 6 घंटा ही विद्युत आपूर्ति दे रही है तो जैनामोड़ विद्युत सब स्टेशन क्या कर सकता है? मुखिया ने दूसरे मामले में अपनी पंचायत की किसी भी विकास योजना के काम में स्थानीय पंचायत समिति सदस्य एवं वार्ड सदस्य पर क्रमश: 5 एवं 10 प्रतिशत बतौर कमीशन मांगने का आरोप लगाया। इस पर जब डीडीसी ने जवाब तलब किया तो पंचायत समिति सदस्य ने मुखिया के आरोप को निराधार एवं साजिश करार दिया। कार्यक्रम में राजस्व, श्रम नियोजन, शिक्षा, बाल विकास व विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनता दरबार में बोलते डीडीसी रविरंजन मिश्र।