अप्रैल से खेल अकादमी शुरू करेगी सीसीएल: जीएम
सीसीएल बीएंडके प्रक्षेत्र के जीएम एमके राव ने बताया कि प्रक्षेत्र सीएसआर से अप्रैल माह से कायाकल्प खेल अकादमी शुरू की जाएगी। बताया कि इस अकादमी के माध्यम से फिलहाल 8-12 वर्ष के 35-35 बच्चों को चयनित कर फुटबॉल और क्रिकेट का निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। कहा कि बोकारो जिले के जो बच्चे फुटबॉल और क्रिकेट में रुचि रखते हैं, वे 2-4 अप्रैल तक करगली फुटबॉल मैदान में अपने आधार कार्ड के साथ पहुंच कर चयन प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। जीएम राव ने बताया कि चयनित 35-35 खिलाड़ियों को प्रतिदिन शाम 3-6 बजे तक सीसीएल के ही प्रतिभावान खिलाड़ी प्रशिक्षित करेंगे। उसके बाद सभी बच्चों को पौष्टिक अल्पाहार देकर छोड़ दिया जाएगा। बच्चों को प्रशिक्षण के लिए प्रशिक्षण केंद्र तक आने-जाने का व्यवस्था अभिभावक या बच्चे खुद करेंगे। प्रशिक्षण के दौरान जिला या राज्यस्तरीय किसी तरह का फुटबॉल या क्रिकेट में प्रतियोगिता आयोजित होती है, तो प्रतिभावान खिलाड़ियों को भाग लेने के लिए सीसीएल प्रेरित कर आने-जाने का सुविधा मुहैया कराएगी। राव ने कहा कि सीसीएल के इस महत्वाकांक्षी योजना का बच्चे लाभ लेकर खेल के माध्यम से देश का नाम रोशन करें। कहा कि सीसीएल बीएंडके प्रक्षेत्र जिले सहित आसपास के बच्चों को खेल के क्षेत्र में भरपूर सहयोग करेगा। मौके पर प्रक्षेत्र के एस ओसीपी प्रतुल कुमार, एसओ एलएंडआर एसपी षाड़ंगी आदि मौजूद रहे।