- Hindi News
- National
- Bokaro News Ban On Biometrics Attendance In Rourkela And Isco But Not In Bsl
राउरकेला और इस्को में बॉयोमीट्रिक्स अटेंडेंस पर रोक, पर बीएसएल में नहीं
कोरोना का खौफ पूरे देश में देखा जा रहा है। बुधवार को झारखण्ड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग के आदेश के बाद कर्मियों के बॉयोमीट्रिक्स पर अटेंडेंस बनाने पर अस्थाई तौर पर रोक लगा दी गई है। यही नहीं मंगलवार को राउरकेला स्टील प्लांट और बुधवार को इस्को स्टील प्लांट में बॉयोमीट्रिक्स अटेंडेंस पर रोक लगा दी गई है, लेकिन बोकारो स्टील प्लांट में बॉयोमीट्रिक्स से अटेंडेंस पर पूरी तरह रोक नहीं लगी है। सोशल मीडिया पर बोकारो स्टील प्लांट के कर्मचारियों के बीच इस बात को लेकर चर्चा छिड़ी हुई है। चर्चा के अनुसार यूनियनों की मांग है कि कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए बॉयोमीट्रिक्स सिस्टम से अटेंडेंस बनाने के काम को निलंबित किया जाए। इस पर फैसला लेते हुए राउरकेला और इस्को स्टील प्लांट में बॉयोमीट्रिक्स से अटेंडेंस पर रोक लगा दी है, यहां कार्ड दिखाकर हाजिरी बनाने की इजाजत दी गई है, लेकिन बोकारो स्टील प्लांट में इस पर अभी तक किसी प्रकार की रोक नहीं लगाई गई है। बताया जाता है कि बोकारो स्टील प्लांट के अंदर काम करने वाले मैन शॉप्स सहित कई विभाग के कर्मचारियों का रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ है, जिसके कारण यहां के कर्मचारी पहले से ही बॉयोमीट्रिक्स में अटेंडेंस नहीं बनाते हैं। उनकी मांग है, पहले वेज रिवीजन तब बॉयोमीट्रिक्स अटेंडेंस। जबकि प्लांट के अंदर के अधिकारी बॉयोमीट्रिक्स से अटेंडेंस बनाते हैं। वहीं प्लांट के बाहर काम करने वाले कर्मचारी और अधिकारी दोनों ही बॉयोमीट्रिक्स अटेंडेंस बना रहे हैं, इनमें कोई बदलाव नहीं किया गया है। सेल कर्मियों के बीच चर्चा है कि चीन से शुरू हुए कोरोना वायरस का संक्रमण दुनिया के दूसरे देशों के साथ-साथ भारत में भी पांव पसारना शुरू कर चुका है। इस वायरस से संबंधित सार्वजनिक हुए तथ्यों के मुताबिक इलाज से संबंधित कोई खास खोज नहीं हो पाई है। ऐसी स्थिति में इस वायरस को फैलने से रोकने के लिए किए जा रहे उपाय ही ज्यादा अहम हैं। इस रोग से बचाव के लिए दिल्ली में राज्य सरकार ने और सुप्रीम कोर्ट ने भी अपने कर्मचारियों के बॉयोमीट्रिक्स उपस्थिति प्रणाली को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कर्मचारियों का कहना है कि देश और प्रदेश के छोटे-बड़े संस्थानों ने कोरोना वायरस जैसे संवेदनशील मामले में पहल करते हुए बॉयोमीट्रिक्स अटेंडेंस सिस्टम को फिलहाल बंद कर दिया है। वहीं बोकारो इस्पात संयंत्र में अभी भी इस प्रणाली से हाजिरी ली जा रही है। इस तरह के संजीदा मामले में प्रबंधन फैसला लेने में देरी कर रहा है।
सोशल मीडिया पर कुछ कर्मचारियों का मानना है कि बोकारो स्टील प्लांट में बायोमैट्रिक से अटेंडेंस बनता रहेगा। कोरोना के प्रकोप को देखते हुए मैनेजमेंट ने कुछ यूनिट में नया रास्ता निकाला है। बायोमीट्रिक मशीन के पास टिशु पेपर और हैंड सिनेटाइजर रखा गया है। सेल कर्मी बॉयोमीट्रिक्स से अटेंडेंस बनाने से पहले सिनेटाइजर से हाथ साफ करेंगे। इससे कोरोना वायरस को रोका जा सकता है।
बीएसएल में बॉयोमेट्रिक के पास रखा सैनिटाइजर।।