बेरमो विधायक ने सदन में स्वास्थ्य और शिक्षा का मामला उठाया
बेरमो विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह ने झारखंड विधानसभा सत्र में स्वास्थ्य एवं शिक्षा विषयों पर अपनी बातों को रखते हुए विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो का ध्यानाकर्षण कर उन्हें अवगत कराया। उन्होंने कहा कि बेरमो प्रखंड के बोकारो थर्मल फेज-2 में 30 बेड, सीएचसी अस्पताल गांधीनगर रांची धौड़ा जरीडीह बाजार, बिरसानगर अमलो पीएचसी अस्पताल तथा ढोरी स्टाफ क्वार्टर मैदान के समीप बने एएनएम स्कूल छात्रावास, जरीडीह प्रखंड के गांगजोरी, बीरसाड़म, तांतरी अस्पताल तथा जैनामोड़ के समीप एएनएम स्कूल छात्रावास, पेटरवार प्रखंड के पिछरी, चलकरी, अंगवाली व चांदो अस्पताल, चंद्रपुरा प्रखंड के सिजुआ व एलारगो, नवाडीह का अस्पताल आदि सभी का भवन पूर्ण एवं हस्तगत है। उन्होंने राज्य सरकार से अस्पतालों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता कराते हुए आवश्यकतानुसार चिकित्सक एवं चिकित्सा कर्मियों की पदस्थापना करने एवं संचालित करने की कार्रवाई करेगी करने की मांग की है। इसके अलावा अभियंत्रण महाविद्यालय स्थापना का मामला भी उठाते हुए सदन में विधायक सिंह ने कहा कि बोकारो जिले के पेटरवार प्रखंड के पिछरी में 2 मार्च 14 को अभियंत्रण महाविद्यालय का शिलान्यास राज्य मंत्रिमंडल के निर्णय के पश्चात तत्कालीन मुख्यमंत्री की ओर से किया गया था। लेकिन, पिछली सरकार ने कैबिनेट के निर्णय को दरकिनार करते हुए अभियंत्रण महाविद्यालय को अन्यत्र स्थानांतरित कर दिया था। उन्होंने उसी स्थल पर ही अभियंत्रण महाविद्यालय खोलने की मांग की।